समाचार
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में वीडियो कान्फ्रेंसिंग आज
रीवा 02 अक्टूबर 2022. श्री महाकाल लोक परियोजना के लोकार्पण कार्यक्रम के संबंध में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 3 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के कलेक्टरों (उज्जैन जिले को छोड़कर) को संबोधित करेंगे।
आतिशबाजी लायसेंस के लिए आवेदन 18 अक्टूबर तक किये जा सकेंगे
रीवा 02 अक्टूबर 2022. दीपावली के अवसर पर आतिशबाजी विक्रेता 18 अक्टूबर तक एमपी ई सर्विस पोर्टल के माध्यम से आतिशबाजी लायसेंस के लिए आनलाइन आवेदन करें। आवेदन लोक सेवा केन्द्र के माध्यम से करना होगा। शहरी क्षेत्र रीवा के लिए आतिशबाजी लायसेंस के आवेदन की हार्ड कॉपी कलेक्टर कार्यालय में अनिवार्य रूप से जमा करना होगा। शहरी क्षेत्र में आतिशबाजी के नवीन आवेदन स्वीकार नहीं किये जायेंगे। अपर जिला दण्डाधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि आतिशबाजी लायसेंस के आवेदन के साथ पुलिस चरित्र सत्यापन, पासपोर्ट फोटो, वोटर आईडी, एवं आधार कार्ड की छायाप्रति और 500 रूपये शुल्क आनलाइन के माध्यम से जमा करना होगा। आतिशबाजी/पटाखा विक्रय के लिए अस्थाई लायसेंस धारी को बेसिक ट्रेनिंग स्कूल ग्राउंड खुटेही में दुकान लगानी होगी।
अपर कलेक्टर ने बताया कि दुकानों का आवंटन 20 अक्टूबर को अपरान्ह 3 बजे से लाटरी द्वारा किया जायेगा। लायसेंस धारी दुकानदार की 21 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक एवं 4 नवम्बर को आतिशबाजी, पटाखा विक्रय हेतु बेसिक ट्रेनिंग स्कूल ग्राउंड खुटेही में तथा ग्रामीण क्षेत्र में निर्धारित स्थान पर दुकान लगाने की अनुमति दी जायेगी। आतिशबाजी विक्रय के निर्धारित स्थल के अतिरिक्त कहीं भी आतिशबाजी की दुकान लगाना व विक्रय दण्डिनीय अपराध माना जायेगा। उन्होंने कहा कि अनुज्ञप्तिधारी आतिशबाजी व्यापारी 21 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक तथा 4 नवम्बर को छोटी दीपावली के अवसर पर बेसिक ट्रेनिंग स्कूल ग्राउंड खुटेही में ही आतिशबाजी का विक्रय करें। उन्होंने कहा कि सभी अनुज्ञप्तिधारी व्यापारी को भारत सरकार द्वारा जारी दीपावली पर्व पर आतिशबाजी के क्रय-विक्रय हेतु निर्देशों का पालन करना होगा।
अपर कलेक्टर ने कहा कि आतिशबाजी को सुरक्षित एवं अज्वलनशील सामग्री से बने टीन शेड का निर्माण व एक अग्नि शमन यंत्र एवं दो रेत की बाल्टी की व्यवस्था लायसेंसधारी स्वयं करेंगा। दुकान के सुरक्षा की जिम्मेदारी लायसेंसधारी व्यापारी की होगी। आतिशबाजी की अस्थाई दुकानें एक दूसरे से 3 मीटर की दूरी पर एवं किसी सुरक्षित स्थलों से 50 मीटर की दूरी पर होगी। यह अस्थाई दुकानें एक दूसरे के आमने-सामने नहीं होगी। सुरक्षा दूरी के अंदर एवं इन दुकानों में प्रकाश के लिए किसी प्रकार का तेल लैम्प, गैस लैम्प एवं खुले बिजली बत्तियों का उपयोग नहीं होगा। यदि किसी बिजली की लाइनों का उपयोग किया जाता है तो उसे या तो दीवाल या छत पर दृढ़ता से लगाना होगा एवं किसी प्रकार के तार लटके नहीं होगे। इन बत्तियों के लिए स्विच दीवार पर लगाने होंगे । एवं एक पंक्ति की सभी दुकान के लिए मास्टर स्विच लगाना होगा। उन्होंने कहा कि किसी दुकान के 50 मीटर के अंदर आतिशबाजी का प्रदर्शन प्रतिबंधित होगा। दुकान आवंटित होने पर उसका संचालन स्वयं करना होगा। उसे अनुज्ञप्ति पत्र की मूल प्रति अपनी दुकान में अपने फोटो के साथ प्रदर्शित करना होगा।
धान एवं मोटे अनाज उपार्जन के लिए पंजीयन 15 अक्टूबर तक कराया जा सकेगा
रीवा 02 अक्टूबर 2022. कलेक्टर मनोज पुष्प ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में समर्थन मूल्य पर धान एवं मोटे अनाज के उपार्जन हेतु किसानों का पंजीयन प्रारंभ हो चुका है। किसान धान एवं मोटे अनाज के उपार्जन के लिए अपना पंजीयन 15 अक्टूबर तक करा सकते हैं।
कलेक्टर ने बताया कि धान एवं मोटे अनाज के उपार्जन के लिए 84 पंजीयन केन्द्र खोले गये हैं। किसान अपना पंजीयन एमपी आनलाइन कियोस्क पर, कॉमन सर्विस सेंटर, कियोस्क पर, लोक सेवा केन्द्र में निजी व्यक्तियों द्वारा संचालित साइबर कैफे पर करा सकते हैं। जिले के ऐसे किसान जिन्होंने अब तक धान उपार्जन एवं मोटे अनाज के उपार्जन के लिए अपना पंजीयन नहीं कराया है वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें बल्कि अपने नजदीकी केन्द्र अथवा कियोस्क सेंटर में जाकर फसल के उपार्जन के लिए पंजीयन करा लें।
मद्य निषेध दिवस का आयोजन संपन्न
रीवा 02 अक्टूबर 2022. महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर मध्य निषेध दिवस का आयोजन शासकीय कन्या महाविद्यालय में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कलेक्टर मनोज पुष्प तथा विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य कन्या महाविद्यालय द्वारा की गई।
इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि नशे के दुष्परिणामों से छात्र-छात्राओं एवं जनसमूह को अवगत कराया जाय। नशा नाश की जड़ है अत: जिले में नशे से दूर रहने के लिये जागरूकता अभियान लगातार संचालित हों। पुलिस अधीक्षक महोदय ने नशे से हो रहे अपराध के संबंध में अवगत कराते हुये नशे से बचाव के संबंध में सुझाव दिये। कार्यक्रम में संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय अनिल दुबे द्वारा नशा के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। नशामुक्त अभियान के अन्तर्गत कलेक्टर द्वारा छात्र-छात्राओं एवं जन समूह को नशा मुक्ति की शपथ दिलायी गई। उक्त अवसर पर शासकीय कन्या महाविद्यालय रीवा के छात्र-छात्राएँ, एनसीसी कैरिट, अशासकीय संस्थाएं एवं स्थानीय जन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रो. विभा श्रीवास्तव ने किया।
मंदिरों में 11 अक्टूबर को दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम होंगे
रीवा 02 अक्टूबर 2022. प्रधानमंत्री द्वारा उज्जैन में महाकाल मंदिर के विस्तार से संबंधित कार्यों का लोकार्पण किया जा रहा है। इस संबंध में जिले के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों के मंदिरों में 11 अक्टूबर को कार्यक्रम आयोजित किये जाने के निर्देश शासन स्तर से दिये गये हैं। निर्देश में कहा गया है कि ग्रामीण तथा नगरीय क्षेत्रों में स्थित सार्वजनिक मंदिरों की साफ-सफाई संबंधित प्रबंधन समितियों एवं पुजारियों के सहयोग से की जाये। सायंकाल 5 बजे आमजन के सहयोग से दीपों के प्रज्जवलन, पूजा-अर्चना तथा कीर्तन इत्यादि का कार्यक्रम आयोजित किया जाये, जिसमें आसपास के श्रृद्धालु सम्मिलित हों। मंदिर प्रांगण अथवा मंदिर के पास किसी यथोचित स्थान पर टीव्ही स्क्रीन की व्यवस्था भी हो ताकि महाकाल मंदिर से संबंधित प्रधानमंत्री जी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण उपस्थित जनसमूह देख सकें। इस आयोजन में मंदिर प्रबंध समितियों, जनप्रतिनिधियों एवं आमजन से आवश्यक सहयोग लिये जाने की अपेक्षा की गई है।
नशा मुक्ति अभियान 30 नवम्बर तक संचालित होगा
रीवा 02 अक्टूबर 2022. रीवा जिले में शराब, गांजा, तम्बाकू तथा नशीली दवाओं का उपयोग नशे के रूप में किया जा रहा है। इनकी लत का शिकार होने के बाद व्यक्ति पारिवारिक, आर्थिक और सामाजिक समस्याओं का शिकार होता है। नशा अनेक बीमारियों का प्रमुख कारण है। समाज को नशे की बुराई से दूर रखने के लिए जिले में 2 अक्टूबर से 30 नवम्बर तक नशा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है।
इस संबंध में कलेक्टर मनोज पुष्प ने बताया कि अभियान के दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में नशे के विरूद्ध जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। शिक्षा विभाग द्वारा सभी शिक्षण संस्थाओं में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पुलिस विभाग द्वारा नशे के विरूद्ध अभियान चलाकर इसके अवैध कारोबार में लिप्त व्यक्तियों पर कार्यवाही की जाएगी। साथ ही ग्राम रक्षा समितियों के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश दिया जाएगा। कार्यालयों में नशा मुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी। ग्राम पंचायत की ग्राम सभा में नशामुक्ति की शपथ दिलाने के साथ गांव को नशामुक्त बनाने संबंधी प्रस्ताव पारित किया जाएगा। कलेक्टर ने आमजनता तथा सामाजिक संगठनों से नशामुक्त अभियान में सहभागी बनने तथा नशे की बुराईयों को समाज से मिटाने में सहयोग की अपील की है।
फिट इंडिया फ्रीडम रन का हुआ आयोजन
रीवा 02 अक्टूबर 2022. गांधी जयंती के अवसर पर खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा फिट इंडिया फ्रीडम रन का आयोजन किया गया। यह दौड़ विवेकानंद पार्क से कला मंदिर होते हुए अमहिया रोड से सिरमौर चौराहा होकर कॉलेज चौराहामें समाप्त हुई।
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में फिट इंडिया फ्रीडम रन को उमेश प्रजापति उप पुलिस अधीक्षक द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के सहायक संचालक क्रीडा आईपी तिवारी, खेल और युवा कल्याण विभाग के रामबाबू कुशवाह उपस्थित रहे। कार्यक्रम के आयोजन में शिष्टधर शर्मा, चंदन सिंह, लवकुश मिश्रा, कुशल थापा, पप्पू यादव, राखी सिंह चौहान, अमर सिंह जाटव, रितिका शर्मा, जितेन्द्र सिंह, विनोद सिंह, अरूण पाण्डेय, किरण अवस्थी, रज्जन सिंह, अवधेश पाण्डेय, अनुसुइया पटेल, ज्योति सिंह, वंदना सिंह, पवन रामबहोर कोल, विनय भारती ने सराहनीय सहयोग रहा।
सांसद ने कम पोषित गोद ली बच्चियों के घर पहुंचकर लिया स्वास्थ्य का हालचाल
रीवा 02 अक्टूबर 2022. जिले में कुपोषित एवं कम पोषित बच्चों को वत्सल्य अभियान के तहत गोद लेकर उनको कुपोषण से मुक्त करने में जनप्रतिनिधियों व शासकीय अधिकारियों द्वारा सहयोग दिया जा रहा है। इसी क्रम में सांसद श्री जनार्दन मिश्रा ने आज गांधी जयंती के अवसर पर गोद ली बच्ची अलीना अंसारी के घर पहुंचकर उसके स्वास्थ्य का हालचाल जाना। उन्होंने अमहिया निवासी अबीना माता गुलनाज एवं पिता मो. शहीद अंसारी को स्वच्छता संबंधी समझाइश दी तथा बच्चियों को पोषण आहार किट एवं अन्य आवश्यक वस्तुएँ सौंपी। उन्होंने घर में लगाये गये मुनगें के पौधे को भी देखा तथा कहा कि वह हर माह आकर बच्ची का हालचाल जानेंगे। सांसद ने दुर्गा साकेत के घर पहुंचकर उसके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा उसे पोषण किट सौंपा।
गांधी जयंती पर वात्सल्य योजना में समाजसेवियों ने ही कम पोषित बच्चों से गृह भेंट
रीवा 02 अक्टूबर 2022. जिले भर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा कम पोषित बच्चों को सुपोषित करने के लिए आंगनवाड़ी केन्द्रों के माध्यम से पोषण आहार का वितरण किया जा रहा है। बच्चों का पोषण स्तर बढ़ाने के लिए कलेक्टर मनोज पुष्प द्वारा वात्सल्य योजना के रूप में नवाचार किया गया है। इसके तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा समाजसेवियों द्वारा कुपोषित बच्चों को सुपोषित करने की जिम्मेदारी दी गयी है। इनके द्वारा हर सप्ताह कुपोषित बच्चे के घर का द्वारा करके महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी जा रही सेवाओं की मानीटरिंग की जाती है। विकासखण्ड त्योंथर के सेक्टर चदई में आंगनवाड़ी केन्द्र खटिया में कुपोषित बच्चे आर्यश से गृह भेंट करके उसके परिवार को पोषण किट प्रदान किया गया। मऊगंज के वार्ड क्रमांक 13 में अतिकुपोषित बच्चे अनुज साकेत से गृह भेंट करके उसे दवाओं तथा पोषण किट का वितरण किया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित राष्ट्रीय पोषण माह का 30 सितंबर को समापन किया गया। इस अवसर पर नगर पंचायत सेमरिया में कार्यक्रम आयोजित कर कम कुपोषित बच्चों को पोषण आहार वितरित किया गया। इसी तरह मऊगंज में ग्राम नौढ़िया, खुजवा सुखदेव सिंह, सिरमौर, आंगनवाड़ी केन्द्र करहिया तथा अगडाल, नगर पंचायत गुढ़ तथा नगर निगम रीवा के विभिन्न वार्डों में जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों ने वात्सल्य योजना के तहत गोद लिए बच्चों से गृह भेंट कर उन्हें पोषण आहार की किट प्रदान की। इसी तरह के कार्यक्रम जिले भर में आयोजित किये गये।
शांति अवधिया को मिली भरण-पोषण अधिनियम से 3 हजार रूपये प्रतिमाह की सहायता
रीवा 02 अक्टूबर 2022. संयुक्त परिवारों के तेजी से विघटन के साथ कई वृद्ध निराश्रित हो गये हैं जो बच्चे अपने वृद्धजनों की देखभाल में कोताही बरतते हैं उनके लिए भरण-पोषण अधिनियम में वैधानिक रूप से बुजुर्गो की देखभाल का प्रावधान है। कलेक्टर मनोज पुष्प के निर्देश पर एसडीएम हुजूर अनुराग तिवारी ने भरण-पोषण अधिनियम के तहत कार्यवाही करते हुए कल्याणी श्रीमती शांति अवधिया को 3 हजार रूपये प्रतिमाह गुजारा भत्ता देने के आदेश दिये हैं। एसडीएम हुजूर के न्यायालय में माता-पिता भरण पोषण अधिनियम के तहत कल्याणी शांति अवधिया विरूद्ध लक्ष्मण प्रसाद सोनी प्रकरण दर्ज किया था। न्यायालय में दोनों पक्षों की समुचित सुनवाई की गयी। परिवारिक संपत्ति विवाद के संबंध में शांति अवधिया के पक्ष में व्याहार न्यायालय द्वारा आदेश पारित किया जा चुका है। एसडीएम ने उनके वारिस लक्ष्मण प्रसाद सोनी को समझाइश दी तथा कल्याणी श्रीमती शांति अवधिया को 3 हजार रूपये मासिक भरण-पोषण राशि देने के आदेश दिये। अब शांति अवधिया को वृद्धा अवस्था में भोजन, दवाओं आदि के लिए हर माह समुचित राशि प्राप्त हो जायेगी। वृद्धजन दिवस के एक दिन पूर्व पारित यह आदेश नई पीढ़ी को अपने बुजुर्गो की उचित देखभाल करने की भी नसीहत देता है। नई पीढ़ी ने अपने कर्तव्यों से मुह मोड़ा तो वृद्धजनों को कानूनी रूप से अपने वारिसों से भरण पोषण प्राप्त करने का पूरा अधिकार है। अधिनियम के तहत जेल भेजने का भी प्रावधान है।
स्वच्छता सर्वेक्षण में नगर निगम तथा नगर परिषदों में लगायी छलांग
कलेक्टर ने स्वच्छता सर्वेक्षण में अच्छे प्रदर्शन के लिए नगरीय निकाय को दी बधाई
रीवा 02 अक्टूबर 2022. केन्द्र सरकार द्वारा देश भर के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता सर्वेक्षण के परिणाम घोषित कर दिये गये। इसमें प्रदेश के स्वच्छता के सिरमौर इंदौर शहर को देश में लगातार 6वीं बार सबसे साफ-सुथरे शहर के रूप में स्वच्छता सर्वेक्षण में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। मध्यप्रदेश को भी इस सर्वे में कई पुरस्कार प्राप्त हुये। रीवा जिले के नगर निगम तथा नगरीय निकायों में भी स्वच्छता सर्वेक्षण में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। रीवा नगर निगम पिछले साल की रैकिंग से 18 पायदानों का सुधार करके देश में 75 रैंक में पहुंच गया है। कलेक्टर मनोज पुष्प ने आयुक्त नगर निगम मृणाल मीणा एवं नगर निगम के सभी अधिकारियों-कर्मचारियों, सफाई कर्मियों तथा स्वच्छता टीम को इसके लिए बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि शहर को साफ-सुथरा और सुंदर बनाये रखने का लगातार प्रयास करें। आमजनता भी इन प्रयासों में सहभागी बनके रीवा शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाने में पूरा सहयोग करें।
स्वच्छता सर्वेक्षण में नगर परिषद मऊगंज को गत वर्ष की 200 रैंक से सुधार करते हुए इस वर्ष 86वें रैंक में ली है। नगर परिषद त्योंथर ने पिछले साल की तुलना में 435 पायदानों की छलांग लगायी है उसे गत वर्ष 465 की रैंक मिली थी इस वर्ष त्योंथर 30वें पायदान पर है। नगर परिषद बैकुण्ठपुर ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए गत वर्ष की 490 रैंक में सुधार करते हुए इस वर्ष 121 रैंक प्राप्त की है। नगर परिषद चाकघाट को पिछले साल की 489वें रैंक में उल्लेखनीय सुधार करते हुए 123वें रैंक प्राप्त हुई है। नगर परिषद गोविंदगढ़ को गतवर्ष 437 की तुलना में इस वर्ष 136वें तथा नगर परिषद हनुमना को 521वें रैंक की तुलना में इस वर्ष 98वीं रैंक मिली है।
कलेक्टर मनोज पुष्प ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण में गुढ़ को पिछले साल 452वीं रैंक मिली थी, इस वर्ष गुढ़ 154वीं रैंक में पहुंच गया है। नगर परिषद मनगवां ने गतवर्ष 385वीं रैंक में सुधार करते हुए इस वर्ष 166 रैंक प्राप्त की है। नगर परिषद नईगढ़ी ने पिछले साल 522वीं रैंक में सुधार करते हुए इस वर्ष 171वीं रैंक प्राप्त की है। नगर परिषद सिरमौर ने पिछले साल 510वीं रैंक में सुधार करते हुए 200वीं रैंक प्राप्त की है। इसी तरह नगर परिषद सेमरिया ने भी अपने प्रदर्शन में सुधार करते हुए पिछले साल 436वीं रैंक से प्रगति करते हुए इस वर्ष 183वीं स्थान प्राप्त किया है। साफ-सफाई तथा नागरिक सुविधाओं पर लगातार ध्यान देने के कारण सभी नगरीय निकायों में स्वच्छता सर्वेक्षण शानदार उपलब्धि हासिल की है। कलेक्टर ने नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी सभी कर्मचारियों, सफाई कर्मियों तथा स्वच्छता में सहयोग देने वाले सभी व्यक्तियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है।
रीवा जिले के लिए तीन समूह नल जल योजनाएं मंजूर – 1778 गांव होंगे लाभांवित
रीवा 02 अक्टूबर 2022. जल जीवन मिशन के तहत शासन द्वारा रीवा जिले के लिए 3 नई समूह नल जल योजनाएं मंजूर की गयी है। इनसे रीवा जिले के 1778 गांवों में हर घर में नल से स्वच्छ जल मिलेगा। इनके लिए प्रशासकीय स्वीकृत जारी कर दी गयी है। इस संबंध में कलेक्टर मनोज पुष्प ने बताया कि रीवा जिले की कदैला समूह जल प्रदाय योजना से 109 गांव को पेयजल की आपूर्ति होगी। इस योजना से विकासखण्ड गंगेव के 21, रायपुर कुर्चलियान के 50, विकासखण्ड रीवा के 7 तथा विकासखण्ड सिरमौर के 31 गांव लाभांवित होंगे। कलेक्टर ने बताया कि रीवा टमस समूह जल योजना के लिए 951करोड़ 18 लाख रूपये की प्रशासकीय स्वीकृत जारी की गयी है। इस जल प्रदाय योजना से रीवा जिले के 630 गांव लाभांवित होंगे। इनमें विकासखण्ड गंगेव के 66, जवा के 237, नईगढ़ी के 66 तथा त्योंथर 261 गांव शामिल हैं। इसी तरह सतना बाणसागर-2 परियोजना के लिए 2153 करोड़ 12 लाख रूपये प्रशासकीय स्वीकृत जारी की गयी है। इनसे रीवा जिले के 197 गांव में पानी की आपूर्ति होगी। जिनमें विकासखण्ड रीवा के 82, सिरमौर के 115 गांव शामिल हैं। रीवा बाणसागर समूह जल प्रदाय योजना के लिए 2319 करोड़ 43 लाख रूपये की प्रशासकीय स्वीकृत जारी की गयी है। इससे कुल 1472 गांव को नल से जल मिलेगा। इनमें विकासखण्ड गंगेव के 182, हनुमना के 293, विकासखण्ड मऊगंज के 284, नगईगढ़ी के 246, रायपुर कुर्चलियान 235, विकासखण्ड रीवा के 110 तथा विकासखण्ड सिरमौर के 122 गांव तथा बसहटे शामिल हैं।