समाचार
गांधी जयंती पर मऊगंज में होगा सद्भावना शिविर
रीवा 30 सितंबर 2022. अनुसूचित जाति विकास विभाग तथा जिला प्रशासन द्वारा दो अक्टूबर को अस्पृश्यता निवारण सद्भावना शिविर का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर यह शिविर शासकीय प्राथमिक पाठशाला परौहन टोला मऊगंज के परिसर में आयोजित किया जा रहा है। शिविर दोपहर 12 बजे आरंभ होगा। जिला संयोजक डीएस परिहार ने बताया कि शिविर में शासन की प्रमुख योजनाओं की जानकारी आमजनता को दी जाएगी। उन्होंने मण्डल संयोजक मऊगंज को शिविर के लिए आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने खाद्यान्न वितरण तथा उज्ज्वला योजना की समीक्षा की
एसडीएम उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें – कलेक्टर
रीवा 30 सितंबर 2022. कलेक्टर मनोज पुष्प तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े ने गूगल मीट के माध्यम से मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी जनसेवा अभियान में प्राप्त आवेदन पत्रों को ऑनलाइन दर्ज कराएं। जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नोडल अधिकारियों के माध्यम से आवेदन पत्रों की फीडिंग कराएं। प्राप्त आवेदन पत्रों का विभागीय अधिकारियों के सहयोग से शत-प्रतिशत निराकरण कराएं। इसके साथ ही पात्र हितग्राहियों की सूची तैयार कर अभियान के दूसरे चरण में आयोजित शिविरों में हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण कराएं।
कलेक्टर ने कहा कि सभी एसडीएम उचित मूल्य दुकानों का नियमित निरीक्षण करें। आवंटित खाद्यान्न का समय पर उठाव तथा आपूर्ति सुनिश्चित करें। मध्यान्ह भोजन योजना एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों को भी समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराएं। इसमें लापरवाही बरतने वाले सेल्समैनों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही करें। उज्ज्वला योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि योजना के नोडल अधिकारी विकासखण्डवार पात्र हितग्राहियों की सूची उपलब्ध कराएं। जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पात्र हितग्राहियों के आवेदन पत्र तैयार कर अपने क्षेत्र की गैस एजेंसी के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज कराएं। साथ ही हितग्राहियों को नि:शुल्क गैस कनेक्शन प्रदान करें।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री वानखेड़े ने कहा कि खाद्य सुरक्षा योजना के तहत 8400 से अधिक ऐसे हितग्राही हैं जो एक वर्ष से खाद्यान्न नहीं ले रहे हैं। इनकी सूची ग्राम पंचायत में चस्पा करा दें। सूची के संबंध में 7 दिवस तक किसी भी तरह की आपत्ति न आने पर इन हितग्राहियों के नाम खाद्यान्न प्राप्त करने वालों की सूची से पृथक करने की कार्यवाही करें। उज्ज्वला योजना के गैस कनेक्शन प्रदान करने में जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गैस एजेंसियों तथा खाद्य विभाग को सहयोग करें। बैठक में अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह ने खाद्यान्न वितरण के संबंध में जानकारी दी। वर्चुअल माध्यम से बैठक में सभी एसडीएम, जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा खाद्य विभाग के अधिकारी शामिल रहे।
स्वरोजगार के लिए लगाए जाएंगे शिविर
रीवा 30 सितंबर 2022. अनुसूचित जाति एवं जनजातीय कार्य विभाग द्वारा स्वरोजगार योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए तीन शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। भगवान बिरसा मुण्डा स्वरोजगार योजना तथा टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना के लिए इन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में कलेक्टर मनोज पुष्प ने बताया कि विकासखण्ड हनुमना में 7 अक्टूबर को शासकीय उमावि पिपराही में शिविर लगाया जाएगा। इसी तरह विकासखण्ड जवा में शासकीय उमावि डभौरा में 14 अक्टूबर को तथा विकासखण्ड गंगेव के शासकीय उमावि गढ़ में 21 अक्टूबर को शिविर लगाए जाएंगे। शिविर प्रात: 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होंगे। शिविर में दोनों स्वरोजगार योजनाओं के लिए पात्र 18 से 55 आयु वर्ग के हितग्राही के आवेदन पत्र तैयार कराए जाएंगे। इन आवेदन पत्रों को समस्त पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज किया जाएगा। कलेक्टर ने जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग को शिविरों के लिए आवश्यक प्रबंधन करने तथा पात्र हितग्राहियों के आवेदन पत्र तैयार कराने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने वर्चुअल माध्यम से की नलजल योजनाओं के संचालन की समीक्षा
रीवा 30 सितंबर 2022. कलेक्ट्रेट के बाणसागर सभागार में वर्चुअल माध्यम से जलजीवन मिशन की नलजल योजनाओं के संचालन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर मनोज पुष्प ने महिला स्वसहायता समूहों से नलजल योजनाओं के संचालन के संबंध में चर्चा की। कलेक्टर ने कहा कि जिले में अब तक जलजीवन मिशन से 240 नलजल योजनाओं का कार्य पूरा किया जा चुका है। इन योजनाओं का संधारण एवं संचालन महिला स्वसहायता समूह करेंगी। उन्हें पीएचई विभाग तथा ग्राम पंचायत सहयोग प्रदान करेंगी। स्वसहायता समूह की महिलाएं नलजल योजनाओं के संचालन के लिए आवश्यक जानकारियाँ पीएचई विभाग तथा निर्माण एजेंसी से प्राप्त कर लें। समूह को गांव के प्रत्येक घर में निर्धारित मात्रा में पानी की नल से आपूर्ति तथा इसके लिए निर्धारित राशि के संकलन में सहयोग करना है। नलजल योजना के संचालन में किसी भी तरह की कठिनाई आने पर ग्राम पंचायत तथा निर्माण एजेंसी को इसकी सूचना दें। आमजनों को पानी का दुरूपयोग न करने तथा जल संरक्षण के लिए प्रेरित करें। नल से घर में जल मिलना बहुत बड़ी सुविधा है। यह सुविधा ग्रामवासियों के सहयोग से ही लगातार बनी रह सकती है। नलजल योजनाओं का संचालन और संधारण के लिए पानी का उपयोग करने वाले हर व्यक्ति के सहयोग की आवश्यकता होगी। बैठक में शामिल कार्यपालन यंत्री पीएचई शरद सिंह ने नलजल योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। बैठक में कार्यपालन यंत्री पीएचई मेकेनिकल पंकजराव गोरखेड़े, कार्यपालन यंत्री मऊगंज एसके द्विवेदी, आजीविका मिशन के जिला समन्वयक अजय सिंह तथा बड़ी संख्या में महिला स्वसहायता समूह शामिल रहे।
गोविंदगढ़ में रक्तदान शिविर आज
रीवा 30 सितंबर 2022. रक्तदान अमृत महोत्सव अभियान स्वास्थ्य विभाग द्वारा 17 सितम्बर से एक अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले भर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एनएन मिश्रा ने बताया कि एक अक्टूबर को सीएचसी गोविंदगढ़ में रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने आमजनता से शिविर में रक्तदान करने की अपील की है।
अन्न उत्सव में खाद्यान्न वितरण के निर्देश
हर माह 7 से 9 तारीख तक अन्न उत्सव का आयोजन करें – अपर कलेक्टर
रीवा 30 सितंबर 2022. अपर कलेक्टर तथा प्रभारी अधिकारी खाद्य शैलेन्द्र सिंह ने जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, मुख्य नगर पालिका अधिकारियों तथा खाद्य विभाग के अधिकारियों को अन्न उत्सव के संबंध में निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि प्रत्येक माह की 7 से 9 तारीख तक सभी उचित मूल्य दुकानों में अन्न उत्सव का आयोजन करें। इस अवधि में सभी खाद्यान्न पर्चीधारी हितग्राहियों को खाद्यान्न का वितरण कराएं। वितरण के समय स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी भागीदारी सुनिश्चित करें। अन्न उत्सव के लिए प्रत्येक उचित मूल्य दुकान में नोडल अधिकारी तैनात किया गया है। नोडल अधिकारी अन्न उत्सव में खाद्यान्न का शत-प्रतिशत वितरण कराकर हर माह प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।
अपर कलेक्टर ने कहा है कि जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम सभी उचित मूल्य दुकानों में माह की पांच तारीख तक आवंटित खाद्यान्न का शत-प्रतिशत भण्डारण कराएं। खाद्यान्न के परिवहन में देरी करने वाले परिवहनकर्ताओं पर कड़ी कार्यवाही करें। सभी एसडीएम उचित मूल्य दुकानों का नियमित निरीक्षण करें। साथ ही अन्न उत्सव के दौरान खाद्यान्न वितरण की निगरानी करें। खाद्यान्न वितरण में लापरवाही बरतने वाले सेल्समैनों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही करें। प्रत्येक गरीब परिवार को उसके हक का अनाज हर माह उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
क्रमांक-424-3275-तिवारी
उज्ज्वला योजना से दिए जा रहे हैं नि:शुल्क गैस कनेक्शन
रीवा 30 सितंबर 2022. पात्र हितग्राहियों को गैस कनेक्शन उपलबध कराने के लिए प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना-2 लागू की गई है।इस योजना के तहत नि:शुल्क गैस कनेक्शन दिए जा रहे हैं। इस संबंध में अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि उज्ज्वला योजना-2 के तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के सभी हितग्राही पात्र हैं। अन्त्योदय अन्न योजना तथा अन्य राज्यों से आए प्रवासी मजदूर भी इस योजना के लिए पात्र हैं। योजना का लाभ देने के लिए उचित मूल्य दुकानों के लिए आवेदन पत्र भरवाए जा रहे हैं। आवेदन पत्र के साथ निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, परिवार के सभी वयस्क सदस्यों के आधार, आवेदक के बैंक खाते की जानकारी, मोबाइल नम्बर, पासपोर्ट आकार की फोटो तथा फोटोयुक्त पहचान पत्र प्रस्तुत करना आवश्यक होता है। इसके आवेदन पत्र ऑनलाइन दर्ज किए जाते हैं। रीवा जिले में कुल 83 हजार 600 पात्र परिवारों को नि:शुल्क गैस कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा गया है। शेष पात्र 21281 हितग्राहियों को नि:शुल्क गैस कनेक्शन दिये जा रहे हैं। इसके लिए गैस एजेंसियां लगातार शिविरों का आयोजन कर रही हैं।
धान उपार्जन के लिए किसान 15 अक्टूबर तक करा सकते हैं पंजीयन
रीवा 30 सितंबर 2022.खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में धान उपार्जन के लिए किसानों का पंजीयन निर्धारित खरीदी केन्द्रों तथा कियोस्क सेंटरों में किया जा रहा है। किसान आवश्यक अभिलेखों के साथ 15 अक्टूबर तक अपना पंजीयन करा सकते हैं। इस संबंध में अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि किसान पंजीयन की प्रक्रिया ई-उपार्जन पोर्टल एवं एमपी किसान एप पर कर सकते हैं। पंजीयन के लिए कियोस्क कामन सर्विस सेंटर तथा लोक सेवा केन्द्र पर भी सुविधाएं उपलब्ध हैं। किसानों का पंजीयन गिरदावरी के आधार पर किया जाएगा। पूर्व से पंजीकृत किसानों एवं नवीन किसानों की भूमि का रकबा, फसल एवं फसल की किस्म की जानकारी गिरदावरी से ली जायेगी। पंजीयन ओटीपी आधारित व्यवस्था से होगा। खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में किसान पंजीयन सिकमी/बटाईदार अनुबंध ही मान्य होगे। उन्होंने कृषक से अपेक्षा की है कि पंजीयन की निर्धारित समयावधि में पंजीयन केन्द्र/गिरदावरी एप से पंजीयन करायें।
ज्वार, बाजरा और मक्का के लिए भी करा सकते हैं पंजीयन
रीवा 30 सितंबर 2022. निर्धारित खरीदी केन्द्रों तथा कियोस्क केन्द्रों में किसानों का समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए पंजीयन किया जा रहा है। पंजीयन 15 अक्टूबर तक किया जाएगा। इन्हीं केन्द्रों में किसान ज्वार, बाजरा और मक्का के समर्थन मूल्य पर उपार्जन के लिए भी पंजीयन करा सकते हैं। इस संबंध में उप संचालक कृषि यूपी बागरी ने बताया कि किसानों का पंजीयन ऑनलाइन किया जा रहा है। बैंक खाते, जमीन के अभिलेख तथा अन्य दस्तावेजों के साथ पंजीयन की सुविधा दी जा रही है। जिस भूमि पर गिरदावरी में ज्वार, बाजरा और मक्का की फसल दर्ज की गई है उन्हीं को पंजीयन की सुविधा मिलेगी। गिरदावरी एप के आधार पर फसल का सत्यापन करने के बाद ही पंजीयन को मान्य किया जाएगा। पर्याप्त संख्या में किसानों का पंजीयन होने पर ज्वार, बाजरा और मक्का के उपार्जन के लिए खरीदी केन्द्रों की व्यवस्था की जाएगी।
जनभागीदारी समिति की बैठक संपन्न
रीवा 30 सितंबर 2022. शासकीय गोलवलकर महाविद्यालय के जनभागीदारी समिति की बैठक कलेक्टर मनोज पुष्प की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में संपन्न हुई। बैठक में बाउंड्रीवॉल निर्माण, साइकिल स्टैंड व पार्किंग सेड के निर्माण, श्रमिको के मानदेय में वृद्धि करने तथा जनभागीदारी मद से नियुक्त अतिथि विद्वानों के वेतन वृद्धि, वाटनिकल गार्डन,नैक मूल्यांकन में व्यय,बायोमैट्रिक मशीन का व्यय,महाविद्यालय परिसर विकास तथा महाविद्यालय के भवन की पुताई कराये जाने का अनुमोदन किया गया। बैठक में प्राचार्य डॉ एस एम शुक्ला,वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ आर के तिवारी, डॉ शैलजा सचान,डॉ स्कंद मिश्रा, कृषि वैज्ञानिक डॉ आर पी जोशी,सांसद प्रतिनिधि श्री शरद साहू, विधायक प्रतिनिधि जेपी शर्मा,श्री मुनीर ख़ान,श्री सुजय सिंह, डॉ. डी के पाठक, डॉ. विभा श्रीवास्तव, डॉ. मुकेश एंगल, डॉ के पी द्विवेदी, एच के त्रिपाठी नगर निगम, हिमांशु वर्मा, डॉ विजय सिंह एवं डॉ प्रदीप तिवारी शामिल रहे।
अन्तर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस आज
रीवा 30 सितंबर 2022. अन्तर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस आज एक अक्टूबर को लक्ष्मणबाग संस्थान में आयोजित किया गया है। जिला प्रशासन, स्टेट बैंक, इंडियन बैंक तथा बेनिसन हेÏल्पग सोशल बेलफेयर सोसायटी के तत्वाधान में दोपहर 12.30 बजे से आयोजित कार्यक्रम में वृद्धजनों का सम्मान किया जायेगा।
संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय अनिल दुबे ने बताया कि इस दिवस पर वृद्धजनों के सम्मान में तथा उनके द्वारा समाज को जीवनभर दिये गये सहयोग के बदले में कृतज्ञता एवं सम्मान प्रदर्शित करने हेतु विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जाते हैं। इस आयोजन में वरिष्ठ नागरिकों के लिए ऐसा वातावरण बनाया जाता है जिससे वह समाज से जुड़े रहे और खासकर ऐसी सामाजिक गतिविधियों में जो उनके हित से संबंधित है में भागीदार बन सके और अपने अनुभव, ज्ञान और कार्यकौशल का लाभ समाज के युवा वर्ग को दे सके। वरिष्ठ नागरिकों को देखरेख सुरक्षा, उनके जीवन को पुर्नस्थापना करने हेतु अच्छा वातावरण मिलता रहे यह प्रयास होता है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिले में वृद्धजनों को इद्रिरा गांधी वृद्धावस्था पेंशन योजना अन्तर्गत 104252 हितग्राहियों को 600 रूपये प्रति माह पेंशन एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना अन्तर्गत 16222 हितग्राहियों को 600 रूपये प्रतिमाह पेंशन प्रदाय की जा रही है। शासन द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए हेल्पेज इंडिया के माध्यम से हेल्पलाइन 14567 प्रारंभ की गई है जिस पर कोई भी समस्या होने पर कॉल किया जा सकता है।
विश्व ह्मदय दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य शिविर परीक्षण संपन्न
रीवा 30 सितंबर 2022. राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम अन्तर्गत मुख्यमंत्री बाल ह्मदय उपचार योजना अन्तर्गत विश्व ह्मदय दिवस के अवसर पर जिला स्तर पर स्वास्थ्य परीक्षण शिविर जिला अस्पताल में आयोजित किया गया। मैट्रो हास्पिटल एण्ड रिसर्च सेंटर जबलपुर के ह्मदय रोग विशेषज्ञ डॉ. केएल उमा महेश्वर ह्मदय रोग विशेषज्ञ के विशेष सहयोग से संपन्न हुआ शिविर में डॉ. केके पटेल जर्नल सर्जरी विशेषज्ञ दुबे सर्जिकल हास्पिटल जबलपुर द्वारा मरीजों का परीक्षण किया गया।
शिविर में 92 बच्चे पंजीकृत किये गये जिसमें 60 बच्चे ह्मदय रोग के 10 बच्चे डेवलपमेंटल डिले, 02 बच्चे कटे-फटे होंठ एवं तालू एवं 20 बच्चे अन्य बीमारी के पंजीकृत किये गये। जिसमें 60 बच्चों का ईको टेस्ट किया गया जिसमें से 25 पॉजिटिव पाये गये, 15 बच्चे सर्जरी हेतु फिट पाये गये, 07 बच्चे हायर सेंटर रेफर किये गये एवं 03 बच्चों को मेडिकली ट्रीटमेंट दिया गया, 01 बच्चे को दुबे सर्जिकल टीम के साथ सर्जरी हेतु रवाना किया गया। जिसकी कल सर्जरी होगी।
शिविर का आयोजन डॉ. एनएन मिश्रा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देश में संपन्न हुआ। शिविर में डॉ. केपी गुप्त सिविल सर्जन, डॉ. विकास सिंह आरएमओ, डॉ. आनंद पाण्डेय, उपस्थित रहें। शिविर का संचालन विष्णु प्रताप सिंह जिला शीघ्र हस्तक्षेप प्रबंधक द्वारा किया गया। शिविर में डॉ. प्रितेश अग्निहोत्री, डॉ. दिनेश त्रिपाठी, डॉ. ज्योति सोनी, डॉ. नीलम शर्मा, डॉ. राजेश मिश्रा, डॉ. शिवकुमार पटेल, डॉ. विवेक त्रिपाठी, डॉ. राजकमल तिवारी, डॉ. आरडी साकेत, डॉ. शीवेन्द्र शुक्ला, डॉ. अनु मिश्रा सायकोलॉजिस्ट, श्री उपेन्द्र शुक्ला उपस्थित रहे।
विधानसभा अध्यक्ष का भ्रमण कार्यक्रम
रीवा 30 सितंबर 2022. विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम रेवांचल एक्सप्रेस द्वारा भोपाल से प्रस्थान कर आज एक अक्टूबर को रीवा आयेंगे। श्री गौतम प्रात: 10.30 बजे सूजी पहुंचकर मधूसूदन पाण्डेय की माता जी के निधन पर शोक प्रकट करेंगे।
विधानसभा अध्यक्ष प्रात: 11 बजे ढेरा में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित किलकारी अभियान कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे तथा प्रात: 11.35 बजे पथरहा में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत किसानों को फसल उत्पादन हेतु बीज वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। श्री गौतम दोपहर 12.15 बजे मालातर में अखिलेश्वर गौतम के पुत्र के सड़क दुर्घटना में हुए दुखद निधन, दोपहर 12.35 बजे बमुरिहा प्राणनाथ में सरोज द्विवेदी की सड़क दुर्घटना में निधन तथा सुझवा सुअरहा में बृजलाल प्रजापति के पिता के दुखद निधन पर शोक संतप्त परिजनों से भेंट करेंगे।
विधानसभा अध्यक्ष दोपहर 1.35 बजे सेनुआ में जन समस्या निवारण शिविर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे तथा अपरान्ह 2.40 बजे कोलहा में अतुल सिंह के निधन पर शोकाकुल परिजनों से भेंट करेंगे तथा अपनी संवेदना प्रकट करेंगे। श्री गौतम का अपरान्ह 3.30 बजे रीवा स्थित मलियान टोला काली मंदिर के पास आयोजित कार्यक्रम में सम्मान किया जायेगा। विधानसभा अध्यक्ष शाम 7 बजे होटल समदड़िया गोल्ड में राजकुमार शुक्ला (एडबोकेट) द्वारा आयोजित परिवारिक कार्यक्रम में शामिल होकर रेवांचल एक्सप्रेस द्वारा रात्रि 8 बजे भोपाल रवाना हो जायेंगे।
अन्तर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस पर वरिष्ठ नागरिकों का किया जायेगा सम्मान
100 वर्ष पूर्ण कर चुके मतदाताओं को दिया जायेगा प्रमाण पत्र
रीवा 30 सितंबर 2022. अन्तर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस आज एक अक्टूबर को आयोजित किया जायेगा। वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर ऐसे मतदाता जिन्होंने 100 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली हो उन्हें चिन्हांकित कर इनका सम्मान किया जायेगा और मध्यप्रदेश निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार उन्हें प्रमाण पत्र दिया जायेगा।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज पुष्प ने बताया कि एक अक्टूबर को अन्तर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर कार्यक्रम यूट¬ूब लिंक- https://youtu.be/5chvirjrpr4 द्वारा लाइक कार्यक्रम पूर्वान्ह 11.30 बजे से प्रसारित होगा। उन्होंने निर्देश दिये कि समस्त रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, बीएलओ सुपरवाइजर एवं बीएलओ यूट¬ूब लिंक से जुड़ेंगे।
सांसद श्री मिश्र ने 85 क्यूबिक मीटर की क्षमता वाले बायोगैस संयंत्र का किया भूमिपूजन
गौसेवा कार्यक्रम संपन्न
रीवा 30 सितंबर 2022. जिले की सभी गौशालाओं में मुख्यमंत्री जनसेवा पखवाड़ा अन्तर्गत गौसेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। बसामन मामा गौवंश वन्य विहार में मुख्य अतिथि सांसद जनार्दन मिश्र रहे एवं विधायक केपी त्रिपाठी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। कार्यक्रम में उप संचालक पशुपालन विभाग डॉ. राजेश मिश्र उपस्थित रहे। सांसद श्री मिश्र ने 51 लाख रूपये की लागत से स्थापित होने वाले 85 क्यूबिक मीटर की क्षमता वाले बायोगैस संयंत्र का भूमि पूजन किया।
लक्ष्मणबाग गौशाला में उपस्थित गौवंशीय पशुओं में लम्पी स्किन बीमारी का टीकाकरण किया गया। कार्यक्रम में पशुपालन की योजना, पशुओं में संक्रामण बीमारियां एवं बचाव एवं लंपी स्किन बीमारी की रोकथाम की जानकारी दी गई। गौशाला घूमन में भी गौसेवा कार्यक्रम धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गौशाला समिति अध्यक्ष डॉ. प्रभाकर चतुर्वेदी, डॉ. बाईपी सिंह, डॉ. अनवर आलम खान, डॉ. पाण्डेय, डॉ. अरूणेन्द्र शुक्ला, श्री डीपी सिंह गहरवार, श्री राकेश मिश्रा, श्री राजमणि पाण्डेय, श्री अंकित पाण्डेय उपस्थित रहे। विकासखण्ड जवा के जनकहाई गौशाला में गौसेवा कार्यक्रम अन्तर्गत सेवानिवृत्त डीएसपी श्री बीडी पाण्डेय, एसडीएम त्योथर श्री प्रमोद पाण्डेय, विकासखण्ड पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरपी गौतम, तहसीलदार श्री उमेश तिवारी जनकहाई के सरपंच श्री प्रेम नारायण मिश्रा, मनरेगा प्रभारी श्री नागेन्द्र सिंह, एवीएफओ रामअवतार माझी, गौसेवक जन्मेजय एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
नईगढ़ी के ग्राम पैकन गांव गौशाला में डॉ. जेपी त्रिपाठी, सरपंच सुखेंद्र सिंह गौसेवक एवं अन्य ग्रामीण जन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ग्रामीणों को पशुधन किसान क्रेडिट कार्ड, आचार्य विद्यासागर योजना एवं लंपी चर्म रोग से बचाव के उपाय की जानकारियां दी गई। गौशाला कोट में एवीएफओ श्री जीपी पटेल, सरपंच श्रीमती उषा तिवारी, गौसेवक योगराज पाण्डेय एवं ग्रामीण उपस्थित हुए। गंगेव विकासखण्ड के बांस गौशाला में गौ संरक्षण समिति की सभापति श्रीमती नंदनी तिवारी, डॉ. विवेक मिश्रा, डॉ. एसके श्रीवास्तव, गौसेवक मैत्री सेवक मैत्री अंकित पाण्डेय, शैलेन्द्र विश्वकर्मा, घनश्याम प्रजापति एवं ग्रामीण जन उपस्थित रहे। गौशाला की गायों का गौपूजन कर उन्हें गोग्रास दिया गया तथा 95 गायों को लंपी स्किन बीमारी का टीका लगाया गया। गौशाला हिनौती में ग्राम सरपंच भारत लाल साकेत, डॉ. रत्नेश सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता शिवानंद द्विवेदी, एवीएफओ उमेश कुमार शुक्ला एवं नागरिक उपस्थित रहे। एवीएफओ उमेश कुमार शुक्ला द्वारा गौशाला प्रबंधन एवं पशुओं के रखरखाव से संबंधित जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री गौसेवा योजना अन्तर्गत निर्मित जिले की सभी गौशालाओं में पशुपालन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में गौसेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया।
एकात्म मानव दर्शन, भारतीय संस्कृति व राष्ट्रवादी विचार का पोषक है – जनार्दन मिश्रा
जन अभियान परिषद द्वारा व्याख्यानमाला का हुआ आयोजन
रीवा 30 सितंबर 2022. एकात्म मानववाद राष्ट्रीय विचार की एक सामान्य चेतना को समर्पित है। एकात्म मानववाद स्वदेशी सामाजिक आर्थिक माडल प्रस्तुत करता है। जिसमें विकास के केन्द्र में सामान्य मानव है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अपने दर्शन में पश्चिमी पूंजीवादी व्यक्तिवाद का विरोध करते हुए आधुनिक तकनीक एवं पश्चिमी विज्ञान का स्वागत किया। वह पूंजीवाद एवं समाजवाद के मध्य एक ऐसी राह के पक्षधर थे जिसमें दोनों प्रणालियों के गुण तो मौजूद हो लेकिन उनके अतिरेक एवं अलगाव जैसे अवगुण न हो। दीनदयाल जी ने अपने दर्शन में केवल मानव के शरीर एवं मन की आवश्यकताओं पर बात न करते हुए मानव के संपूर्ण विकास के लिए आत्मिक विकास की आवश्यकता पर जोर दिया। उक्त विचार सांसद जनार्दन मिश्रा ने म.प्र. जन अभियान परिषद द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जयंती सप्ताह अन्तर्गत आयोजित व्याख्यान कार्यक्रम में व्यक्त किये।
व्याख्यान कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय रीवा के कुलपति डॉ. राजकुमार आचार्य ने बताया कि एकात्म मानववाद का उद्देश्य प्रत्येक मानव को गरिमापूर्ण जीवन प्रदान करना है। अंत्योदय अर्थात समाज के निचले स्तर पर स्थित व्यक्ति के जीवन में सुधार करना है। अत: यह दर्शन न केवल भारत अपितु सभी विकासशील देशों में सदैव प्रासंगिक रहेगा। यह मानव कल्याण के समग्र विचार का समर्थन करता है। एकात्म मानववाद का दर्शन अनियंत्रित उपभोक्तावाद तथा तीव्र औद्योगिकरण का विरोध करता है क्योंकि इसका लाभ सर्वाधिक निर्धन व्यक्ति तक नहीं पहुंचता। यह सिद्धांत वर्तमान समय के सभी के लिए समावेशी विकास के संदर्भ में अत्यधिक प्रासंगिक है। एकात्म मानववाद का दर्शन लोकतंत्र, सामाजिक समानता तथा मानवाधिकारों के विचारों का भी समर्थन करता है, चूंकि सभी धर्मों और जातियों का सम्मान तथा उनकी समानता धर्मराज्य की महत्वपूर्ण विशेषताओं में से एक है।
व्याख्यान कार्यक्रम में विश्वविद्यालय अद्वैव दर्शन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. श्रीकांत मिश्रा ने कहा कि एकात्म मानववाद का लक्ष्य प्रत्येक मनुष्य को गौरवपूर्ण जीवन प्रदान करना है। इस प्रकार यह उन सिद्धांतों और नीतियों को प्रोत्साहित करता है जो श्रम, प्राकृतिक संसाधन तथा पूंजी के उपयोग को संतुलित करने में सक्षम हो। कार्यक्रम का विषय प्रवर्तन संभागीय समन्वयक जन अभियान परिषद प्रवीण पाठक द्वारा किया गया। उन्होंने बताया कि जन अभियान परिषद द्वारा प्रदेश के समस्त जिला व संभाग मुख्यालयों में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद व एकात्म मानव दर्शन पर आधारित व्याख्यान कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें पंडित दीनदयाल जी के जीवन दर्शन व कृतित्व से समाज को जोड़ा जा रहा है। कार्यक्रम को उच्च शिक्षा विभाग के अपर संचालक डॉ. पंकज श्रीवास्तव ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन विकासखण्ड समन्वयक सुषमा शुक्ला द्वारा एवं आभार प्रदर्शन अजय चतुर्वेदी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में जिले के सभी विकासखण्डों से सामाजिक कार्यकर्ता, स्वयंसेवी संगठन, जन अभियान परिषद से संबंद्व परामर्शदाता, प्रस्फुटन समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में वीडियो कान्फ्रेंसिंग 3 अक्टूबर को
रीवा 30 सितंबर 2022. श्री महाकाल लोक परियोजना के लोकार्पण कार्यक्रम के संबंध में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 3 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के कलेक्टरों(उज्जैन जिले को छोड़कर) को संबोधित करेंगे।
जनसंपर्क विभाग में कार्यरत बुद्धसेन त्रिपाठी शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हुए
रीवा 30 सितंबर 2022. संभागीय जनसंपर्क कार्यालय रीवा में भृत्य के पद पर पदस्थ रहे श्री बुद्धसेन त्रिपाठी आज अपनी शासकीय सेवा की अधिवार्षिकी पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर संयुक्त संचालक संजय सक्सेना, जनसंपर्क अधिकारी उमेश तिवारी, शिवप्रसन्न शुक्ला एवं अरूण मिश्रा ने शॉल एवं श्रीफल से श्री त्रिपाठी का सम्मान किया। उल्लेखनीय है कि श्री बुद्धसेन त्रिपाठी ने लगभग 40 वर्षों तक जनसंपर्क विभाग में अपनी सेवाएं दीं। लगन, मेहनत एवं समय के पाबंद श्री त्रिपाठी कुशलतापूर्वक कार्य करते हुए अपने शासकीय दायित्व से आज सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर राजू कोल,प्रताप सिंह अहिरवार, कामता प्रसाद नापित, मो अबरार, रामानुज वर्मा, श्रवण श्रीवास्तव, अखिलेश कुशवाहा, पिंटू कोल, रामदीन चौधरी, राजभान कोरी उपस्थित रहे।
ब्रेकर के साथ संकेतक अनिवार्य रूप से लगाएं – सांसद
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दुर्घटना रोकने के उपायों पर की गई चर्चा
रीवा 30 सितंबर 2022. कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए सांसद श्री जनार्दन मिश्र ने कहा कि अच्छी सड़कें बन जाने से वाहनों की गति बढ़ गई है। गति को नियंत्रित करने के लिए जिन स्थानों पर स्पीड ब्रेकर बनाए गए हैं वहाँ पर्याप्त संख्या में संकेतक और लाइट लगाएं। सड़क दुर्घटना के लिए जो स्थान ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित किए गए हैं वहाँ सड़कों में सुधार तथा दुर्घटना रोकने के अन्य उपाय करें।
बैठक में कलेक्टर मनोज पुष्प ने कहा कि लगातार मॉनीटरिंग करने से वाहन दुर्घटनाओं में कमी आई है। सड़कों में सुधार तथा वाहनों की जांच का कार्य लगातार किया जा रहा है। स्कूल बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा इनके ड्राइवरों के सत्यापन के संबंध में अभियान चलाया जा रहा है। बसों के अलावा स्कूली बच्चों को ले जाने वाले आटो, मैजिक तथा अन्य वाहनों का स्कूल एवं ट्रैफिक पुलिस में पंजीयन कराना अनिवार्य होगा। इसी तरह सभी प्राइवेट एंबुलेंस का भी ट्रैफिक पुलिस स्वास्थ्य विभाग में पंजीयन करना अनिवार्य होगा। यातायात प्रभारी 15 दिनों की समय-सीमा में इनका पंजीयन सुनिश्चित कराएं। कलेक्टर ने कहा कि वाहन दुर्घटना में आपात सहायता देने के लिए हाइवे के हेल्पलाइन नम्बर 1099 तथा 1033 का व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं। दुर्घटना के गोल्डन ऑवर में पीड़ितों को सहायता देने वाले चार व्यक्तियों को पुरस्कृत करने के प्रस्ताव भेजे गए हैं।
बैठक में पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन ने कहा कि स्कूल तथा कालेजों में सड़क सुरक्षा के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट के उपयोग तथा चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट के उपयोग के लिए भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। सभी सिनेमा घरों में फिल्म से पहले यातायात जागरूकता के संदेश दिखाए जाएंगे। बैठक में समिति के सचिव संभागीय प्रबंधक सड़क विकास निगम एचएनएस गौतम ने गत बैठक में लिए गए निर्णयों का पालन प्रतिवेदन तथा वाहन दुर्घटना रोकने के लिए किए गए उपायों की जानकारी दी। बैठक में बताया गया कि जिले में 7 नए ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं। बैठक में प्रकाश चौराहा से अस्पताल चौराहा तक स्थाई डिवाइडर लगाने, पशुओं को सड़कों से हटाने, ड्राइवरों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए शिविर लगाने तथा शिक्षण संस्थाओं में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव दिया गया। बैठक में कालेज चौराहा तथा सिरमौर चौराहा में पैदल चलने के लिए पाथवे के निर्माण का निर्णय लिया गया। बैठक में आयुक्त नगर निगम मृणाल मीणा, अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह, परिवहन अधिकारी मनीष त्रिपाठी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनकर, डीएसपी यातायात मनोज शर्मा, यातायात प्रभारी दिलीप तिवारी तथा समिति के सदस्यगण उपस्थित रहे।
वरिष्ठ नागरिकों का वृद्धजन दिवस पर होगा सम्मान
रीवा 30 सितंबर 2022. अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह ने बताया है कि एक अक्टूबर को विश्व वृद्धजन दिवस पर 100 या इससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया जाएगा। कलेक्ट्रेट के एनआईसी केन्द्र में आयोजित इस कार्यक्रम में वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिल्ली से मुख्य चुनाव आयुक्त तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी जुड़ेंगे। सभी एसडीएम अनुभाग स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर शतायु व्यक्तियों को सम्मानित करें। कार्यक्रम प्रात: 11.30 बजे आरंभ होगा।
क्रमांक-438-3289-तिवारी