MP में कांग्रेस के थीम सॉन्ग पर विवाद:BJP ने कहा- इसे पाकिस्तान से चुराया; कांग्रेस ने यही आरोप राजस्थान BJP पर लगाया

MP में कांग्रेस के थीम सॉन्ग पर विवाद:BJP ने कहा- इसे पाकिस्तान से चुराया; कांग्रेस ने यही आरोप राजस्थान BJP पर लगाया

मध्य प्रदेश में कांग्रेस कल यानी मंगलवार से जन आक्रोश यात्रा निकालने वाली है, लेकिन इससे पहले ही यात्रा के थीम सॉन्ग को लेकर विवाद हो गया है। बीजेपी ने कांग्रेस के ‘चलो चलो, कांग्रेस के संग चलो’ सॉन्ग को लेकर सवाल खड़े किए हैं। आरोप लगाया है कि कांग्रेस ने पाकिस्तान की इमरान खान की पार्टी ‘पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ’ (PTI) का थीम सॉन्ग चुराया है।

पलटवार में कांग्रेस ने कहा- हमारे प्रचार अभियान के सिर्फ एक गीत से ही भाजपा बौखला गई है। कांग्रेस ने कहा है कि राजस्थान में भी ऐसा ही गाना आपके प्रचार अभियान का हिस्सा रहा है, वे किस गंदे चेहरे से कांग्रेस पर आरोप लगा रहे हैं?

मध्य प्रदेश कांग्रेस ने दो दिन पहले ही जन आक्रोश यात्रा का थीम सॉन्ग लॉन्च किया है। इसे लेकर सोमवार को गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा, ‘दिग्विजय सिंह को पाकिस्तान से इतना प्रेम है कि यात्रा का थीम सॉन्ग चलो-चलो भी उन्होंने वहीं से ले लिया। ‘चचाजान पाकिस्तान से चुरा लाए थीम सॉन्ग’।

‘चलो चलो…’ के बहाने पूर्व की कांग्रेस सरकार पर तंज
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने गाने में इस्तेमाल किए गए ‘चलो-चलो’ शब्द को लेकर 2018 में बनी कांग्रेस की सरकार पर भी तंज कसा। कहा- इस चलो-चलो में उनके विधायक चले गए। चली गई उनकी सरकार। इस बार भी इनका जाने का समय आ गया है।

कांग्रेस ने शेयर किया राजस्थान बीजेपी का थीम सॉन्ग
पीसीसी चीफ कमलनाथ के मीडिया सलाहकार पीयूष बबेले ने भाजपा को जवाब दिया। उन्होंने राजस्थान भाजपा का थीम सॉन्ग शेयर किया। इस सॉन्ग में भी चलो-चलो… का उपयोग किया गया है। पीयूष बबेले ने सोशल मीडिया पर लिखा- ‘भाजपा का एक ही मंत्र है चोरी और सीनाजोरी। पाकिस्तान के इमरान खान का गाना हरियाणा की भाजपा सरकार के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कॉपी किया है। डॉ. नरोत्तम मिश्रा फिल्म विशेषज्ञ हैं। दोनों गाने सुनो और बताओ इतनी पाकिस्तान परस्ती कहां से लाते हो।’

केके मिश्रा बोले- कांग्रेस के एक गीत से भाजपा बौखलाई
कांग्रेस मीडिया प्रमुख केके मिश्रा ने कहा- कांग्रेस के प्रचार अभियान के मात्र एक गीत से भाजपाई बौखला गए हैं। वे पाकिस्तान की बात कर रहे हैं, जिनके मुखिया अपने शपथ समारोह में पाक PM को आमंत्रित करते हैं। बिन बुलाए बिरयानी खाने जाते हैं। जिन्ना की मजार पर फूल पेश करते हैं। पाक के नाम का दुरुपयोग कर चुनावी लाभ के लिए हमारे सैनिकों की शहीदी करवाते हैं। डीआरडीओ में पदस्थ भाजपाई पदाधिकारी पाक खुफिया एजेंसी आईएसआई की तरफ से जासूसी करते हुए गिरफ्तार होते हैं।

उन्होंने कहा, हैदराबाद में जिनके विधायक खुद पाकिस्तान की नकल पर अपना प्रचार गाना सार्वजनिक करते हैं। वे किस गंदे चेहरे से कांग्रेस पर आरोप लगा रहे हैं? जल्दबाजी में कुछ कहने के पहले भाजपा वालों को अपनी पार्टी और नेताओं का चरित्र देख लेना चाहिए। गर्म-गर्म पीने से अपनी ही ज़ुबान जला लेना इन पाखंडियों की आदत में शुमार है।

नरोत्तम छपास की बीमारी से पीड़ित: सुरजेवाला

नरोत्तम मिश्रा के आरोपों पर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि वे लड़कियों के कपड़े, हीरोइन की ड्रेस, फिल्मों के गाने देखते हैं, क्योंकि, वह कानून व्यवस्था देखते नहीं हैं। वह सुर्खियों में रहने के लिए ऐसा करते हैं, वह छपास की बीमारी से पीड़ित हैं। सुरजेवाला ने कहा- शिवराज जी, अभी तो फिल्म का ट्रेलर आया, फिल्म शुरू होनी है। जो मध्य प्रदेश के लोग दिखाएंगे। गाने से ही डर गए, क्योंकि इन्हें भारतीय परंपरा कुर्बानियों की जानकारी नहीं है।

भाजपा के मीडिया प्रभारी भी आए मैदान में
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया पर लिखा- जो आतंकवादियों को जी लगाते हो, तारीफ के कसीदे पढ़ते हो, जिनका जिन्ना प्रेम छलकता हो, उनसे और उम्मीद भी क्या की जा सकती है? देखिए, कांग्रेस का पाकिस्तान प्रेम एमपी में चुराया पीटीआई थीम सॉन्ग…।

आखिर में जानिए कांग्रेस, बीजेपी और इमरान की पार्टी के थीम सॉन्ग की शुरुआती दो लाइनें क्या हैं

  • MP में कांग्रेस का थीम सॉन्ग: चलो चलो चलो चलो चलो चलो चलो… कांग्रेस के संग चलो चलो चलो…
  • राजस्थान में BJP का थीम सॉन्ग: चालो चालो चालो, बीजेपी वालो राज लावा…आपा राजस्थान में भाजपा सरकार लावा…
  • इमरान खान की पार्टी का थीम सॉन्ग: चलो चलो इमरान के साथ…साफ चली शफाक चली तहरीके इंसाफ चली…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *