समाचार
आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति को जनजागरण से ही सर्वमान्य बनाया जा सकता है – विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम
सुशासन दिवस पर आयोजित आयुष मेला का विधानसभा अध्यक्ष ने किया शुभारंभ
रीवा 25 दिसम्बर 2022. सुशासन दिवस के उपलक्ष्य में शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं आयुष विभाग के तत्वाधान में आयुष मेला आयोजित किया गया। स्थानीय पद्मधर पार्क में आयोजित एक दिवसीय मेले का प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम ने शुभारंभ किया।
इस अवसर पर अपने उद्बोधन में विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि आयुर्वेद चिकित्सा को जनजागरण से ही सर्वमान्य बनाया जा सकता है। यह चिकित्सा प्रद्धति हमारी सबसे प्राचीन चिकित्सा पद्धति है जो देश की सबसे मजबूत चिकित्सा पद्धति थी। हमारी विद्या के स्वकेन्द्रित होने से यह पद्धति विलुप्त हो रही है और हमें इस पर विश्वास नहीं रहा अत: जरूरत इस बात की है कि लोगों को जागरूक किया जाय और वह इसका महत्व समझें और इस पर विश्वास करें। उन्होंने कहा कि अमरकंटक व चित्रकूट क्षेत्र में महत्वपूर्ण औषधीय पौधे हैं। उनके संरक्षण के साथ हमें अपने आसपास के उपयोगी अमृत रूपी औषधीय पौधों को बचाना होगा क्योंकि इनसे ही आयुर्वेद को बचाया जा सकता है। श्री गौतम ने आयुर्वेद चिकित्सकों से अपेक्षा की कि अपनी विधा का महत्व समझे, लोगों में विश्वास पैदा करें और अपने अनुभव को जनभाषा में आगे बढ़ाये। उन्होंने कहा कि इस चिकित्सा पद्धति में एक्शन होता है रियेक्शन नहीं। इससे बेहतर कोई चिकित्सा पद्धति नहीं हो सकती।
इससे पूर्व आयुर्वेद महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दीपक कुलश्रेष्ठ ने स्वागत उद्बोधन देते हुए बताया कि आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार के लिये सुशासन दिवस का चयन किया गया। जनसेवा आरोग्य सेवा के उद्देश्य से यह आयुष मेला आयोजित किया गया है। जिसके माध्यम से लोगों को इस चिकित्सा पद्धति के लिये जागरूक करते हुए चिकित्सकों द्वारा उपचार भी किया जायेगा।
उल्लेखनीय है कि एक दिवसीय आयुष मेले में आयुर्वेद, होम्योपैथी, यूनानी चिकित्सा पद्धतियों की विशेषताओं को प्रदर्शित किया गया। मेले में लगाये गये स्टालों में विभिन्न रोगों का इलाज भी चिकित्सकों द्वारा किया गया। योग एवं प्राणायाम का भी प्रत्यक्षीकरण किया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह, जिला आयुष अधिकारी डॉ. शारदा मिश्रा, एसडीएम हुजूर अनुराग तिवारी, तहसीलदार आरपी त्रिपाठी, श्री रामनरेश तिवारी निष्ठुर, श्री पुष्पेन्द्र गौतम सहित चिकित्सक तथा स्थानीय जन उपस्थित रहे।
सुशासन दिवस पर विधानसभा अध्यक्ष ने छात्रावास के विद्यार्थियों को फल एवं वस्त्र वितरित किये
रीवा 25 दिसम्बर 2022. भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. पं. अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिवस 25 दिसंबर को सुशासन दिवस के तौर पर मनाया जाता है। प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम ने इस अवसर पर देवतालाब के अनुसूचित जाति बालिक/बालिका छात्रावास में विद्यार्थियों से सौजन्य भेंट करते हुए फल, वस्त्र एवं कंबल वितरित किये। श्री गौतम ने छात्रों को सुशासन के संबंध में जानकारी देते हुए पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी की जीवनी पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रावास में पानी की समस्या को दूर करने हेतु मोटर लगवाने सहित छात्रावास में अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये। श्री गौतम ने छात्र-छात्राओं को लगन एवं मेहनत से शिक्षा ग्रहण करने की समझाइश हेते हुए उनके सुखद एवं उज्जवल भविष्य की कामना की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणजनों के आवेदन पत्रों पर सुनवाई करते हुए अधिकारियों को उचित निराकरण हेतु निर्देशित किया। इस अवसर पर शिवपूजन शुक्ला, सुरेन्द्र सिंह चंदेल, मन्नू लाल गुप्ता, अखिलेश सिंह, अधीक्षिका आरती साकेत, पुष्पेन्द्र गौतम सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जन छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
विधानसभा अध्यक्ष ने रवीन्द्रनाथ दुबे की माता जी के दुखद निधन पर शोक प्रकट किया
रीवा 25 दिसम्बर 2022. विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम ने मध्यप्रदेश विधानसभा के अनुभाग अधिकारी रवीन्द्रनाथ दुबे की माता जी के दुखद निधन पर शोक प्रकट किया। श्री गौतम ने दुवगवां पहुंचकर रवीन्द्रनाथ दुबे के आवास में उनकी माता जी के चित्र पर श्रृद्धासुमन अर्पित कर श्रृद्धांजलि दी तथा शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढ़ाढस बंधाया। इस दौरान रवीन्द्रनाथ दुबे के पिता श्री रामलखन दुबे तथा अग्रज विनीत कुमार दुबे सहित परिजन उपस्थित रहे।
अनुसूचित जाति-जनजाति के युवाओं को नि:शुल्क प्रशिक्षण का अवसर
रीवा 25 दिसम्बर 2022. अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों के लिए नि:शुल्क प्रशिक्षण का अवसर दिया जा रहा है। इसके लिए प्रशिक्षण एक जनवरी 2023 से आरंभ होगा। अनुसूचित जाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित शासकीय ज्ञानोदय विद्यालय रीवा में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें पात्र युवाओं को बैंकिंग, रेलवे, संयुक्त चयन परीक्षा, बीमा तथा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित होने वाली परीक्षाओं का नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस संबंध में ज्ञानोदय विद्यालय तथा परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केन्द्र के प्राचार्य बीके शुक्ला ने बताया कि प्रशिक्षण अनुसूचित जाति तथा अनुसूचित जनजाति के मध्यप्रदेश के मूल निवासी युवाओं के लिए है। इसमें 18 से 35 आयु वर्ग के युवा शामिल हो सकते हैं। उसके परिवार की वार्षिक आय 6 लाख रुपए से अधिक नहीं होनी चाहिए। नि:शुल्क प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए आवेदक को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निर्धारित न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता रखना आवश्यक है। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता परीक्षा में 55 प्रतिशत अथवा उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले युवा के ही आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। प्रशिक्षण के लिए चयन होने पर आवेदक पांच सौ रुपए के कॉशन मनी जमा कराकर अनुबंध के अनुसार प्रवेश दिया जाएगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा होने पर कॉशन मनी की राशि आवेदक को वापस की जाएगी। इसके लिए पात्र युवा 26 दिसम्बर 2022 तक निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर सकते हैं। इस संबंध में अन्य विवरण प्राप्त करने के लिए कार्यालयीन समय में टेलीफोन नम्बर 07662-299221 पर संपर्क किया जा सकता है।
कलेक्टर आज करेंगे टीएल पत्रों की समीक्षा
रीवा 25 दिसम्बर 2022. कलेक्ट्रेट सभागार में 26 दिसंबर को प्रात: 11 बजे से आयोजित बैठक में कलेक्टर मनोज पुष्प टीएल पत्रों के निराकरण की समीक्षा करेंगे। बैठक में सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण समीक्षा की जायेगी। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिये ह
युवती के साथ बेरहमी से मारपीट करने वाले आरोपी का अवैध निर्माण गिराया गया
रीवा 25 दिसम्बर 2022. मऊगंज थाना क्षेत्र में गत दिनों युवती के साथ बेरहमी से मारपीट करने का वीडियो वायरल हुआ था। जिला प्रशासन ने तत्काल इस पर संज्ञान लेते हुए कार्यवाही की। आरोपी पंकज त्रिपाठी पिता कन्हैयालाल त्रिपाठी निवासी कूड़ी का अवैध निर्माण बुलडोजर द्वारा गिरा दिया गया। मारपीट करने वाले आरोपी के अवैध निर्माण को मऊगंज एसडीएम ए.पी. द्विवेदी, एसडीओपी नवीन दुबे, तहसीलदार रत्नराशि पाण्डेय सहित पुलिस बल की उपस्थिति में गिराया गया। पुलिस द्वारा आरोपी के विरूद्ध कार्यवाही भी की जा रही है।