मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में बैठक आज

समाचार

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में बैठक आज

रीवा . मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से 2 जनवरी को शाम 4 बजे से निर्धारित एजेण्डा बिन्दुओं की समीक्षा करेंगे। बैठक में जनप्रतिनिधियों, मुख्य सचिव सहित समस्त विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव एवं विभागाध्यक्ष शामिल होंगे। बैठक में संभागीय कमिश्नर, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक तथा अन्य संबंधित अधिकारी वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होंगे। 

स्वामी विवेकानंद के जन्म-दिवस 12 जनवरी को होगा सामूहिक सूर्य नमस्कार
युवा दिवस पर पूरे प्रदेश में एक समय-एक संकेत पर एक साथ होंगे कार्यक्रम

रीवा. राज्य शासन द्वारा स्वामी विवेकानंद के जन्म-दिवस को प्रति वर्ष युवा दिवस के रूप में मनाये जाने के अनुक्रम में 12 जनवरी को प्रदेश के सभी विद्यालय, महाविद्यालयों, शिक्षा संस्थाओं, पंचायत और आश्रम-शालाओं आदि में प्रात: 9 बजे से 10.30 बजे तक सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम में राष्ट्र-गीत तथा मध्यप्रदेश गान का सामूहिक गायन होगा। इसके बाद सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम होगा। कार्यक्रम में पूर्व की भांति रेडियो से मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के रिकार्डेड संदेश का प्रसारण किया जायेगा। 

  सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम पूरे प्रदेश में एक साथ, एक समय और एक संकेत पर किया जायेगा। कार्यक्रम में किसी भी संस्था, छात्र एवं छात्रा का भाग लेना पूर्णत: स्वैच्छिक होगा। सूर्य नमस्कार में कक्षा 6वीं से 12वीं तक के तथा महाविद्यालयीन विद्यार्थी शामिल हो सकेंगे। प्राथमिक शाला में कक्षा एक से पाँच तक के बच्चे सूर्य नमस्कार में दर्शक के रूप में उपस्थित हो सकेंगे।

सूर्य नमस्कार में स्वयंसेवी संगठनों तथा आम नागरिकों की सहभागिता के लिए विशेष प्रयास किये जायेंगे। जिला स्तर पर सामूहिक सूर्य नमस्कार के लिए कलेक्टर की अध्यक्षता में समिति गठित की गयी है, जो जिला स्तर पर कार्य-योजना तैयार करेगी। अशासकीय शिक्षण संस्थाओं, पालक शिक्षक संघ, विभिन्न योग संस्थाओं, स्थानीय खेल क्लब, सेवानिवृत्त सैनिक, मॉर्निग क्लब, व्यायाम शाला, हेल्थ क्लब, पंचायत, सहकारी संस्थाओं, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर विभिन्न क्षेत्रों में पुरस्कृत प्रतिभाओं, भोज विश्वविद्यालय के दूरस्थ शिक्षा केंद्र, नगर एवं ग्राम सुरक्षा समितियों की सहभागिता को सुनिश्चित किया जायेगा। कार्यक्रम में मंत्री, सांसद, महापौर, अध्यक्ष एवं सदस्य जिला एवं जनपद पंचायत, अध्यक्ष एवं सदस्य नगर पालिका एवं नगर पंचायत और अन्य जन-प्रतिनिधियों से शामिल होने के लिए अनुरोध किये जाने का निर्देश कलेक्टर्स को दिया गया है।    

अंनतिम सूची में दावे आपत्तियां आज तक होंगी दर्ज

विराट24 महिला एवं बाल विकास विभाग की एकीकृत बाल विकास परियोजना ग्रामीण रीवा में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के रिक्त पदों की पूर्ति के लिए अंनतिम सूची पूर्व में ही जारी कर दी गयी थी। सूची के संबंध में दावे आपत्तियां उपयुक्त अभिलेखों के साथ 2 जनवरी 2023 तक दर्ज करायी जा सकती हैं। समय सीमा के बाद प्राप्त आपत्तियां पर विचार नहीं किया जायेगा। दावे आपत्तियों के निराकरण के बाद अंतिम चयन सूची जारी की जायेगी। 


अंतिम सदस्यता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी को होगा

रीवा विराट24. म.प्र. राज्य सहकारी निर्वाचन प्राधिकारी एम.बी. ओझा ने निधी महिला बहुउद्देशीय सहकारी संस्था के संचालक मंडल के निर्वाचन कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि संस्था की सदस्यता सूची 27 दिसंबर को प्रकाशित की जायेगी। प्रकाशित सदस्यता सूची पर 3 जनवरी तक आपत्ति प्राप्त की जायेगी। 4 जनवरी को आपत्तियों का निराकरण किया जायेगा तथा अंतिम सदस्यता सूची प्रकाशित की जायेगी। 5 से 7 जनवरी तक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के विनिश्चय के विरूद्ध अपीलीय अधिकारी के समक्ष अपील प्रस्तुत की जा सकेगी। 14 जनवरी तक प्राप्त अपीलो का निराकरण किया जायेगा। 17 जनवरी को राज्य सहकारी निर्वाचन प्राधिकारी द्वारा अंतिम सूची प्रकाशित की जायेगी। 


पंचायत उप निर्वाचन के लिए 5 जनवरी को होगा मतदान

विराट24 कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज पुष्प ने बताया कि त्रि-स्तरीय पंचायतराज के अन्तर्गत पंचायतों के उप निर्वाचन अन्तर्गत जिले में 6 सरपंच पदों के लिए 5 जनवरी को प्रात: 7 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक मतदान होगा। मतदान सामग्री का वितरण 4 जनवरी को किया जायेगा तथा खण्ड मुख्यालय में मतगणना कार्य 9 जनवरी को प्रात: 8 बजे से प्रारंभ होगी। 9 जनवरी को ही मतों का सारणीकरण तथा निर्वाचन परिणाम की घोषणा की जायेगी। 11 जनवरी को पूर्वान्ह 10.30 बजे से पंच पद का सारणीकरण तथा निर्वाचन परिणाम की घोषणा की जायेगी।  
उल्लेखनीय है कि सरपंच पद के लिए मतदान हेतु 14 मतदान केन्द्र बनाये गये हैं जिनमें सिरमौर जनपद के कटकी ग्राम पंचायत के लिए शा.पू.मा. भवन कटकी कमरा नं. एक एवं दो तथा शासकीय पंचायत भवन, पथरी ग्राम पंचायत  के लिए शा.पू.मा. पथरी व पंचायत भवन पथरी, गंगेव जनपद अन्तर्गत खैरा ग्राम पंचायत के लिए शा. हाई स्कूल कमरा नं. एक व दो, नईगढ़ी जनपद अन्तर्गत हकरिया के लिए शा.पू. मा. कमरा नं. एक व दो, हनुमना जनपद अन्तर्गत पिपराही ग्राम पंचायत के लिए मा.शा. कमरा नं. एक व दो तथा हाई स्कूल पिपराही एवं रीवा जनपद अन्तर्गत गढ़वा ग्राम पंचायत के लिए मतदान केन्द्र प्रा.शा. गढ़वा व पू.मा.वि. गढ़वा मतदान केन्द्र बनाये गये हैं। 


कलेक्टर आज करेंगे टीएल पत्रों की समीक्षा
रीवा विराट24 कलेक्ट्रेट सभागार में 2 जनवरी को प्रात: 11 बजे से आयोजित बैठक में कलेक्टर मनोज पुष्प टीएल पत्रों के निराकरण की समीक्षा करेंगे। बैठक में सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण समीक्षा की जायेगी। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिये हैं।

परमवीर चक्र से सम्मानित श्री योगेन्द्र यादव का विधानसभा अध्यक्ष ने किया सम्मान
विधानसभा अध्यक्ष के शासकीय आवास में योगेन्द्र यादव को किया गया सम्मानित

विराट24 सेना के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित  योगेन्द्र यादव का आज विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम ने सम्मान किया। रीवा के शासकीय आवास में आयोजित गरिमामय भव्य समारोह में श्री योगेन्द्र यादव का शाल, श्रीफल एवं सुपारी से बनी श्री गणेश प्रतिमा भेंटकर सम्मान किया गया। इस दौरान सांसद श्री जनार्दन मिश्र एवं विधायक मनगवां श्री पंचूलाल प्रजापति ने भी श्री यादव का सम्मान किया। 
नववर्ष की संध्या पर आयोजित अभिनंदन समारोह कार्यक्रम में पहुंचने पर श्री यादव का विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम ने स्वयं स्वागत किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि श्री यादव ने 19 वर्ष की आयु में देश की सीमा में दुश्मनों से लड़ते हुए अदम्य साहस का परिचय दिया था और दुश्मन सेना के छक्के छुड़ा दिये थे। उनका यह पराक्रम नौजवानों के लिए प्रेरणा का स्त्रोत बनेगा। देश की रक्षा के लिए हमारे देश के युवाओं में उत्साह है जो बाल्यकाल से ही सेना में जाकर देश की रक्षा के लिए स्वप्न देखते हैं। श्री यादव की वीरता के लिए भारतीय सेना के उत्कृष्ट सम्मान परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया था। रीवा की धरती में श्री यादव का स्वागत करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि यह धरा भी धन्य हो गयी है इस वीर सपूत के सम्मान से। इस अवसर पर श्री यादव ने कहा कि रीवा में आ कर और यहां के स्नेह से मैं अभिभूत हूं। विन्ध्यधरा महान है यहां अनेकों वीर सपूत हुये हैं जिन्हें मैं ह्दय से नमन करता हूं। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष सहित सभी जनप्रतिनिधियों एवं रीवा जिले की जनता का आभार व्यक्त किया। श्री यादव का पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष राहुल गौतम ने सुपारी से बनी श्री गणेश जी की मूर्ति भेंटकर सम्मान किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जन उपस्थित रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *