कांग्रेस के पूर्व विधायक अश्विन जोशी ‘आप’ के संपर्क में!, टिकट पर कांग्रेस हाईकमान का रुख स्पष्ट नहीं; आप प्रदेशाध्यक्ष बोलीं- बातचीत चल रही

कांग्रेस के पूर्व विधायक अश्विन जोशी ‘आप’ के संपर्क में!:टिकट पर कांग्रेस हाईकमान का रुख स्पष्ट नहीं; आप प्रदेशाध्यक्ष बोलीं- बातचीत चल रही

मालवा-निमाड़ में भाजपा को एक के बाद एक झटके देने वाली कांग्रेस को यह खबर परेशान कर सकती हैं। इंदौर के सीनियर कांग्रेस नेता और तीन बार के विधायक रहे अश्विन जोशी आम आदमी पार्टी के संपर्क में हैं। यह दावा पार्टी की प्रदेशाध्यक्ष और सिंगरौली मेयर रानी अग्रवाल ने खुद किया है। एक सवाल के जवाब में अग्रवाल ने कहा कि पार्टी में आने का सिलसिला जारी है। अश्विन जोशी से बातचीत चल रही है।

जब इस मामले में इंदौर तीन के पूर्व विधायक अश्विन जोशी से पूछा गया तो वे बोले- आज त्योहार का दिन है, जो भी खुलासा करना है, वह कल करेंगे। ध्यान रहे कि अश्विन जोशी पूर्व मंत्री महेश जोशी के भतीजे हैं और दिग्विजय सिंह के करीबी माने जाते हैं। तीन बार जीतने के बाद वे लगातार दो चुनाव हार चुके हैं। इस कारण उनके टिकट पर अभी पार्टी का रुख स्पष्ट नहीं है। उनकी विधानसभा सीट से उनके भाई दीपक जोशी उर्फ पिंटू भी दावेदार हैं। पिंटू महेश जोशी के बेटे हैं।

सूत्रों के अनुसार जोशी को ‘आप’ में शामिल कराने के लिए उनकी प्रदेशाध्यक्ष और दिल्ली के कुछ नेता इंदौर में 10 दिन पहले आकर उनसे मुलाकात और बातचीत कर चुके हैं। पंजाब से ‘आप’ के एक विधायक भी जोशी से लगातार संपर्क में बताए जा रहे हैं। हालांकि, जोशी खुलकर कुछ भी कहने से इनकार कर रहे हैं, उनके समर्थक भी इस पर चुप्पी साधे हुए हैं। ऐसे में सोशल मीडिया पर उनका नाम लिए बगैर वायरल हो रहे मैसेज और जोशी की इस पर चुप्पी ने कई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *