वृद्धजन दिवस पर शतायु मतदाताओं को शुभकामनाएं, गांधी जयंती पर मऊगंज में होगा सद्भावना शिविर, वृद्धि जन्मदिवस पर लक्ष्मण बाग में किया गया बुजुर्गों को सम्मानित, सेकंड अक्टूबर को रहेगा शुष्क दिवस ,मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान में 66144 आवेदन पत्र किए गए मंजूर, विधानसभा अध्यक्ष ने वाटर सेट प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत चयनित कार्यों का किया लोकार्पण, शासन की योजनाओं का लाभ हर ब्यक्ति को मिले विधानसभा अध्यक्ष, विधानसभा अध्यक्ष ने शोक संतप्त परिवारों से की भेंट, ढेरा में आयोजित हुआ किलकारी अभियान, स्थानांतरण के प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश( शासन प्रशासन से जुड़ी हुई खबरों को देखने के लिए विजिट करें)

संभागीय जनसंपर्क कार्यालय रीव

समाचार

वृद्धजन दिवस पर शतायु मतदाताओं को किया गया सम्मानित
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने शतायु मतदाताओं को दी शुभकामनाएं
शतायु मतदाताओं ने लगातार मतदान कर लोकतंत्र को सुदृढ़ किया है – कलेक्टर

रीवा 01 अक्टूबर 2022. विश्व वृद्धजन दिवस के अवसर पर पूरे प्रदेश के साथ-साथ रीवा में भी शतायु मतदाताओं का सम्मान किया गया। कलेक्ट्रेट एनआईसी केन्द्र में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से शतायु मतदाताओं को शुभकामनाएं दी। श्री राजन ने कहा कि मतदान प्रत्येक मतदाता का अधिकारी होने के साथ-साथ जिम्मेदारी भी है। हमारे शतायु मतदाताओं ने सभी निर्वाचनों में मतदान करके लोकतंत्र को आगे बढ़ाने में सराहनीय योगदान दिया है। वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान करते हुए निर्वाचन आयोग स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा है। पूरे प्रदेश में लगभग 1100 पुरूष तथा 3000 शतायु महिला मतदाता हैं। वृद्धजन दिवस पर इनको सम्मानित करना हमारी जिम्मेदारी है। हमारे बुजुर्ग मतदाता युवा मतदाताओं के लिए प्रेरणा स्त्रोत हैं। 

कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज पुष्प ने 4 शतायु मतदाताओं को शॉल, श्रीफल, पुष्पहार एवं सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया। कलेक्टर ने शतायु मतदाताओं रामकली देवी 105 वर्ष, श्रीमती दुअसिया बाई 102 वर्ष, जैतुन खान 104 वर्ष तथा श्रीमती रामबती 104 वर्ष को सम्मानित किया। इस अवसर पर श्रीमती रामबती ने कहा कि जबसे चुनाव शुरू हुए तब से हम मतदान कर रहे हैं। अधिक उम्र होने के बाद भी अभी भी वोट डालने अवश्य जाते हैं। शतायु मतदाता जैतुन खान ने वरिष्ठ मतदाताओं को सम्मानित करने के लिए निर्वाचन आयोग तथा जिला प्रशासन के प्रति आभार प्रकट किया। 

इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि हमारे बुजुर्ग परिवार और समाज के मार्गदर्शक हैं। उनका अनुभव नई पीढ़ी के लिए अनमोल वरदान है। शतायु मतदाताओं ने नियमित रूप से मतदान करके लोकतंत्र को सुदृढ़ किया है। आप सबकी जागरूकता तथा मतदान के लिए प्रतिबद्धता नई पीढ़ी के लिए उदाहरण है। लोकतंत्र को स्थापित करने और मजबूत करने में आप सबका योगदान सराहनीय है। कलेक्टर ने सभी मतदाताओं को दीर्घजीवन और स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं दी। कलेक्टर ने कहा कि किसी भी बुजुर्ग को यदि कोई परेशानी होती है तो हमें बताएं, उसका निदान अवश्य होगा। कलेक्टर ने सभी मतदाताओं से अपनी आधार संख्या को इपिक से संबद्ध करने की अपील की। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह, तहसीलदार आरपी त्रिपाठी, नायब तहसीलदार यतीश शुक्ला तथा शतायु मतदाताओं के परिजन उपस्थित रहे। 

क्रमांक-01-3290-तिवारी-फोटो क्रमांक 01, 02, 03 संलग्न हैं

गांधी जयंती पर आज मऊगंज में होगा सद्भावना शिविर

रीवा 01 अक्टूबर 2022. अनुसूचित जाति विकास विभाग तथा जिला प्रशासन द्वारा दो अक्टूबर को अस्पृश्यता निवारण सद्भावना शिविर का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर यह शिविर शासकीय प्राथमिक पाठशाला परौहन टोला मऊगंज के परिसर में आयोजित किया जा रहा है। शिविर दोपहर 12 बजे आरंभ होगा। जिला संयोजक डीएस परिहार ने बताया कि शिविर में शासन की प्रमुख योजनाओं की जानकारी आमजनता को दी जाएगी। उन्होंने मण्डल संयोजक मऊगंज को शिविर के लिए आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं। 

क्रमांक-02-3291-तिवार

वृद्धजन दिवस पर लक्ष्मणबाग में किया गया बुजुर्गों को सम्मानित
वृद्धजनों की सेवा करने से ज्ञान, समृद्धि तथा संतोष प्राप्त होता है – कलेक्टर
वृद्धाश्रम सभ्य समाज के लिए कलंक जैसा है – कलेक्टर

रीवा 01 अक्टूबर 2022. विश्व वृद्धजन दिवस जिले भर में मनाया गया। शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में वृद्धजनों के कल्याण और सम्मान के लिए अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला स्तरीय कार्यक्रम लक्ष्मणबाग मंदिर परिसर में जिला प्रशासन तथा स्वयंसेवी संस्थाओं एवं बैंक के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर मनोज पुष्प ने वृद्धजनों से दीप प्रज्ज्वलित करके कराया। इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि वृद्धजनों की सेवा करने से उनके अनुभव का ज्ञान तथा आशीर्वाद से समृद्धि और सेवा का संतोष मिलता है। वृद्धजन हमारे परिवार और समाज के सच्चे मार्गदर्शक तथा शुभचिंतक हैं। आधुनिकता की भागदौड़ और विकास के चक्कर में हमने पुरानी पीढ़ी को भुला दिया। उनके प्रति पारिवारिक और सामाजिक जिम्मेदारी से मुंह मोड़ लिया। जिसके कारण कई बुजुर्गों को वृद्धाश्रम में जीवन बिताना पड़ रहा है। वृद्धाश्रम भारत जैसे परंपरावादी और प्राचीन देश में सभ्य समाज के लिए कलंक जैसे हैं। वृद्धाश्रम में बुजुर्गों को कई सुविधाएं मिल जाती हैं लेकिन परिवार का प्रेम, आदर और अपनापन उन्हें हमेशा खटकता है। 

कलेक्टर ने कहा कि किसी भी बुजुर्ग को यदि कठिनाई है तो वह प्रशासन से संपर्क अवश्य करे। केन्द्र सरकार ने बुजुर्गों के लिए हेल्पलाइन नम्बर 14567 जारी किया है। इसका उपयोग करके भी सहायता प्राप्त की जा सकती है। रीवा में रेडक्रास समिति द्वारा संचालित वृद्धाश्रम में बुजुर्गों को सभी सुविधाएं दी जा रही हैं। वृद्धजनों के लिए शासन द्वारा संचालित सभी योजनाओं का लाभ आप सबको अवश्य दिया जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि जो बच्चे अपने बुजुर्गों की उपेक्षा कर रहे हैं उनके लिए भरण-पोषण अधिनियम में दण्डात्मक प्रावधान हैं। अगर बच्चों ने माता-पिता तथा अन्य बुजुर्गों की देखभाल में कमी की तो उनके विरूद्ध दण्डात्मक कार्यवाही में भी प्रशासन पीछे नहीं रहेगा। कलेक्टर ने सभी बुजुर्गों को पुष्पाहार एवं यूनियन बैंक द्वारा दिए गए उपहार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन ने कहा कि भारतीय समाज की संयुक्त परिवार की परंपरा सबसे बेहतर है। हम सबने दादा-दादी की कहानियों और बातों से ही अच्छे संस्कार प्राप्त किए हैं। वृद्धजनों की सेवा करना हम सबकी जिम्मेदारी है। 

समारोह में संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय अनिल दुबे ने विभागीय योजनाओं की जानकारी ली। समाजसेवी डॉ प्रभाकर चतुर्वेदी ने कहा कि बुजुर्ग हमारी धरोहर, आदर्श और समाज के अगुआ हैं। रीवा में संचालित वृद्धाश्रम पितामह सदन में 22 बुजुर्गों की सेवा की जा रही है। उन्हें सभी तरह की सुविधाएं दी गई हैं। समाज के लोग समय निकालकर उनकी सेवा अवश्य करें। कार्यक्रम में यूनियन बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री यादव तथा जिला रेडक्रास समिति के सचिव विनोद श्रीवास्तव ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वरिष्ठ बघेली कवि श्री गिरजाशंकर शुक्ल विन्ध्य कोकिल एवं कवि श्री देवेन्द्र पाण्डेय बेधड़क ने नई और पुरानी पीढ़ी के रोचक अनुभव सुनाए। साथ ही अपनी कविताओं के माध्यम से बुजुर्गों का दर्द एवं समय के साथ परिवार और समाज में परिवर्तनों की बानगी प्रस्तुत की। कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी जयंत खन्ना, अग्रणी बैंक प्रबंधक एसके निगम, स्वयंसेवी संस्था बेनिसन हेÏल्पग सोशल वेलफेयर सोसायटी की श्लेषा शुक्ला, भगत सिंह सेवा समिति के सुजीत द्विवेदी, सिद्धार्थ श्रीवास्तव, डॉ जय सिंह तथा बड़ी संख्या में बुजुर्ग एवं उनके परिजन शामिल हुए। 

क्रमांक-03-3292-तिवारी-फोटो क्रमांक 04 से 10 संलग्न हैं

आज रहेगा शुष्क दिवस – गांधी जयंती पर मदिरा की दुकानें रहेंगी बंद
रीवा 01 अक्टूबर 2022. गांधी जयंती 2 अक्टूबर को जिले की सभी देशी एवं विदेशी मदिरा की दुकानें, कंपोजिट दुकानें तथा भांग दुकान बंद रहेंगी। इस दिन देशी एवं विदेशी मदिरा, बॉटलिंग इकाई चोरहटा तथा मदिरा के गोदाम भी बंद रहेंगे। इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी मनोज पुष्प ने बताया कि जिले में दो अक्टूबर को मदिरा के क्रय-विक्रय, परिवहन तथा भण्डारण पर प्रतिबंध के आदेश दिए गए हैं। कलेक्टर ने पुलिस अधीक्षक एवं जिला आबकारी अधिकारी को प्रतिबंध का कठोरता से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
क्रमांक-04-3293-तिवार

मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान में 66144 आवेदन पत्र किए गए मंजूर

रीवा 01 अक्टूबर 2022. जिले भर में 17 सितम्बर से 31 अक्टूबर तक मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के प्रत्येक ग्राम पंचायत तथा नगरीय निकायों के प्रत्येक वार्ड में शिविर लगाकर पात्र हितग्राहियों से विभिन्न योजनाओं के आवेदन पत्र प्राप्त किए जा रहे हैं। इस संबंध में कलेक्टर मनोज पुष्प ने बताया कि रीवा जिले में जनसेवा शिविरों के प्रथम चरण में कुल 72 हजार 749 आवेदन पत्र दर्ज किए गए हैं। इनमें 80 आवेदन पत्र ऑनलाइन दर्ज किए गए हैं। शेष 72 हजार 669 आवेदन पत्र नोडल अधिकारी एवं ग्राम स्तरीय कर्मचारियों द्वारा आमजनता से प्राप्त किए गए हैं। इन आवेदन पत्रों में से विभिन्न योजनाओं के माध्यम से 66 हजार 144 आवेदन पत्र स्वीकृत कर लिए गए हैं। इनके हितलाभ का वितरण जनसेवा अभियान के दूसरे चरण में आयोजित शिविरों में किया जाएगा। प्राप्त आवेदन पत्रों में से अलग-अलग कारणों से 1581 आवेदन पत्र अस्वीकृत किए गए हैं। वर्तमान में विभिन्न विभागों के पास कार्यवाही के लिए 4997 आवेदन पत्र लंबित हैं। इनमें एक सप्ताह में समुचित कार्यवाही करके इनका निराकरण किया जाएगा। कलेक्टर ने सभी एसडीएम तथा जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान में प्राप्त सभी आवेदन पत्र तथा उन पर की गई कार्यवाही का विवरण पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। 

क्रमांक-05-3294-तिवार

विधानसभा अध्यक्ष ने वाटरशेड प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत चयनित कार्यों का किया लोकार्पण
विधानसभा अध्यक्ष ने किसानों को वितरित किए बीज के पैकेट

रीवा 01 अक्टूबर 2022. विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम ने वाटरशेड प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना-2 के तहत 9.36 लाख रुपए से निर्मित खेत तालाब, 4.46 लाख रुपए के अमृत सरोवर, 16.20 लाख रुपए से गैलियन निर्माण कार्य सहित 13 किसानों की भूमि में 13.26 लाख रुपए से कराए गए वृक्षारोपण कार्यों का लोकार्पण किया। विधानसभा अध्यक्ष ने किसानों को बीज के पैकेट भी बांटे। इस अवसर पर 159 किसानों को 795 किलोग्राम मटर एवं 318 किलोग्राम राई के बीज के पैकेट बांटे गए। 

विधानसभा अध्यक्ष ने ढेरा/पथरहा में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों को फसल विविधीकरण प्रक्रिया को अपनाना होगा। साथ ही मोटे अनाज के उत्पादन को लेना होगा क्योंकि इनका उत्पादन लाभकारी व लोगों के स्वास्थ्य के लिए हितकर है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पानी की उपलब्धता के सभी कार्य प्राथमिकता से कराए जा रहे हैं। बाणसागर के पानी को पहुंचाकर हर किसान का खेत सिंचित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के लिए निर्मित संरचनाओं से भूमिगत जल स्तर बढ़ेगा और सिंचाई के लिए वैकल्पिक व्यवस्था होगी। उन्होंने जल संग्रहण संरचनाओं के निर्माण में जन सहयोग की अपेक्षा भी की। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष ने आंगनवाड़ी भवन निर्माण सहित नाली एवं सड़क निर्माण की मांगों से सहमत होते हुए इनमें शीघ्र कार्य प्रारंभ कराने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर उन्होंने मुनगे का पौधा भी लगाया। 

कार्यक्रम को जनपद अध्यक्ष मऊगंज एवं जिला पंचायत सदस्य देवेन्द्र शुक्ला ने भी संबोधित किया। इससे पूर्व परियोजना के विषय में जानकारी देते हुए जिला पंचायत के वाटरशेड प्रभारी डॉ संजय सिंह ने बताया कि विकासखण्ड मऊगंज अंतर्गत परियोजना की लागत 1151.26 लाख रुपए है। जिसमें स्वीकृत क्षेत्रफल 5233 हेक्टेयर है। इसमें 10 वाटरशेड कमेटियाँ कार्य करेंगी। परियोजना अंतर्गत वनीकरण, सोशल फारेस्ट्री, उद्यानिकी, चारागाह विकास के साथ अन्य भूजल रिचार्ज संरचनाएं संचालित की जाएंगी। रिच टू वैली सिद्धांत पर कर्मठ समाज की सहभागिता से प्राकृतिक संसाधनों का प्रबंधन किया जाएगा। इस अवसर पर ढेरा सरपंच, जनप्रतिनिधिगण, पुष्पेन्द्र गौतम, जनपद उपाध्यक्ष, अखिलेश सिंह सहित आसपास के गांव के आमजन, कृषक व स्थानीयजन उपस्थित रहे। 

क्रमांक-06-3295-शुक्ल-फोटो क्रमांक 11 से 13 संलग्न हैं

शासन की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति को दिलाएं – विधानसभा अध्यक्ष
मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान अंतर्गत शिविर संपन्न

रीवा 01 अक्टूबर 2022. मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के तहत नईगढ़ी के ग्राम सेनुआ में शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों के स्टाल में हितग्राहियों के आवेदन प्राप्त किए गए तथा प्राप्त आवेदनों में से कुछ आवेदनों पर तत्काल मौके पर ही समाधानकारक कार्यवाही की गई।

 शिविर को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि शासन की योजनाओं का हर पात्र व्यक्ति को लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान का उद्देश्य है कि 33 योजनाओं का हर पात्र व्यक्ति को लाभ मिले इसके लिए हर घर सर्वे भी किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनप्रतिनिधियों व प्रशासन के सहयोग से नईगढ़ी विकासखण्ड जिले में शत-प्रतिशत हितग्राहियों को लाभ दिलाने वाला विकासखण्ड बनेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्र शिवराज सिंह चौहान हमेशा से समाज के अंतिम छोर के व्यक्ति को लाभ दिलाने के लिए संकल्पित हैं। हमारा भी प्रयास होना चाहिए कि पीड़ित मानवता की सेवा के लिए आगे आएं और पात्र व्यक्ति को उनका लाभ दिलाएं। उन्होंने जनप्रनिधियों से अपेक्षा की कि वह समाज में अपनी विश्वनीयता बनाए रखने के लिए कार्य करें व जनता के विश्वास में खरा उतरें। 

विधानसभा अध्यक्ष ने स्वच्छता ही सेवा का संकल्प के लिए हस्ताक्षर कर अपनी सहभागिता निभाई। उन्होंने स्वच्छता सेल्फी प्वाइंट में फोटो भी खिचवाई। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के तहत नईगढ़ी जनपद अन्तर्गत विभिन्न विभागों को प्राप्त 7846 आवेदनों में से 7433 आवेदनों को पोर्टल में फीड कराया जा चुका है। शेष 166 आवेदन लंबित हैं। प्राप्त आवेदनों में खाद्य विभाग के 113, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 25, प्रधानमंत्री आवास के 286, राजस्व विभाग का एक, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के 6090, श्रम विभाग के 752, सामाजिक न्याय विभाग के 578 एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग का एक आवेदन शामिल है। शिविर में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष सहित श्री अखिलेश सिंह, पुष्पेन्द्र गौतम एवं जनपद के सीईओ व विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। 

क्रमांक-07-3296-शुक्ल-फोटो क्रमांक 14 से 17 संलग्न हैं

विधानसभा अध्यक्ष ने शोक संतप्त परिवारों से की भेंट

रीवा 01 अक्टूबर 2022. विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम ने अपने एक दिवसीय रीवा प्रवास के दौरान विभिन्न ग्रामों में पहुंचकर शोक संतप्त परिवारों से भेट की तथा उनको ढाढस बंधाया। श्री गौतम ने सूजी में मधुसूदन पाण्डेय की माता जी के निधन पर, मालातर (रतनगवां) में अखिलेश्वर प्रसाद गौतम के पुत्र के सड़क दुर्घटना में हुए दुखद निधन पर तथा खुझवा सुअरहा में बृजलाल प्रजापति के पिता के दुखद निधन एवं कोलहा (राजगढ़) में अतुल सिंह के दुखद निधन पर शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात कर सांत्वना दी। इस दौरान पुष्पेन्द्र गौतम सहित संबंधित ग्राम के ग्रामीणजन उपस्थित थे। 

फिट इंडिया फ्रीडम रन रविवार को

रीवा 01 अक्टूबर 2022. जिले भर में दो अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती मनाई जा रही है। इस दिन खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा फिट इंडिया फ्रीडम रन 3 का आयोजन किया जा रहा है1 इस संबंध में खेल अधिकारी एमके धौलपुरी ने बताया कि फ्रीडम रन दो अक्टूबर को प्रात: 7 बजे विवेकानंद पार्क से आरंभ होगी। फ्रीडम रन विवेकानंद पार्क से कालेज चौराहा, मानस भवन से होते हुए कलामंदिर रोड से अमहिया रोड में पहुंचकर सिरमौर चौराहा होते हुए विवेकानंद पार्क पर समाप्त होगी। इस कार्यक्रम में सभी आयु समूह के व्यक्ति भाग ले सकते हैं। कार्यक्रम में विशेष तौर पर स्कूल तथा कालेज के विद्यार्थी, खिलाड़ी एवं आमजन शामिल होंगे। इस दौड़ के माध्यम से स्वयं को फिट करने के साथ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का पुण्य स्मरण भी किया जाएगा। 

ढेरा में आयोजित हुआ किलकारी अभियान अंतर्गत स्वास्थ्य शिविर
रीवा की गर्भवती हाई रिस्क महिलाओं को स्वस्थ रखने व कुपोषण मुक्त बनाने के प्रयास प्रशंसनीय – विधानसभा अध्यक्ष

रीवा 01 अक्टूबर 2022. हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण एवं कुपोषित बच्चों को कुपोषण से मुक्त करने के उद्देश्य से ढेरा ग्राम में स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 315 गर्भवती महिलाओं, 112 बच्चों व 156 वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

शिविर को मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जिले में गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत स्वास्थ्य परीक्षण कर इनको स्वस्थ रखने व सुरक्षित प्रसव के प्रयास की दिशा में शिविर का आयोजन प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि अभियान चलाकर जिले में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम से कम करने के प्रयास जारी हैं और यह अभियान इसमें सफल होगा। उन्होंने कहा कि रक्तदान शिविर आयोजित कर रक्त संग्रहण किया गया जो इन गर्भवती हाईरिस्क महिलाओं के लिए उपयोगी हुआ है। उन्होंने अपेक्षा की कि जिले में प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे नवाचार किलकारी अभियान अपने उद्देश्य की पूर्ति में सफल होगा। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एनएन मिश्रा ने बताया कि अभियान से जिले में गर्भवती माताओं के स्वास्थ्य तथा बच्चों के कुपोषण को दूर करने में मदद मिली है। शीघ्र ही रीवा जिला प्रदेश में प्रथम स्थान पर होगा। इस अवसर पर डीपीएम अर्पिता सिंह ने बताया कि जिले में किलकारी अभियान का नवाचार कलेक्टर मनोज पुष्प के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संयुक्त रूप से गर्भवती हाई रिस्क महिलाओं के स्वास्थ्य उपचार की सुविधा के साथ ही कुपोषित बच्चों को कुपोषण से दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं जिसके सकारात्मक परिणाम आए हैं। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष ने लाडली लक्ष्मी योजना से लाभान्वित बेटियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर ग्राम पंचायत सरपंच, बीएमओ एसडी कोल, जिला पंचायत सदस्य, देवेन्द्र शुक्ल, डॉ हरीश सोनी, पुष्पेन्द्र गौतम सहित विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। 

स्थानांतरण के प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश

रीवा 01 अक्टूबर 2022. अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह ने सभी कार्यालय प्रमुखों को स्थानांतरण नीति के अनुसार स्थानांतरण के प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि शासन द्वारा 17 सितम्बर से 5 अक्टूबर तक स्थानांतरण से प्रतिबंध शिथिल किया गया है। इस अवधि में सभी कार्यालय प्रमुख प्रशासनिक आवश्यकता को ध्यान में रखकर स्थानांतरण नीति के प्रावधानों के अनुसार स्थानांतरण के प्रस्ताव प्रस्तुत करें। तय समय-सीमा के बाद प्राप्त प्रस्तावों में विचार नहीं किया जाएगा। केवल जिला स्तर से होने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के ही प्रस्ताव प्रस्तुत करें। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *