दिनभर की छोटी-बड़ी शासकीय खबरें

संभागीय जनसंपर्क कार्यालय रीवा

समाचार

विधानसभा अध्यक्ष ने किया राज्य स्तरीय शालेय कबड्डी प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ
खेलों को खेल भावना से खेलें – विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम
रीवा 20 नवम्बर 2022. स्कूल शिक्षा विभाग के संयोजकत्व में 66वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के तहत कबड्डी प्रतियोगिता का प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम ने शुभारंभ किया। इस अवसर पर सांसद श्री जनार्दन मिश्र भी उपस्थित रहे। देवतालाब स्टेडियम में बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। विधानसभा अध्यक्ष ने मशाल प्रज्जवलित कर एवं खेल ध्वज का अरोहण करते हुए विधिवत प्रतियोगिता के उद्घाटन की घोषणा की। इस अवसर पर प्रदेश के 10 संभागों से आये खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्चपास्ट की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री गिरीश गौतम ने अपने उद्बोधन में कहा कि खेलों को खेल की भावना से खेलना चाहिए। जरूरत इस बात की है कि बच्चों को उनके रूचि के अनुरूप खेल खेलने दें। खेलों से शारीरिक व मानसिक विकास होता है। श्री गौतम ने कहा कि कबड्डी का खेल हमारे देश का प्राचीनतम खेल है और कबड्डी की महारत को सभी ने स्वीकारा है। इस खेल को पुर्नजीवित करने के सभी प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देवतालाब एवं नईगढ़ी के आसपास के लोग इस खेल आयोजन का पूरा आनंद उठायेंगे और खिलाड़ियों से सीख लेकर इस अंचल की ग्रामीण प्रतिभाएें भी आगे आयेंगी। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि देवतालाब एवं नईगढ़ी के जनमानस द्वारा खिलाड़ियों को अपनी तरफ से व्यवस्थाएें व सुविधाएं देने का प्रयास किया गया है ताकि बाहर से आने वाले खिलाड़ियों को किसी तरह की परेशानी न हो और वह देवतालाब के ब्राांड एम्बेसडर बनकर जांय और देवतालाब की सुखद अनुभूति व यादें उनके मानस पटल पर अंकित रहें। श्री गौतम ने व्यवस्थित आयोजन के लिये प्रशासन एवं खेल विभाग की सराहना की।
इससे पहले जिला शिक्षा अधिकारी ने स्वागत उद्बोधन देते हुए अतिथियों सहित प्रदेश के विभिन्न संभागों से आये खिलाड़ियों व आफिसियल्स का स्वागत किया। सरस्वती जी की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्जवलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मध्यप्रदेश गान की प्रस्तुति दी। विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किये। कार्यक्रम का संचालन पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी मोहनलाल तिवारी एवं विवेक नामदेव ने किया। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा एसके त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह, एसडीएम एपी द्विवेदी, भाजपा अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह, श्री राम सिंह, श्री विद्याप्रकाश श्रीवास्तव, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष राहुल गौतम, प्राचार्य देवतालाब महाविद्यालय डॉ. एचएन गौतम, जनपद अध्यक्ष नीलम सिंह, जिला पंचायत सदस्य देवेन्द्र शुक्ला, सरपंच देवतालाब सरिता सिंह, शिवपूजन शुक्ला, सुरेन्द्र सिंह चंदेल, अखिलेश सिंह, नरेन्द्र मिश्रा, पुष्पेन्द्र गौतम, मन्नू गुप्ता, संभागीय खेल अधिकारी एमके धौलपुरी, डीपीसी संजय सक्सेना, योजना अधिकारी सुदामा गुप्ता, तहसीलदार मार्को सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी जन उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि चार दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के 10 संभागों के एक हजार से अधिक बालक एवं बालिकाएं भाग ले रहें हैं। प्रतियोगिता में देवतालाब एवं नईगढ़ी में कबड्डी के मैच आयोजित किये जा रहे हैं। सेमीफाइनल मैच 22 नवम्बर को नईगढ़ी में होंगे जबकि 23 नवम्बर को समापन एवं फाइनल मैच देवतालाब स्टेडियम में संपन्न होंगे।
देवतालाब के आतिथ्य को बाहर से आये खिलाड़ियों व आफिसियल्स ने सराहा:- विधानसभा अध्यक्ष के मार्गदर्शन में देवतालाब के जनसमुदाय द्वारा की गयी व्यवस्थाओं व सुविधाओं की प्रदेश के संभागों से आये खिलाड़ियों एवं आफिसियल्स ने मुक्तकण्ठ से सराहना की।

विधानसभा अध्यक्ष ने टटिहरा पंचायत में ग्रामीणजनों से की सौजन्य भेंट

रीवा 20 नवम्बर 2022. विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम ने देवतालाब विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत टटेहरा मिसिरगवां  के अनुसूचित जाति एवं जनजाति बस्ती में आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम में शामिल होते हुए आमजनों से सौजन्य भेंट की। इस दौरान ग्रामीणजनों ने विधानसभा अध्यक्ष का पुष्पहार से अभिनंदन किया। विधानसभा अध्यक्ष श्री गौतम के समक्ष ग्रामीण जनों ने अपनी समस्यायों के आवेदन प्रस्तुत किए। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को समाधानकारक कार्यवाही के निर्देश दिए।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा की देवतालाब विधानसभा क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछाने का कार्य लगातार किया जा रहा है। देवतलाव क्षेत्र की कोई भी सड़क बनने से छूटने नहीं पाएगी। उन्होंने कहा कि देवतालाब विधानसभा क्षेत्र में इस वर्ष 140 करोड़ रुपए की विभिन्न सड़कें बनाई जा रही है, वही क्षेत्र में 9 पुल एवं पुलिया बनाने तथा विद्युत सब स्टेशन का भी निर्माण कार्य किया जा रहा है। इस क्षेत्र में विकास के कार्य लगातार जारी है। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणजनों की मांग पर विधानसभा अध्यक्ष ने ग्राम पंचायत मिसिरगवां के अनुसूचित जाति बस्ती में मिनी आंगनबाड़ी भवन निर्माण कराने और दो मोटर पंप प्रदान कराने की बात कही। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र शुक्ला, मिसिरगवां सरपंच तुलसीदास रविदास, आसपास के गांव के पंच-सरपंच एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।

विधानसभा अध्यक्ष ने संत श्री सनकादिक महाराज से लिया आशिर्वाद

रीवा 20 नवम्बर 2022.दल सागर हनुमान मंदिर रायपुर कर्चुलियान में 26 नवंबर से 4 दिसंबर  तक आयोजित होने वाले नौ दिवसीय 108 कुंडली हवनात्मक श्रीराम महायज्ञ, रामकथा, वृंदावन की रासलीला एवं विराट संत सम्मेलन सहित विशाल भंडारा के संदर्भ में कार्यक्रम स्थल पहुंचकर विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम ने संत श्री सनकादिक महाराज जी से आयोजन के तैयारियों के संदर्भ में चर्चा की तथा संत श्री से आशिर्वाद लिया।

दिशा समिति की बैठक स्थगित

रीवा 20 नवम्बर 2022. जिला विकास समन्वय समिति (दिशा) की आज 21 नवम्बर को आयोजित होने वाली बैठक अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दी गयी है। आगामी बैठक की सूचना पृथक से दी जायेगी। 

क्रमांक-248-3829-शुक्ल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *