संभागीय जनसंपर्क कार्यालय रीव






समाचार
स्थापना दिवस समारोह में आयोजित हुई जल संरक्षण एवं संवर्धन पर कार्यशाला
जल जीवन मिशन से दूर होगा पेयजल संकट – सांसद श्री मिश्र
रीवा 06 नवम्बर 2022. मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर एक नवम्बर से 7 नवम्बर तक जिले भर में कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। इस क्रम में 6 नवम्बर को जल जीवन मिशन तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जल संरक्षण एवं संवर्धन पर कार्यशाला एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद श्री जनार्दन मिश्र तथा विधायक सेमरिया श्री केपी त्रिपाठी ने किया। कार्यशाला में जल संरक्षण तथा संवर्धन के कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जल संरक्षण के प्रयासों की चर्चा की गयी।
सांसद श्री मिश्र नें कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन से हर घर में नल से जल पहुंचाया जा रहा है। इसके लिए जिले में बड़े पैमाने पर कार्य किये जा रहे हैं। इन कार्यों के पूरा होने के बाद जिले से पेयजल का संकट दूर हो जायेगा। सांसद ने कहा कि हमारी पृथ्वी से लगातार जल घट रहा है इसे बचाने की जरूरत है। हर व्यक्ति को घर में शुद्ध पेयजल मिले इसके लिए योजना बनाई गई है। हमें इसके क्रियान्वयन के लिए सहयोग करना चाहिए। जल समितियों का गठन कर जल कर का भुगतान करना चाहिए तभी योजना सफल हो पायेगी। साथ ही जल को बचाना हम सबकी जिम्मेदारी है। विधायक सेमरिया श्री के.पी त्रिपाठी ने नल जल योजना की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर घर में जल पहुंचाने का बीड़ा उठाया था। आज वह साकार हो गया है। जिस गांव में पानी की भारी किल्लत हुआ करती थी आज उस गांव के हर घर में जल पहुंच रहा है। जल जीवन मिशन नें सराहनीय कार्य किया है जिसके चलते यह संभव हो सका।
इस अवसर पर कलेक्टर मनोज पुष्प ने कहा कि सरकार की जल जीवन मिशन योजना से जिले के हर गांव में नल से जल पहुंचाया जायेगा। इसके लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है। परियोजना को पूरा करना जितनी बड़ी चुनौती है उतनी ही बड़ी चुनौती इसे बिना किसी परेशानी के संचालित करना भी है। इस लिए ग्राम जल एवं तदर्थ समितियों के सदस्यों की जिम्मेदारी बढ़ जाती है। ग्राम पंचायत तथा समितियां मिलकर आमजनता के सहयोग से इन नल जल योजनाओं का संचालन करें। लोगों को पानी के महत्व के संबंध में जागरूक करने के लिए अभियान चलाये। आमजनता भी नल से जल मिलने पर हर माह निर्धारित राशि अदा करके योजना के संचालन में अपना योगदान दें। कलेक्टर ने कहा कि समितियों अच्छा कार्य करेगी तो जागरूकता फैलेगी। हर घर जल का सपना पूरा होगा, उन्हें मजबूत और सक्रिय करने की जरूरत है। कार्यशाला की सराहना करते हुए कहा कि विकास खण्ड स्तर पर भी इस तरह के आयोजन होंगे तो योजना का क्रियान्वयन और भी बेहतर होगा।
कार्यशाला में कार्यपालन यंत्री शरद कुमार सिंह एवं पंकज राव गोरखेडे ने जिले में संचालित नल जल योजना की जानकारी लक्ष्य और उद्देश्य के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में प्रोफेसर रविन्द्र नाथ तिवारी ने जल संरक्षण की जरूरत उपयोगिता और बचाने के तरीके बताये। परियोजना अधिकारी जिला पंचायत संजय सिंह ने ग्रामीण विकास विभाग द्वारा किये जा रहे जल संरक्षण के कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम में आईएसए ज्वाला संस्थान द्वारा जल संरक्षण एवं संवर्धन का मॉडल प्रस्तुत किया गया। साथ ही जिले के विभिन्न स्कूलों में जल संरक्षण एवं संवर्धन विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के प्रतिभागियों के कलाकृतियों की प्रदर्शनी लगाई गई और उत्कृष्ट प्रतिभागी को पुरस्कार एवं प्रशिस्त पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कार्यपालन यंत्री मऊगंज जर्नादन द्विवेदी, सहायक यंत्री एस.के श्रीवास्तव, आर.के.सिंह, सब इंजीनियर अतुल तिवारी, जिला समन्वयक प्रदीप गुप्ता सहित ब्लाक समन्वयक एवं विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिले भर में चला नशामुक्ति अभियान – दुकानदारों ने जलाये गुटका के पाउच
रीवा 06 नवम्बर 2022. नशे से जीवन का नाश होता है। जिले को नशे की बुराई से बचाने के लिए कलेक्टर मनोज पुष्प के मार्गदर्शन में जिले भर में नशामुक्ति अभियान चलाया जा रहा है। जिले की नगर पंचायतों में 5 और 6 नवम्बर को प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों तथा स्वयंसेवी संस्थाओं ने शिक्षण संस्थानों की आसपास की किराना दुकानों तथा पान ठेलों वालों को गुटका एवं अन्य नशीली वस्तुएं न बेंचने की शपथ दिलाई गयी। कई दुकानदारों ने प्रोत्साहित करने पर गुटके के पाउच और सिंगरेट के पैकेट जलाये। रीवा में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनकर, संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय अनिल दुबे तथा जन अभियान परिषद के सदस्यों ने ज्योति पब्लिक स्कूल सिरमौर चौराहा, निराला नगर सरस्वती स्कूल समान चौराहा की दुकानों में जाकर दुकानदारों को समझाइश दी। भगत सिंह सामाजिक संस्था के सुजीत द्विवेदी तथा अन्य कार्यकर्ताओं ने रैली में योगदान दिया।
इसी तरह जन अभियान परिषद के कार्यकर्ता मुनि प्रसाद चतुर्वेदी तथा छात्र-छात्राओं ने नईगढ़ी में रैली निकाली रैली में जीवन ज्योति कॉन्वेंट स्कूल के विद्यार्थी तथा उत्कर्ष सेवा समिति के कार्यकर्ता शामिल रहे। विद्यार्थियों तथा आमजनों को नशामुक्त की शपथ दिलाई गयी। जन अभियान परिषद से संबंध स्वामी प्रेमचन्द्र शिक्षा समिति गुढ़ ने नगर परिषद गुढ में नशामुक्ति के संबंध में अभियान चलाया। विद्यार्थियों को साथ लेकर नगर में रैली निकाली गयी। आमजनों को नशामुक्त की शपथ दिलाई गयी। जन जागरूकता संबंधित नारों का दीवाल लेखन कराया गया। सामाजिक कार्यकर्ता श्रद्धा सिंह तथा अन्य कार्यकर्ताओं ने जागरूकता अभियान चलाया। इसी तरह अन्य नगर पंचायतों में भी नशामुक्ति के अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किये गये।
टीएल बैठक आज
रीवा 06 नवम्बर 2022. कलेक्ट्रेट सभागार में 7 नवम्बर को प्रात: 11 बजे से टीएल बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में कलेक्टर मनोज पुष्प समयावधि पत्रों के निराकरण तथा सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा करेंगे। बैठक में मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के आवेदनों के निराकरण की समीक्षा की जायेगी सभी संबंधित अधिकारियों को बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिये गये हैं।
स्थापना दिवस के समापन अवसर पर आयोजित होगा पुरस्कार वितरण
स्थापना दिवस समारोह का आज पुरस्कार वितरण से होगा समापन
रीवा 06 नवम्बर 2022. मध्यप्रदेश का स्थापना दिवस एक नवम्बर से 7 नवम्बर तक आयोजित किया जा रहा है। स्थापना दिवस के समापन अवसर पर 7 नवम्बर को शाम 6.30 बजे राज्य एवं जिला स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जायेगा। भोपाल में राज्य स्तरीय पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन रवीन्द्र भवन में किया जायेगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम को लाइव बेवकास्ट किया जायेगा।
जिला स्तरीय पुरस्कार वितरण कार्यक्रम 7 नवम्बर को शाम 5.30 बजे से कृष्णा राजकपूर आडिटोरियम में आयोजित किया जा रहा है। इस संबंध में अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि समारोह में वर्ष भर तथा मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान में श्रेष्ठ कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया जायेगा। समारोह में रक्तदान शिविर, जल संरक्षण तथा वृक्षारोपण में उल्लेखनीय कार्य करने वाली संस्थाओं एवं व्यक्तियों को भी सम्मानित किया जायेगा। जिले में शाम 6.30 बजे राज्य स्तरीय कार्यक्रम का प्रसारण होगा। राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होने के उपरांत जिला स्तर में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जायेगा।
विधानसभा अध्यक्ष 8 नवम्बर को आयेंगे रीवा
रीवा 06 नवम्बर 2022. विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम 8 नवम्बर को रीवा आयेंगे। विधानसभा अध्यक्ष 8 नवम्बर को प्रात: 8.30 बजे प्रयागराज सर्किट हाउस से कार द्वारा नईगढ़ी के लिए प्रस्थान करेंगे। विधानसभा अध्यक्ष नईगढ़ी में रेस्ट हाउस में आयोजित बैठक में नल जल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे। बैठक प्रात: 10.30 बजे आरंभ होगी। बैठक के बाद विभानसभा अध्यक्ष प्रात: 11.30 बजे नईगढ़ी से प्रस्थान कर दोपहर 12.30 बजे शासकीय आवास रीवा पहुंचकर विश्राम करेंगे।
ग्रीन सिटी इंडेक्स के संबंध में समीक्षा बैठक आज
रीवा 06 नवम्बर 2022. कलेक्टर मनोज पुष्प की अध्यक्षता में 7 नवम्बर को टीएल बैठक के बाद ग्रीन सिटी इंडेक्स के संबंध में समीक्षा बैठक आहूत की गई है। बैठक में वन मण्डलाधिकारी, खाद्य अधिकारी, जिला प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी, मुख्य अभियंता विद्युत मंडल, अक्षय ऊर्जा अधिकारी एवं क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी सहित नगर निगम रीवा के अधिकारियों को जानकारी के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।