मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह की तिथियाँ निर्धारित
17 जनवरी से आयोजित होगा कन्या विवाह

समाचार

परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण हेतु आवेदन 20 जनवरी तक आमंत्रित

विराट24 - अनुसूचित जाति कल्याण विभाग द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के छात्रों के लिए परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण प्रारंभ किया जाना है। छात्रों को बैंकिंग, रेलवे, एसएससी, बीमा एवं व्यापम की परीक्षा के लिए नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जायेगा। 
परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केन्द्र प्राचार्य ने बताया कि प्रशिक्षण हेतु आवेदन करने की संशोधित अंतिम तिथि 20 जनवरी निर्धारित की गयी है। पूर्व में आवेदन 26 दिसंबर तक आमंत्रित किये गये थे। छात्रों के प्रशिक्षण को ध्यान में रखते हुए अंतिम तिथि बढ़ा कर 20 जनवरी निर्धारित की गयी है। परीक्षा के लिये नि:शुल्क प्रशिक्षण  की जानकारी प्राचार्य प्रशिक्षण केन्द्र से प्राप्त की जा सकती है। आवेदन केन्द्र के ईमेल पीईटीसीरीवा एट द रेट जीमेल डॉट कॉम पर अथवा डाक से जमा किये जा सकेंगे। इस संबंध में विस्तृत विवरण कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है। 


मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह की तिथियाँ निर्धारित
17 जनवरी से आयोजित होगा कन्या विवाह

विराट24. कलेक्टर मनोज पुष्प द्वारा वित्तीय वर्ष 2022-23 में नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रो में मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह की तिथियां निर्धारित कर दी गयी हैं। उन्होंने निर्देश दिये हैं कि निर्धारित तिथियों में मुख्यमंत्री कन्या विवाह का आयोजन प्रारंभ करें। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अन्तर्गत सामूहिक विवाह में शामिल होकर विवाह संपन्न कराने वाली प्रत्येक पात्र कन्या, विधवा (कल्याणी), परित्यक्ता को 55 हजार रूपये प्रति कन्या के मान से राशि स्वीकृत की जायेगी। जिसमें से बधू को 11 हजार रूपये एकाउंट पेयी चेक एवं 38 हजार रूपये की सामग्री उपहार के रूप में दी जायेगी तथा सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजन के लिए 6 हजार रूपये प्रति बधू के मान से दिये जायेंगे। 
कलेक्टर ने सामूहिक विवाह आयोजन की तिथियों की जानकारी देते हुए बताया कि नगर पंचायत हनुमना एवं जनपद पंचायत हनुमना में 17 जनवरी को मुख्यमंत्री कन्या विवाह का आयोजन किया जायेगा। नगर पंचायत त्योंथर, जनपद पंचायत एवं नगर पंचायत चाकघाट में 19 जनवरी को, नगर पंचायत मऊगंज, जनपद पंचायत मऊगंज एवं नगर पंचायत डभौरा एवं जनपद पंचायत जवा में 25 जनवरी को, नगर पंचायत सिरमौर, नगर पंचायत बैकुण्ठपुर और सेमरिया में 30 जनवरी को, नगर पालिक निगम रीवा, जनपद पंचायत रीवा एवं नगर पंचायत गोविंदगढ़ में 6 फरवरी को मुख्यमंत्री कन्या विवाह आयोजित किया जायेगा। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत नईगढ़ी तथा जनपद पंचायत नईगढ़ी में 12 फरवरी को, नगर पंचायत गुढ़ तथा जनपद पंचायत रायपुर कर्चुलियान में 8 फरवरी को, नगर पंचायत मनगवां तथा जनपद पंचायत गंगेव में 10 फरवरी को सामूहिक कन्या विवाह आयोजित किया जायेगा।


विधानसभा अध्यक्ष ने शोक संतप्त परिवारों से की मुलाकात

रीवा 02 जनवरी 2023. विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम ने सोनौरी (त्योंथर) पहुंचकर जयकरण यादव के निधन पर शोक प्रकट किया तथा शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने पहरखा (नईगढ़ी) में त्रिभुवन प्रसाद मिश्रा के आवास पहुंचकर उनके दुखद निधन पर शोक संतप्त परिजनों को ढ़ाढ़स बंधाया। 

विधानसभा अध्यक्ष ने सड़क निर्माण कार्य का किया भूमिपूजन

रीवा . विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम ने ग्राम पंचायत रमपुरवा में ग्रेवल मेन रोड से प्राथमिक स्कूल तक सड़क निर्माण कार्य का समारोह पूर्वक भूमि पूजन किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, विधायक मनगवां श्री पंचूलाल प्रजापति, जनपद पंचायत गंगेव अध्यक्ष श्री विकास तिवारी, जनपद पंचायत गंगेव उपाध्यक्ष श्री प्रभाकर पटेल उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं ग्रामीणजनों को नव वर्ष की शुभकामना देते हुए कहा कि इस क्षेत्र में विकास के कार्य निरंतर किए जा रहे हैं। साल 2003 के पहले बिजली-सड़क-पानी इस क्षेत्र से गायब थी, अब यहां विकास और कल्याण के सभी कार्यों की पूर्ति की जा चुकी है। सभी जगह प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़कों का जाल बिछा हुआ है, यहां परिवर्तन का कार्य सभी को दिख रहा है। श्री गौतम ने कहा कि बाणसागर का पानी जिले भर में पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है, अब तक 2 लाख 98 हजार हेक्टेयर में किसानों के खेतों में पानी पहुंच रहा है, शेष किसानों के खेतों तक भी पानी पहुंचाने का लगातार प्रयास जारी है। माइक्रो इरिगेशन से भी पानी पहुंचाने का कार्य हो रहा है, बाणसागर का पानी खेतों के लिए अमृत समान है। सरकार का संकल्प है कि 7 लाख 88 हजार हेक्टेयर में किसानों के खेतों में पानी पहुंचा दिया जाए। सरकार ने किसान, गरीब और अंतिम छोर के व्यक्तियों के लिए लोक कल्याण के काफी कार्य किए गए तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। श्री गौतम ने कहा कि कोरोना काल का भयावह समय हम सब ने देखा है, लेकिन हमारे भारत के वैज्ञानिकों ने वैक्सीन बनाकर इतिहास रचा है, इस दौर में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपने देश में किसी को भूखा सोने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि हर विकास की धारा को रमपुरवा ग्राम तक लाने का कार्य किया जाएगा। 
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल ने नव वर्ष पर ईश्वर से सभी के लिए मंगल कामना करते हुए कहा कि यहां के सभी ग्रामीणजन संकल्प लें कि अपने ग्राम पंचायत के विकास में एकजुट होकर कार्य करेंगे। मनगवां विधायक श्री पंचूलाल प्रजापति ने अपने संबोधन में कहा कि मनगवां विधानसभा क्षेत्र के लिए विधानसभा अध्यक्ष ने हमेशा विकास के कार्य किए हैं। आज हर्ष का दिन है जब यहां अति आवश्यक सड़क का भूमि पूजन हो रहा है। इस गांव की हर आवश्यक मांगों का निदान अवश्य किया जाएगा। 
कार्यक्रम के प्रारंभ में विधानसभा अध्यक्ष श्री गौतम एवं सभी अतिथियों का आयोजक मंडल द्वारा शाल श्रीफल से सम्मान किया गया। इस दौरान विधान विधानसभा अध्यक्ष ने क्षेत्र के वयोवृद्ध ग्रामीणजनों- इंद्रमणि कारपेंटर, राम मिलन यादव, रामकुमार आदिवासी, रमई प्रजापति, चिंता यादव का शाल श्रीफल से सम्मान किया। इस अवसर पर छात्राओं द्वारा स्वागत गीत की मनोहारी प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम का संचालन संजय पटेल द्वारा किया गया। प्रिया पटेल ने स्वागत भाषण दिया। सरपंच रमपुरवा वंशगोपाल पटेल ने मांग पत्र का वाचन किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य केडी शुक्ला, शिवम तिवारी, दिलीप त्रिपाठी, राजधर पटेल, योगेंद्र पटेल, पुष्पेंद्र गौतम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


शीत ऋतु को देखते हुए प्रात: 10.30 बजे से लगेंगी प्राथमिक कक्षाएं

रीवा . कलेक्टर मनोज पुष्प ने निर्देश दिये हैं कि शीत ऋतु के प्रभाव से तापमान में आयी गिरावट, शीत लहर एवं कोहरे में न्यूनतम विजबिलटी 200 मीटर से कम होने के कारण समस्त शासकीय, अशासकीय, आईसीएसई, सीबीएसई, माध्यमिक शिक्षा मंडल एवं बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य को देखते हुए प्राथमिक विद्यालयों के संचालन का समय परिवर्तन करते हुए प्रात: 10.30 बजे से नियत किया गया है। कलेक्टर ने कहा कि प्राथमिक स्तर तक की कक्षाएं प्रात: 10.30 बजे के पूर्व संचालित नही की जायेगी। यह आदेश तत्काल प्रभावशील हो गया है। 

ईव्हीएम मशीनों की सुरक्षा के लिए स्ट्रांग रूम में सीसीटीव्ही कैमरा लगाये

विराट24. कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज पुष्प ने निर्देश दिये हैं कि त्रि-स्तरीय पंचायतों के उप निर्वाचन संपन्न कराने हेतु निर्वाचन आयोग के निर्देशोंनुसार जिला स्तरीय स्ट्रांग रूम तथा रिटर्निंग अधिकारी मुख्यालय पर बनाये गये अस्थाई स्ट्रांग रूम में रखी जाने वाली ईव्हीएम मशीनों की सुरक्षा के लिए सीसीटीव्ही कैमरा लगाये जाय। ईव्हीएम मशीनों की 24न्7 सुरक्षा की जाय।
उन्होंने कहा कि स्ट्रांग रूम में केवल एक प्रवेश प्वाइंट तथा डबल लॉक प्रणाली होनी चाहिए। ताले की एक चाभी रिटर्निंग अधिकारी के पास तथा दूसरी चाभी कोषालय अधिकारी/उप कोषालय अधिकारी की अभिरक्षा में रखी जायेगी। स्ट्रांग रूमों में अन्य प्रवेश प्वाइंट (खिड़कियों सहित) इस तरह से सील बंद किये जांय कि स्ट्रांग रूमों के भीतर कोई प्रवेश न कर पाये। स्ट्रांग रूमों के पास तथा उसके भीतर अग्निशामकों की पर्याप्त व्यवस्था रखी जाय। स्ट्रांग रूम के बाहर एक लॉकबुक मेंटेन की जाय। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्ट्रांग रूम में 4 से 6 सीसीटीव्ही कैमरे लगाये जा सकते हैं। 

सामान्य भविष्य निधि संबंधी शिकायतों के निराकरण के लिए शिविर 24 जनवरी से
शिकायतों के निराकरण के लिए पंजीयन आज 3 जनवरी को

विराट24  रीवा संभाग के अन्तर्गत सामान्य भविष्य निधि अंशदाताओं के शिकायतों के निराकरण के लिए पंजीयन आज 3 जनवरी को कलेक्ट्रेट स्थित मोहन सभागार में प्रधान महालेखाकर (लेखा एवं हकदारी) द्वितीय द्वारा गठित दल द्वारा किया जायेगा। 
कमिश्नर रीवा संभाग अनिल सुचारी ने बताया कि रीवा संभाग अन्तर्गत सभी जिलों रीवा, सतना, सीधी एवं सिंगरौली के जिला कोषालयों के सामान्य भविष्य निधि अंशदाताओं की शिकायतों के निराकरण के लिए अदालत का आयोजन 24 एवं 25 जनवरी को आयोजित किया जा रहा है। 
इस संबंध में बताया गया है कि अधिकारियों तथा कर्मचारियों की सामान्य भविष्यनिधि संबंधी शिकायतों के निराकरण के लिए पंजीयन 3 जनवरी को किया जाएगा। इसके लिए प्रधान महालेखाकार लेखा एवं हकदारी द्वारा दल गठित किया गया है। 

ज्ञानोदय आवासीय विद्यालय में छठवीं में प्रवेश हेतु 25 जनवरी तक आवेदन आमंत्रित

विराट24 -रीवा  शासकीय ज्ञानोदय आवासीय विद्यालयों इंदौर, उज्जैन, भोपाल, होशंगाबाद, ग्वालियर, मुरैना, सागर, जबलपुर, रीवा एवं शहडोल में कक्षा छठवीं में प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन एमपीटास पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन एक जनवरी से 25 जनवरी तक किए जा सकेंगे। आवेदन में संशोधन 30 जनवरी तक किया जा सकता है। प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की प्रारंभिक तिथि 6 फरवरी है तथा प्रवेश परीक्षा 19 फरवरी को प्रात: 10 बजे से दोपहर एक बजे तक सभी जिला मुख्यालयों में आयोजित की जाएगी। प्रवेश हेतु प्रत्येक विद्यार्थी कम से कम तीन विद्यालयों को प्राथमिकता का क्रम दे सकता है। प्रवेश परीक्षा में प्राप्त अंक एवं उसके द्वारा अंकित प्राथमिकता क्रम के आधार पर आवासीय विद्यालय आवंटित किए जाएंगे। 

प्रदेश में एक से 15 फरवरी तक चलेगी विकास यात्रा – मुख्यमंत्री
प्रदेश में 15 अगस्त तक होगी 1.14 लाख पदों में भर्ती – मुख्यमंत्री
उपलब्धियों तथा जनकल्याण के कार्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार करें – मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से अधिकारियों को दिया विकास के रोडमैप पर कार्य करने के निर्देश

रीवा. मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को प्रदेश के विकास के रोडमैप पर कार्य करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश ने इस वर्ष कई क्षेत्रों में शानदार उपलब्धियाँ हासिल की हैं। इन उपलब्धियों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं। हर विभाग उपलब्धियों की लघु फिल्म बनाकर उसे जन-जन तक पहुंचाए। इनवेस्टर्स मीट तथा जी-20 बैठकों में भी प्रदेश की उपलब्धियों की तस्वीर प्रस्तुत करें। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष एक फरवरी से 15 फरवरी तक प्रदेश भर में विकास यात्राएं निकाली जाएंगी। इसमें शहर और गांव दोनों शामिल होंगे। इन यात्राओं में विकास कार्यों के शिलान्यास तथा लोकार्पण होंगे। इस वर्ष 15 अगस्त तक एक लाख 14 हजार पदों पर भर्तियाँ की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह में आमजनता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। प्रत्येक जिले में तीन चुने हुए क्षेत्रों में गणतंत्र दिवस में विशेष अभियान चलाएं। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि 5 फरवरी को संत रविदास जयंती पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान में 83 लाख हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इस वर्ष 6 से 30 अप्रैल तक पुन: जनसेवा अभियान चलाया जाएगा। इसमें कुछ नई योजनाएं भी शामिल की जाएंगी। इस वर्ष हवाई जहाज से तीर्थ यात्रा, कूनो चीता प्रोजेक्ट तथा आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की उपलब्धियों के रिपोर्ट कार्ड की भी समीक्षा होगी। कमिश्नर और कलेक्टर जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, अटल प्रगति पथ निर्माण, आयुष्मान योजना, स्वसहायता समूहों को बैंक लिंकेज, संबल योजना तथा लाड़ली लक्ष्मी योजना के क्रियान्वयन की विशेष निगरानी करें। नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण करें तथा प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि माफियाओं के विरूद्ध अभियान में अच्छी सफलता मिली है। इनके कब्जे से 23 हजार एकड़ जमीन मुक्त कराई गई है। इनमें गरीबों के घर बनाए जाएंगे। सिंचाई के क्षेत्र में भी कई योजनाओं का कार्य पूरा हुआ है। 45 लाख हेक्टेयर में सिंचाई हो रही है। गरीबों के लिए 38 लाख मकान बनाए गए हैं। प्रदेश में चार लाख किलोमीटर सड़कों का निर्माण किया गया है। जो काम बेहतर हो रहा है उसे बेहतर दिखाएं भी। सरकार के तीन वर्ष 23 मार्च को पूरे होंगे। इस अवसर का उपयोग भी उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार के लिए करें। 

कार्यक्रम के आरंभ में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों-कर्मचारियों तथा प्रदेशवासियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के कैलेण्डर तथा डिजिटल डायरी का विमोचन किया। कार्यक्रम में मंत्रीगण, मुख्य सचिव, विभिन्न विभागों के प्रमुख सचिव तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। कमिश्नर कार्यालय के वीडियो कान्फ्रेंसिंग कक्ष से कमिश्नर अनिल सुचारी, एडीजीपी केपी व्यंकटेश्वर राव, कलेक्टर मनोज पुष्प, अपर कमिश्नर छोटे सिंह, डीआईजी मिथिलेश शुक्ला, पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन, संयुक्त आयुक्त निलेश परीख, उपायुक्त अशोक ओहरी, उप संचालक सतीश निगम उपस्थित रहे। 

विभाग की उपलब्धियों की विधानसभावार जानकारी दें – कलेक्टर
विभागीय उपलब्धियों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं – कलेक्टर

विराट24- कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर मनोज पुष्प ने कहा कि सभी अधिकारी विभागीय योजनाओं की प्रगति तथा उपलब्धियों की विधानसभावार जानकारी प्रस्तुत करें। विभागीय लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करें। कल्याणकारी कार्यक्रमों तथा हितग्राही मूलक योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की हर माह कम से कम 10 सफलता की कहानियाँ अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें। विभागीय उपलब्धियों का प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के साथ-साथ सोशल मीडिया में भी व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं। 
कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का तत्परता से निराकरण करें। इस माह कलेक्टर्स कान्फ्रेंस भी आयोजित की जा रही है। इसके एजेण्डा बिन्दुओं की निर्धारित प्रपत्र में जानकारी प्रस्तुत करें। समाधान ऑनलाइन के एजेण्डा बिन्दुओं में बिजली बिलों में गड़बड़ी, खाद्यान्न प्राप्त न होने तथा सीमांकन से संबंधित प्रकरण बड़ी संख्या में लंबित हैं। संबंधित अधिकारी तत्काल कार्यवाही कर प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें। सीएम हेल्पलाइन में 50 दिनों से अधिक समय से लंबित प्रकरणों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कराएं। 

बैठक में कलेक्टर ने कहा कि जल जीवन मिशन से पूर्ण नल जल योजनाओं का आगामी तीन दिवसों में शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन कराया जा रहा है। इसके लिए दल तैनात कर दिए गए हैं। कार्यपालन यंत्री पीएचई फोटोग्राफ तथा वीडियोग्राफ के साथ ग्रामवार प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। खाद्य अधिकारी सभी राशन दुकानों में खाद्यान्न का भण्डारण सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने दिसम्बर माह के आवंटित खाद्यान्न की समय पर आपूर्ति न होने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम को 5 जनवरी तक शत-प्रतिशत खाद्यान्न का उठाव कर उचित मूल्य दुकानों में आपूर्ति करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने संबल योजना में मऊगंज नईगढ़ी तथा हनुमना विकासखण्डों की कम उपलब्धि पर नाराजगी व्यक्त की। कलेक्टर ने धान उपार्जन के संबंध में निर्देश देते हुए कहा कि जिन केन्द्रों में खरीदी पूरी हो गई है उन्हें 5 जनवरी तक बंद कराएं। जिन केन्द्रों में अभी भी अधिक मात्रा में धान आ रही है उनमें कड़ी निगरानी रखें। बैठक में आयुक्त नगर निगम मृणाल मीणा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े, अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। 

जल जीवन मिशन अन्तर्गत नल-जल योजनाओं का भौतिक सत्यापन आज से

विराट24. कलेक्टर मनोज पुष्प द्वारा जिले में जल जीवन मिशन अन्तर्गत चालू नल-जल योजनाओं के भौतिक सत्यापन के लिए जनपदवार तिथियाँ निर्धारित कर दी गई हैं। जनपद जवा, त्योंथर और सिरमौर में तीन जनवरी को, हनुमना, मऊगंज तथा नईगढ़ी में चार जनवरी को एवं रीवा, रायपुर व गंगेव जनपद में पांच जनवरी को संबंधित ग्राम पंचायत के सचिव/पटवारी के साथ जनप्रतिनिधि भ्रमण कर संचालित नल-जल योजनाओं का भौतिक सत्यापन करेंगे। 


समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम आज

विराट24. मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान आज 3 जनवरी को अपरान्ह 4.30 बजे से समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से आमजन की समस्याओं का समाधान करेंगे। स्थानीय एनआईसी में संबंधित अधिकारियों को उपस्थिति के निर्देश दिये गये हैं। 


निर्वाचन नामावली का प्रकाशन 5 जनवरी को होगा
बीएलओ को मतदान केन्द्र में उपस्थिति के निर्देश

रीवा 02 जनवरी 2023. भारत निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम अनुसार 5 जनवरी को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया जायेगा। मध्यप्रदेश में पहली बार सभी बीएलओ को 5 जनवरी को अपने मतदान केन्द्र पर उपस्थित होकर चुनाव पाठशाला का आयोजन कर अपने मतदान केन्द्र की सूची का वाचन करने के निर्देश दिये गये हैं। अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि वाचन के दौरान बीएलओ द्वारा नये नाम जोड़े गये व्यक्तियों की जानकारी, निरसित व्यक्तियों की जानकारी, जिनके नाम संशोधित किए गए हैं, की जानकारी से सर्वसंबंधितों को अवगत कराया जायेगा। 

रेडक्रास सोसायटी की सामान्य सभा की बैठक 23 जनवरी को आयोजित होगी

विराट24 भारतीय रेडक्रास सोसायटी रीवा की सामान्य सभा की बैठक कलेक्टर एवं अध्यक्ष मनोज पुष्प की अध्यक्षता में 23 जनवरी को अपरान्ह 3.30 बजे से कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजि की गई है। बैठक में सदस्यों से उपस्थिति का अनुरोध किया गया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *