निर्वाचन संबंधी लेख अजय प्रस्तुत न करने वाले प्रत्याशी को घोषित किया गया अयोग्य

निर्वाचन आयोग ने व्यय लेखा दाखिल न करने पर अभ्यर्थी श्री तिवारी को 3 वर्ष के लिए आयोग्य घोषित किया
          रीवा 28 सितंबर 2022. भारत निर्वाचन आयोग के सचिव ने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 69- सेमरिया से निर्दलीय अभ्यर्थी के रूप में निर्वाचन लड़ने वाले रामसजीवन तिवारी द्वारा 11 दिसंबर 2018 को परिणाम घोषित होने के बाद भी निर्वाचन व्यय का लेखा निर्धारित अंतिम तिथि 10 जनवरी 2019 तक प्रस्तुत न करने पर संसद के किसी भी सदन, विधानसभा या विधान परिसर के सदस्य चुने जाने पर 3 वर्ष की अवधि के लिए आयोग्य घोषित किया है।  उन्होंने बताया कि निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार मतगणना की तरीख 11 दिसंबर 2018 थी। लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के अनुसार निर्वाचन लड़ने वाले प्रत्येक अभ्यर्थी को निर्वाचन की तारीख से 30 दिनों के भीतर निर्वाचन व्यय के अपने लेखे की सही प्रति जिला निर्वाचन अधिकारी को दाखिल करनी होती है। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 69- सेमरिया का संबंधित निर्वाचन क्षेत्र के परिणाम की घोषणा 11 दिसंबर 2018 को की गयी थी। इस प्रकार निर्वाचन व्यय का लेखा दाखिल करने की अंतिम तारीख 10 जनवरी 2019 थी। लेकिन विधानसभा क्षेत्र 69- सेमरिया का निर्दलीय अभ्यर्थी के रूप में निर्वाचन लड़ने वाले ग्राम कठार के रामसजीवन तिवारी ने निर्वाचन व्यय का लेखा दाखिल नहीं किया। अत: रामसजीवन तिवारी को संसद के किसी भी सदन, विधानसभा या विधान परिसर के सदस्य चुने जाने पर 3 वर्ष की अवधि के लिए आयोग्य घोषित किया है। 

000000

 नैया नाला जलाशय निर्माण के लिए अर्जित भूमि के लिए आपत्तियां 6 अक्टूबर तक आमंत्रित
     रीवा 28 सितंबर 2022. कलेक्टर मनोज पुष्प ने कहा है कि अपर पुरवा नहर के नैया नाला जलाशय योजना नहर निर्माण के लिए हनुमना तहसील के मुरैठा ग्राम उर्फ कचनार के भू-स्वामी रामसहोदर की भूमि खसरा क्रमांक-294/3 अर्जित रकवा 0.014 हेक्टेयर एवं निर्माण एवं रमाकांत  की भूमि खसरा नंबर 294/4 अर्जित रकवा 0.014 क्रय हेतु विचारार्थ लिया गया है।  कलेक्टर ने कहा है कि ऐसे भूमि धारकों (पूरा नाम व पता सहित) से परियोजना के विभाग के पक्ष में क्रय किये जाने पर विचार किया जा रहा है। यदि किसी व्यक्ति को भूमि के सत्व के विषय कोई आपत्ति हो तो वह आगामी 6 अक्टूबर के पूर्व या उक्त दिनांक को अपनी आपत्ति ऑनलाइन अथवा लिखित रूप से आधार सहित कलेक्टर के समक्ष आपत्ति प्रस्तुत कर सकता है। उन्होंने कहा कि नियत अवधि में प्राप्त आपत्तियों के आधार पर कलेक्टर यदि भूमि का खंडित धारणाधिकार पाता है तो वह ऐसी भूमि को क्रय करने के लिए अग्रेसर नहीं होगा। 

 बच्चों के हृदय रोग की जांच के लिए शिविर आज
रीवा 28 सितंबर 2022. राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत जिला चिकित्सालय में 29 सितम्बर को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में नवजात से लकर 19 साल तक के बच्चों में जन्मजात हृदय रोग अथवा अन्य विकृति की जांच की जाएगी। इनकी जांच मेट्रो हास्पिटल जबलपुर के हृदय रोग विशेषज्ञों द्वारा की जाएगी। सभी जांचे पूरी तरह से नि:शुल्क की जाएंगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एनएन मिश्रा ने बताया कि जिन बच्चों के सीने में दर्द हो अथवा वजन न बढ़ रहा हो, बच्चों को सांस लेने में तकलीफ हो अथवा खेलते समय जल्दी थक जाता हो उनमें हृदय विकार हो सकता है। नवजात बच्चे का ओठ, नाखून तथा हथेली का रंग यदि नीला पड़ जाए तो उसमें हृदय विकार हो सकता है। ऐसे लक्षण वाले बच्चों को शिविर में लेकर आएं। शिविर में ऑपरेशन के योग्य पाए गए बच्चों को नि:शुल्क ऑपरेशन की भी सुविधा दी जाएगी। 


स्वनिधि योजना में 10 प्रतिशत से कम उपलब्धि वाले सीएमओ को दें नोटिस – कमिश्नर
रीवा 28 सितंबर 2022. कमिश्नर कार्यालय में आयोजित बैठक में रीवा संभाग के कमिश्नर अनिल सुचारी ने नगरीय निकायों तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा की। कमिश्नर ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत सभी आवासों की किश्तें समय पर जारी कराएं। पूर्ण आवासों की जियो टैगिंग करके उन्हें अंतिम किश्त की राशि जारी करें। परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभिकरण आवासों के पूरा होने की हर सप्ताह रिपोर्ट प्रस्तुत करें। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में रीवा जिला प्रदेश में टॉप-5 जिलों में शामिल है। इस योजना के तहत 10 हजार रुपए की छोटी सी ऋण राशि दी जा रही है। इस राशि से ठेले लगाने वाले तथा अन्य छोटे व्यवसायी अपना रोजगार बेहतर कर रहे हैं। समय पर 10 हजार तथा 20 हजार की राशि वापस करने वाले हितग्राहियों को अगली राशि तत्काल जारी करें। कमिश्नर ने 10 प्रतिशत से कम उपलब्धि वाले मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को एक वेतन वृद्धि रोकने का नोटिस देने के निर्देश दिए। 
बैठक में कमिश्नर ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना में चाकघाट, बैकुंठपुर तथा हनुमना नगर परिषदों की स्थिति अच्छी है। डभौरा में 622 हितग्राहियों का चयन कर लिया गया है। इन्हें प्रथम किश्त की राशि तत्काल जारी कराएं। तीसरी किश्त के पात्र 1085 हितग्राहियों को तत्काल राशि जारी करें। महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि एडॉप्ट एन आंगनवाड़ी योजना में सभी आंगनवाड़ी केन्द्र को गोद लिया गया है। इनमें जन सहयोग से महिलाओं एवं बच्चों को मिलने वाली सेवाओं में वृद्धि कराएं। मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान में 17 सितम्बर से 31 अक्टूबर तक स्वीकृत लाडली लक्ष्मी योजना एवं मातृ वंदना योजना के सभी प्रकरण दर्ज कराएं। मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना में अभी केवल 29 बच्चे लाभान्वित हुए हैं। जिले भर में पात्र बच्चों के चिन्हांकन के लिए विशेष प्रयास करें। जल जीवन मिशन से 822 आंगनवाड़ी केन्द्रों में पीएचई द्वारा नल से जल की सुविधा दी गई है। बिजली विभाग को 271 केन्द्रों में कनेक्शन देना है जिनमें से अभी केवल 93 केन्द्रों में कनेक्शन दिए गए हैं। शेष केन्द्रों में एक सप्ताह में कनेक्शन कराएं। बैठक में अधीक्षण यंत्री नगर निगम शैलेन्द्र शुक्ला, उप संचालक शहरी विकास, संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास श्रीमती ऊषा सिंह सोलंकी, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती प्रतिभा पाण्डेय, उप संचालक सतीश निगम तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। 


सिरमौर में रक्तदान शिविर आज
          रीवा 28 सितंबर 2022. रक्तदान अमृत महोत्सव अभियान स्वास्थ्य विभाग द्वारा 17 सितम्बर से एक अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले भर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एनएन मिश्रा ने बताया कि 29 सितम्बर को सिविल अस्पताल सिरमौर में रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने आमजनता से शिविर में रक्तदान करने की अपील की है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *