भोपाल. मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। मप्र के वरिष्ठ आईएएस संजय दुबे की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई है। प्रमुख सचिव, ऊर्जा संजय दुबे की कोरोना रिपोर्ट शनिवारको पॉजीटिव आई थी। आज उनकी पत्नी और बेटे की रिपोर्ट भी पॉजीटिव आई है।
मंत्री भी हुए क्वारंटाइन
मध्य प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री महेंद्र सिंह सिसौदिया ने खुद को क्वारंटाइन कर लिया है। उन्होंने ट्वीट कर जानकारी दी कि मेरे परिवार के सदस्य की कोविड-19 रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिसके चलते मैं स्वयं क्वारंटाइन हो गया हूं। मेरे संपर्क में जो लोग भी आए हों, कृपया सुरक्षा की दृष्टि से अपनी जांच करा लें। मैं अगले सप्ताह तक अपने सभी कार्यक्रम निरस्त करता हूं। बता दें कि उनके परिवार के लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
एक्टिव केस बढ़े
संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच प्रदेश में एक्टिव केसों की संख्या में भी वृद्धि हो रही है। प्रदेश में एक्टिव केसों की संख्या 10 हजार के करीब पहुंच गई है। प्रदेश में अभी संक्रमितों की संख्या 9986 है। जबकि कुल संक्रमितों की संख्या 44433 हो गई है। वहीं प्रदेश में मौतों का आंकड़ा भी लगातार बढ़ रहा है। बीते 24 घंटों में प्रदेश में 13 लोगों की मौत हुई है जिसके बाद मौतों का आकड़ा बढ़कर 1094 हो गया है।
948 मरीज डिस्चार्च
बीते 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 948 संक्रमितों की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें डिस्चार्च किया गया है। प्रदेश में अब तक 33353 लोग स्वस्थ्य होकर अपने घर लौट चुके हैं। वहीं, राज्य में कुल एक्टिव केंटेनमेंट की संख्या भी बढ़कर 3474 हो गई है।