संभागीय जनसंपर्क कार्यालय रीवा
समाचार
जिले में गोदाम खरीदी केन्द्रों में हो रहा धान उपार्जन
रीवा 02 दिसम्बर 2022.धान उपार्जन के लिए समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति ने जिले में गोदाम स्तरीय खरीदी केन्द्र बनाने के निर्देश दिए थे। इसके परिपालन में खाद्य विभाग तथा नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा 8 गोदाम स्तरीय खरीदी केन्द्र बनाकर धान का समर्थन मूल्य पर उपार्जन किया जा रहा है तथा 14 स्थानों पर गोदाम स्तरीय खरीदी केन्द्र प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें उपार्जन के लिए सभी व्यवस्थाएं कर ली गई हैं। शासन से अनुमति प्राप्त होते ही खरीदी प्रारंभ हो जाएगी। इस संबंध में कलेक्टर मनोज पुष्प ने बताया कि जिले में वर्तमान में महसावं गुढ़ में रविशंकर चौरसिया वेयरहाउस तथा भैरव बाबा वेयरहाउस एवं डभौरा में डभौरा वेयरहाउस में खरीदी केन्द्र बनाया गया है। चाकघाट में कृषि उपज मण्डी, ग्राम लाद में त्रिवेदी वेयरहाउस, मऊगंज में विंध्या वेयरहाउस तथा मनगवां में सुदर्शन वेयरहाउस एवं कैप्टन वेयरहाउस में धान खरीदी केन्द्र बनाए गए हैं। इनमें समर्थन मूल्य पर धान का उपार्जन किया जा रहा है।
कलेक्टर ने बताया कि रायपुर कर्चुलियान में हीरा वेयरहाउस महसुआ, ललित वेयरहाउस मनगवां, शुक्ला वेयरहाउस उमरी, महेश वेयरहाउस भेड़रहा एवं कामता वेयरहाउस ग्राम सिसवा में खरीदी केन्द्र प्रस्तावित किए गए हैं। इसी तरह सेमरिया तहसील में शुभम वेयरहाउस खपटिहा, हनुमना में राधेश्याम वेयरहाउस तथा तहसील हुजूर में लक्ष्मी एग्रो सर्विसेज धौचट एवं जॉन वेयरहाउस बेला में खरीदी केन्द्र प्रस्तावित किए गए हैं। हुजूर तहसील में ही मंदाकिनी वेयरहाउस बिहरा, कछवाह वेयरहाउस बहुरीबांध, श्री बृजनंदन वेयरहाउस दादर, गौरी वेयरहाउस तथा ओम सांई वेयर हाउस बांसा में भी खरीदी केन्द्र प्रस्तावित किया गया है। इनमें सहकारी समितियों के माध्यम से धान का उपार्जन किया जाएगा। संबंधित समिति प्रबंधक गोदाम स्तर पर खरीदी केन्द्र के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
जिले में 183 स्थानों में बनेंगे उचित मूल्य दुकान सह गोदाम
रीवा 02 दिसम्बर 2022. जिले में 740 उचित मूल्य दुकानों में खाद्यान्न की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 183 स्थानों में उचित मूल्य दुकान सह गोदाम निर्माण को मंजूरी दी गई है। इनका निर्माण मध्यप्रदेश वेयरहाउस लॉजिस्टिक कार्पोरेशन द्वारा किया जाएगा। प्रत्येक उचित मूल्य दुकान के निर्माण के लिए चार से पांच हजार फुट जमीन की आवश्यकता होगी।
इस संबंध में कलेक्टर मनोज पुष्प ने बताया कि जनपद पंचायत गंगेव में 12, त्योंथर में 25, नईगढ़ी में 19, मऊगंज में 25, रायपुर कर्चुलियान में 13, रीवा में 34, सिरमौर में 29 तथा हनुमना में 26 स्थानों में उचित मूल्य दुकान सह गोदाम बनाए जाएंगे। सभी एसडीएम इसके निर्माण के लिए उपयुक्त स्थल पर चार हजार से पांच हजार वर्ग फुट जमीन चिन्हित कर खाद्य विभाग को तत्काल उपलब्ध कराएं जिससे दुकान सह गोदाम का निर्माण शुरू किया जा सके। इसके निर्माण के लिए 13 लाख 50 हजार रुपए की राशि मंजूर की गई है। इसके निर्माण से उचित मूल्य दुकानों के लिए आवंटित खाद्यान्न के सुरक्षित भण्डारण तथा वितरण में सहूलियत होगी।
मोटे अनाज के लिए दो खरीदी केन्द्र निर्धारित
रीवा 02 दिसम्बर 2022. शासन द्वारा ज्वार एवं बाजरा का भी समर्थन मूल्य पर उपार्जन किया जा रहा है। ज्वार के लिए 2970 रुपए प्रति क्विंटल तथा बाजरा के लिए 2350 रुपए प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य घोषित किया गया है। इनकी खरीदी के लिए जिले में दो गोदाम स्तरीय खरीदी केन्द्र बनाए गए हैं। इनमें सहकारी समितियों के माध्यम से ज्वार-बाजरा का उपार्जन किया जा रहा है। उपार्जन 31 दिसम्बर 2022 तक किया जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर मनोज पुष्प ने बताया कि ज्वार एवं बाजरा उपार्जन के लिए मनगवां कृषि उपज मण्डी तथा रीवा में करहिया कृषि उपज मण्डी खैरा में खरीदी केन्द्र बनाए गए हैं। उपार्जन की निगरानी के लिए नोडल अधिकारी तैनात कर दिए गए हैं। उपार्जन एक दिसम्बर से आरंभ हो गया है।
00000
जिले में एक दिसम्बर तक 302410 हेक्टेयर में हुई बोनी
रीवा 02 दिसम्बर 2022. जिले में रबी फसल की बोनी का कार्य तेजी से किया जा रहा है। किसानों को पलेबा लगाने के लिए नहरों के माध्यम से पानी दिया जा रहा है। सरसों, चना, मटर, अलसी जैसी फसलों की बोनी पूरी तरह से समाप्त हो गई है। अब केवल कुछ क्षेत्रों में गेंहू तथा जौ की बोनी की जा रही है। अब तक जिले में कुल तीन लाख दो हजार 410 हेक्टेयर बोनी की जा चुकी है। इस संबंध में उप संचालक कृषि यूपी बागरी ने बताया कि जिले में इस वर्ष रबी फसल के लिए तीन लाख 84 हजार 540 हेक्टेयर भूमि में बोनी का लक्ष्य रखा गया है। अब तक जिले में लक्ष्य का कुल 79 प्रतिशत बोनी संपन्न हो चुकी है। गेंहू के कुल अनुमानित क्षेत्रफल में से लगभग 31 प्रतिशत में बोनी शेष है।
आपरेंटिसशिप ड्राईव का आयोजन
रीवा 02 दिसंबर 2022. शासकीय आईटीआई में आपरेंटिसशिप मेला का आयोजन किया गया है। यह मेला 8 एवं 16 दिसंबर को प्रात: 10 बजे से आयोजित किये गये हैं। 8 दिसंबर को आयोजित मेले में फिटर, मशीनिष्ट, टर्नर वेल्डर, इलेक्ट्रीशियन, डीजल एवं मोटर मैकेनिक में 60 प्रतिशत अंकों से उत्तीर्ण प्रशिक्षणार्थी जिनकी आयु 18 वर्ष से 25 वर्ष के मध्य हो भाग ले सकते हैं। इसी प्रकार 16 दिसंबर को 18 वर्ष से 30 वर्ष आयु के आईटीआई उत्तीर्ण महिला एवं पुरूष अभ्यर्थी मेले में शामिल हो सकते हैं।
फोटो निर्वाचक नामावली के संक्षिप्त पुनरीक्षण हेतु विशेष कैंप आज से
रीवा 02 दिसंबर 2022. निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 3 एवं 4 दिसंबर को फोटो निर्वाचक नामावली के संक्षिप्त पुनरीक्षण के लिये विशेष कैम्प की तिथि निर्धारित की गई है।
विशेष कैम्प के दिन बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे तथा पात्र व्यक्तियों के नाम निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज कराने हेतु प्ररूप-6 तथा संशोधन एवं नाम निरसित कराने हेतु भी निर्धारित प्रपत्र में फार्म प्राप्त करेंगे तथा विशेष रूप से दिव्यांग मतदाताओं की जानकारी, विशेष पिछड़ी जनजातियां के पात्र व्यक्तियों के नाम निर्वाचक नामावली में जोड़े जाने की कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिये हैं कि सभी बीएलओ के पास फार्मो की उपलब्धता सुनिश्चित कराये तथा संलग्न प्रपत्र में अनिवार्य रूप से जानकारी प्रेषित करें।
बीएलओ पर्यवेक्षक नियुक्त
रीवा 02 दिसंबर 2022. विधानसभा क्षेत्र 73 मनगवां में बीएलओ द्वारा किये जाने वाले कार्यों की गुणवत्ता की जांच करने तथा उनके कार्यों के अनुवीक्षण हेतु बीएलओ पर्यवेक्षक नियुक्त किये गये हैं। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज पुष्प द्वारा मतदान केन्द्र क्रमांक 31 से 40 के लिये उमेश तिवारी प्रभारी प्राचार्य हा. से. स्कूल मौहरिया को, मतदान केन्द्र क्रमांक 232 से 238 तक के लिये श्रीमती प्रमिला तिवारी शा.हा. उ.मा. वि तिवनी को तथा मतदान केन्द्र क्रमांक 250 से 260 तक के लिये ह्दयलाल शर्मा प्राचार्य शा.उ.मा.वि. उंचाटोला को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।
सिविल सेवा परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले निःशक्तजन अभ्यर्थियों के लिये प्रोत्साहन योजना
प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण करने और चयन होने पर 20-20 हजार तथा मुख्य परीक्षा पर 30 हजार रुपये
रीवा 02 दिसंबर 2022. संघ लोक सेवा आयोग, नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग, इन्दौर द्वारा आयोजित होने वाली सिविल सेवा परीक्षा में विभिन्न स्तरों पर सफल होने वाले निःशक्तजन प्रतिभागियों के लिये प्रोत्साहन राशि का प्रावधान है। इसमें प्रारंभिक परीक्षा में उत्तीर्ण होने पर रूपये 20 हजार रुपये, मुख्य परीक्षा में उत्तीर्ण होने पर रूपये 30 हजार और अंतिम चयन होने पर रूपये 20 हजार रुपये की राशि प्रोत्साहन योजना 2008 के तहत निःशक्त अभ्यर्थियों को प्रदाय की जायेगी।
संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण ने बताया कि प्रोत्साहन राशि प्रत्येक स्तर पर किसी अभ्यर्थी को एक ही बार देय होगी। प्रोत्साहन राशि ऐसे निःशक्त अभ्यर्थी को प्रदाय की जायेगी जो मध्यप्रदेश का मूल निवासी हो। निःशक्त अभ्यर्थी को प्रोत्साहन राशि प्राप्त करने के लिये अपने निवास के जिले के संयुक्त संचालक या उप संचालक, सामाजिक न्याय, मध्यप्रदेश को निर्धारित प्रपत्र में आवेदन पत्र प्रस्तुत करना होगा। प्रोत्साहन राशि प्राप्त करने के लिये परीक्षा परिणाम घोषित होने की तिथि से 30 दिवस के भीतर आवेदन पत्र प्रस्तुत किया जाना अनिवार्य होगा।
वरिष्ठ नागरिकों के लिये हेल्पलाइन नंबर 14567
रीवा 02 दिसंबर 2022. भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा मध्यप्रदेश के सामाजिक न्याय और निःशक्तजन कल्याण विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिये राष्ट्रीय हेल्पलाइन एल्डर लाइन 14567 टोल फ्री सेवा शुरू की गई है। इसका क्रियान्वयन मध्यप्रदेश शासन द्वारा हेल्पेज इंडिया के माध्यम से किया जा रहा है।
इस संबंध में संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय ने बताया कि हेल्पलाइन एल्डर लाइन 14567 वरिष्ठ नागरिकों के लिये स्थापित एक योजना है। यह हेल्पलाइन सप्ताह के सातों दिन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे के बीच कार्य करती है। इसके तहत यदि किसी वरिष्ठजन के साथ शारीरिक या भावनात्मक दुर्व्यवहार किया जा रहा है, तो वह हेल्पलाइन के माध्यम से इसकी सूचना दे सकता है। इसके साथ-साथ कोई वरिष्ठ व्यक्ति अकेला हो या भावनात्मक रूप से कमजोर महसूस करता हो तो इस हेल्पलाइन के माध्यम से वरिष्ठ व्यक्ति को परामर्श प्रदान किया जायेगा। वरिष्ठजन हेल्पलाइन द्वारा को वृद्धाश्रम, देखभाल करने वाली संस्थाओं तथा अस्पतालों आदि के बारे में जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं।
00000
बहु विकलांग, मानसिक रूप से अविकसित निःशक्तजन के लिये 600 रूपये प्रतिमाह की सहायता
रीवा 02 दिसंबर 2022. ऐसे बहु विकलांग, मानसिक रूप से अविकसित निःशक्तजन जो मध्यप्रदेश मूल के मूल निवासी है और उनकी आयु 6 वर्ष से अधिक है। ऐसे सभी बहु विकलांग, मानसिक रूप से अविकसित निःशक्तजन को प्रतिमाह 600 रूपये की सहायता देने की व्यवस्था की मध्यप्रदेश सरकार द्वारा की गई है। इसके लिये निःशक्त व्यक्ति के पास मेडीकल बोर्ड द्वारा 40 प्रतिशत निःशक्तता या उससे अधिक का प्रमाण पत्र हो। निःशक्तता का प्रकार बहु विकलांग, मानसिक रूप से अविकसित होना चाहिये। ऐसे लोग योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
भूमि स्वामी बटाईदार अधिनियम के तहत अनुबंध कराने की किसानों को सलाह
रीवा 02 दिसंबर 2022. कृषकों और भू-स्वामियों द्वारा अपनी भूमि अन्य व्यक्तियों को धन या फसल का अंश भूमि स्वामी को देकर खेती के लिए भूमि दे दी जाती है, जिसे सामान्य तौर पर बटाई, सिकमी, अन्य स्थानीय नामों से जाना जाता है।
इस संबंध में मध्यप्रदेश भूमि स्वामी एवं बटाईदारो के हित संरक्षण अधिनियम 2016 के अनुरूप भूमि बटाई पर दिए जाने की मान्यता प्रदान की गई है। अधिनियम भूमि स्वामी बटाईदार दोनों के हितों का संरक्षण करता है। अब कोई भी भूमि स्वामी अपनी भूमि बटाई पर देने या किसी व्यक्ति द्वारा बटाई पर लेने की वैधानिकता तभी मानी जाएगी जब दोनों पक्षों के द्वारा मध्यप्रदेश भूमि स्वामी बटाईदारों के हित संरक्षण अधिनियम 2016 के नियम 4 के तहत अनुबंध निष्पादित किया हो और एक प्रति संबंधित क्षेत्र के तहसीलदार को उपलब्ध कराई हो। कोई भी बटाईदार, भूमि बटाई पर लेकर यदि वह फसल क्षति की देय राहत राशि, बीमा राशि और कृषि उपज का उपार्जन के लिए शासन द्वारा तभी स्वीकार माना जाएगा जब भूमि स्वामी और बटाईदार के मध्य उपरोक्त अधिनियम के अंतर्गत अनुबंध निष्पादित हुआ हो। विधिवत अनुबंध के अभाव में उपरोक्त हितलाभ दिया जाना संभव नही होगा।
00000
उपभोक्ता को खाद्यान्न मिलने की होती है पुष्टि
रीवा 02 दिसंबर 2022. सार्वजनिक वितरण प्रणाली से उचित मूल्य दुकानों द्वारा पात्र राशन कार्डधारियो को हर माह खाद्यान्न का वितरण किया जाता है। प्राथमिकता श्रेणी के परिवारों को हर माह एक किलो नमक तथा प्रत्येक सदस्य के मान से 5 किलो खाद्यान्न दिया जाता है। अंत्योदय परिवारों को हर माह एक किलो प्रति परिवार नमक एक किलो ग्राम शक्कर तथा 35 किलो ग्राम खाद्यान्न दिया जाता है। इसके साथ-साथ प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्य योजना के तहत पात्र राशन कार्डधारी के परिवार के प्रत्येक सदस्य के मान से 5 किलो खाद्यान्न दिया जा रहा है। उपभोक्ता प्राप्त खाद्यान्न की पुष्टि कर सकते हैं। इस संबंध में अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि खाद्यान्न का वितरण पीओएस मशीन के माध्यम से आनलाइन किया जाता है। हितग्राही द्वारा अंगूठा लगाने पर ही खाद्यान्न प्राप्त करने की पर्ची जारी होती है। पर्ची में योजना का नाम तथा खाद्यान्न की मात्रा अंकित रहती है। इसके साथ-साथ पीओएस मशीन से भी हितग्राही के विवरण के साथ खाद्यान्न प्रदान करने की उद्घोषणा की जाती है। खाद्यान्न प्राप्त करते समय इसे ध्यान से सुनकर प्राप्त खाद्यान्न की मात्रा का मिलान कर सकते हैं। इसके साथ-साथ पात्र राशन कार्डधारी द्वारा पंजीकृत किये गये मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से भी निर्धारित मात्रा के खाद्यान्न की जानकारी प्राप्त होती है। इन सभी माध्यमों का उपयोग करके उपभोक्ता निर्धारित मात्रा में उचित मूल्य दुकान से खाद्यान्न प्राप्त करें। पीओएस मशीन से यदि दो योजनाओं का खाद्यान्न एक साथ वितरित किया जा रहा है तो दोनों की अलग-अलग पर्ची जारी होती है। अपर कलेक्टर ने उचित मूल्य दुकान के सभी सेल्समैनों को उपभोक्ताओं को खाद्यान्न वितरण पर्ची अनिवार्य रूप से प्रदान करने के निर्देश दिये हैं।