छूहिया घाटी बनाई गई अस्थाई चौकी
पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण
सीधी और रीवा पुलिस के द्वारा आधे आधे घंटे रोककर बड़े वाहनों का किया जाएगा संचालन
virat24, रीवा। सीधी बस हादसे के बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर रीवा अमरकंटक मार्ग के छूहिया घाटी में बड़े वाहनों के लिए रूट डायवर्शन करने की प्रक्रिया जहां जारी है, वहीं पुलिस ने पहाड़ में वन वे कर दिया है। जिसके लिए सीधी जिला पुलिस के द्वारा बघवार में अस्थाई पुलिस चौकी बनाई गई है, जबकि रीवा पुलिस के द्वारा गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के पंचमुखी ढाबा के सामने चौकी बनाकर बल तैनात किया गया है। दोनों जिलों के सामंजस्य से अपने अपने चौकी के पास बड़ी पार्किंग बनाई गई है, जहां आधे घंटे तक ट्रकों को रोक कर खड़ा किया जाएगा, जिस वक्त सीधी पुलिस शहडोल और सीधी से आने वाले वाहनों को छोड़ेगी तब तक रीवा पुलिस अपनी चौकी के पास बनी पार्किंग में जाने वाले वाहनों को रोकेगी। इस तरह दोनों चौकी में तैनात पुलिसकर्मी एक दूसरे के संपर्क में रहेंगे और एक तरफ से वाहन छोड़ने पर दूसरी ओर पुलिसकर्मी ट्रकों को रोक कर रखेंगे। हालांकि इस दौरान छोटे वाहन और बसों का संचालन जारी रहेगा, स्थाई रूप से बनाई गई चौकी का निरीक्षण करने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार सिंह पहुंचे और मौजूद पुलिसकर्मियों को जहां दिशा निर्देश दिया वहीं चौकी की व्यवस्थाओं की जानकारी ली ।पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार सिंह के साथ आरआई केशव सिंह चौहान मौजूद रहे।
24 घंटे पहरा देंगे 24 पुलिसकर्मी
यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए बनाई गई अस्थाई चौकी में आठ 8 पुलिसकर्मी तीन पारियों में ड्यूटी करेंगे, इस दौरान निरीक्षक के नेतृत्व में सब इंस्पेक्टर ,प्रधान आरक्षक और आरक्षक तैनात किए गए हैं । जिनके द्वारा यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से बनाए रखने के साथ-साथ दोनों चौकियों के बीच लगने वाले जाम को देखना होगा और चौकियों में वाहनों की जांच भी की जाएगी।