जिला स्तरीय मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान समिति गठित, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत पात्र कृषकों से राशि की होगी वसूली, पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के आवेदन पोर्टल में आज तक भेजें, दिव्यांग छात्रों के लिए राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर आज तक करें आवेदन, मुख्यमंत्री ने वर्चुअल किया नवीन औद्योगिक क्षेत्र घुमा कटरा का भूमि पूजन नशा मुक्ति अभियान चलेगा 2 अक्टूबर से 30 नवंबर तक अनुपस्थित कर्मचारियों को उपस्थित होने के लिए अंतिम अवसर जैसे छोटी-बड़ी दिनभर की खबरें देखें

समाचार

जिला स्तरीय मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान समिति गठित

रीवा 29 सितंबर 2022. कलेक्टर मनोज पुष्प ने जनसेवा अभियान के अन्तर्गत चिन्हित हितग्राही मूलक योजना का लाभ पात्र हितग्राहियों को प्रदान कर योजनाओं में शत-प्रतिशत सेचुरेशन लाये जाने के लिए तथा प्रभावी, सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान समिति का गठन किया है। अभियान के तहत तीन स्तरीय समिति जिला, विकासखण्ड एवं ग्राम पंचायत स्तरीय समिति का गठन किया है। 
कलेक्टर ने बताया कि जिला स्तरीय मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान समिति के अध्यक्ष प्रभारी मंत्री होंगे। इस समिति में लोक सभा क्षेत्र के सांसद, राज्यसभा क्षेत्र के सांसद, नगर पालिक निगम के महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष समस्त विधानसभा क्षेत्र के विधायक, इस समिति के सदस्य, सचिव, कलेक्टर होंगे। जबकि जिला पंचायत उपाध्यक्ष नगर पालिक निगम आयुक्त, जिला पंचायत सीईओ, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला खाद नियंत्रक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, उप संचालक सामाजिक न्याय, भू-अधीक्षक, उप संचालक कृषि उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं, एलडीएम, श्रम पदाधिकारी, उपायुक्त सहकारिता विभाग, सहायक संचालक मत्स्य विभाग, जिले स्तर पर गैर शासकीय संस्थाओं के प्रतिनिधि , जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक, लोक सेवा केन्द्र के जिला प्रबंधक एवं अन्य नामांकित जनप्रतिनिधि समिति के सदस्य होंगे। 
कलेक्टर ने बताया कि विकासखण्ड स्तरीय मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान समिति में स्थानीय विधायक समिति के अध्यक्ष होंगे। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व समिति के सदस्य, सचिव होंगे। इस समिति में जनपद अध्यक्ष, नगर परिषद अध्यक्ष, जनपद के सीईओ, मुख्य नगर परिषद अधिकारी, खण्ड चिकित्सा अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी कृषि, एलडीएम के प्रतिनिधि, खण्ड स्तरीय लोक सेवा प्रबंधक, तहसीलदार, जन अभियान परिषद के विकासखण्ड समन्वयक, अशासकीय संगठनों के प्रतिनिधि, नामांकित जनप्रतिनिधि समिति के सदस्य होंगे। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत स्तरीय मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान समिति में संबंधित सरपंच या वार्ड पार्षद समिति के अध्यक्ष होंगे। इस समिति में पंचायत सचिव, स्वच्छता निरीक्षक, उपयंत्री, जीआरएस समिति के सदस्य सचिव होंगे। सेल्समैन, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, सुपरवाईजर, हल्का का पटवारी, ग्राम के पंच, प्रबुद्धजन, प्रतिष्ठित व्यक्ति, संत, अशासकीय संगठन के प्रतिनिधि एवं स्वसहायता समूह के सदस्य एवं प्रस्फूटन समिति के प्रतिनिधि समिति के सदस्य होंगे। 

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अन्तर्गत अपात्र कृषकों से राशि की होगी वसूली

रीवा 29 सितंबर 2022. प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अन्तर्गत अपात्र किसानों से योजना के अन्तर्गत दी गयी राशि की वसूली होगी। इसके लिए राज्य स्तर पर एक खाता खोलकर अपात्र किसानों से प्राप्त राशि जमा कराकर उक्त राशि भारत सरकार को अन्तरित की जायेगी।  कलेक्टर ने बताया कि किसानों से राशि की वसूली के लिए मध्यप्रदेश भू-अभिलेख प्रबंधन समिति के नाम से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में खाता क्रमांक 40294412216 खोला गया है। उक्त बैंक खाते में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों से वसूली की राशि जमा की जायेगी। ताकि हितग्राहियों द्वारा जमा राशि का समायोजन किया जाय। 


नजूल की जिला स्तरीय समिति की आज बैठक

रीवा 29 सितंबर 2022. नजूल की जिला स्तरीय समिति की बैठक आज 30 सितंबर को अपरान्ह 4 बजे से कलेक्ट्रेट के बाणसागर सभा कक्ष में आयोजित की गयी है। उक्त बैठक में स्थाई लीज के प्रकरणों का निराकरण किया जायेगा। 
अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि जिला नजूल निवर्तन समिति के अध्यक्ष कलेक्टर हैं। समिति में उप संचालक, सहायक संचालक नगर तथा ग्राम निवेश, जिला पंजीयक मुद्रांक एवं पंजीयन आयुक्त नगर निगम, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगरीय क्षेत्र में जिला पंचायत के सीईओ उपखण्ड अधिकारी समिति के अध्यक्ष की अनुमति से आमंत्रित व्यक्ति एवं संयुक्त कलेक्टर इस समिति के सदस्य होंगे। 

जवा में रक्तदान शिविर आज

      रीवा 29 सितंबर 2022. रक्तदान अमृत महोत्सव अभियान स्वास्थ्य विभाग द्वारा 17 सितम्बर से एक अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले भर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एनएन मिश्रा ने बताया कि 30 सितम्बर को सीएचसी जवा में रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने आमजनता से शिविर में रक्तदान करने की अपील की है। 

पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के आवेदन पोर्टल में आज तक भेजें

 रीवा 29 सितंबर 2022.  पिछडावर्ग के ऐसे छात्र-छात्राएें जिन्होंने किसी कारणवश वित्तीय वर्ष 2020-21 में छात्रवृत्ति का आवेदन पोर्टल में लॉक नहीं कर पाये थे वह छात्रवृत्ति नवीनीकरण के लिए वित्तीय वर्ष 2021-22 में आवेदन फीड करने हेतु पोर्टल में लिंक दी हुई है। जिसमें आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित की गयी है। पिछड़ावर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के सहायक संचालक ने बताया कि समस्त शासकीय एवं मान्यता प्राप्त अशासकीय संस्थाएें के नोडल अधिकारी ऐसे छात्रों को जिन्होंने छात्रवृत्ति के लिए आनलाइन आवेदन नहीं भरे हो उनके 30 सितंबर तक अनिवार्य रूप से आवेदन पत्र भर दिये जाय। 

दिव्यांग छात्रों के लिए राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर आज तक करें आवेदन

 रीवा 29 सितंबर 2022. कलेक्टर मनोज पुष्प ने कहा है कि दिव्यांग छात्रों के लिए प्रीमैट्रिक, पोस्ट मैट्रिक, एवं टॉप क्लास छात्रवृत्ति योजनाओं का संचालन राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल के माध्यम से किया जायेगा रहा है। उन्होंने कहा है कि वर्ष 2022-23 में आनलाइन आवेदन के लिए प्रीमैट्रिक छात्रवृत्ति हेतु 30 सितंबर आनलाइन आवेदन करने हेतु अंतिम तिथि निर्धारित की गयी है। शैक्षणिक संस्था द्वारा 16 अक्टूबर तक आवेदन का सत्यापन किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि पोस्ट मैट्रिक एवं टॉप क्लास छात्रवृत्ति हेतु 31 अक्टूबर तक आनलाइन आवेदन किया जा सकता है। आवेदनों का सत्यापन 15 नवम्बर तक किया जा सकता है। 


मुख्यमंत्री ने वर्चुअली किया नवीन औद्योगिक क्षेत्र घूमा कटरा का भूमिपूजन
त्योंथर तहसील के घूमा में 25 हेक्टेयर क्षेत्र में लगेंगे उद्योग
रोजगार दिवस कार्यक्रम का हुआ आयोजन

रीवा 29 सितंबर 2022. रीवा जिले को आज एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई जब प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने रोजगार दिवस के अवसर पर घूमा कटरा नवीन औद्योगिक क्षेत्र का भूमिपूजन वर्चुअली किया। जिले के त्योंथर तहसील के घूमा के औद्योगिक क्षेत्र में 25 हेक्टेयर में आवंटन योग्य 111168.89 वर्गमीटर भूमि के 53 प्लांट में उद्योग लग सकेंगे। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने जिला स्तरीय पर्यटन में सिहोर जिले के बुधनी से औद्योगिक क्लस्टर एवं रोजगार दिवस आयोजन को संबोधित किया। इस दौरान एमएसएमई मंत्री श्री ओप्रकाश सखलेचा, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी उपस्थित रहे। 
जिला प्रशासन एवं एमएसएमई विभाग के संयुक्त तत्वाधान में वृंदावन गार्डेन में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित करते हुए सांसद श्री जनार्दन मिश्रा ने कहा कि घूमा कटरा का औद्योगिक क्षेत्र रीवा के औद्योगिक क्षेत्र के बराबर का औद्योगिक क्षेत्र होगा। आज का यह दिन त्योंथर तहसील के साथ जिले के लिए एक उपलब्धि है। सिंचाई सुविधाओं का लाभ मिलने तथा उद्योगों की स्थापना से रीवा को नई उड़ान मिलेगी। उन्होंने बैंकर्स से अपेक्षा की कि युवाओं को उद्योग स्थापना हेतु ऋण दें क्योंकि ऋण देने से उसका परिवार सक्षम बनता है। श्री मिश्र ने कहा कि स्वरोजगार व उद्यम व्यवसाय से जिले में बेरोजगारी समाप्त करने में सफलता मिलेगी। 
इस अवसर पूर्व मंत्री एवं रीवा विधायक श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि जिले में मजबूत अधोसंरचना बन जाने से उद्योग स्थापना का कार्य शुरू हो रहा है। रीवा औद्योगिक क्षेत्र के तौर पर आगे आएगा और यहाँ पर्यटन, कृषि के साथ उद्योग स्थापना से बेरोजगारों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने जिले के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी है। घूमा कटरा का नवीन औद्योगिक क्षेत्र रीवा का तीसरा औद्योगिक क्षेत्र होगा जहाँ सभी सुविधाओं की पूर्ति कराई जाएगी ताकि उद्यमियों को डद्योग स्थापना में आसानी हो। 
कार्यक्रम में त्योंथर विधायक श्री श्यामलाल द्विवेदी ने कहा कि त्योंथर विधानसभा के साथ ही यह उपलब्धि जिले के लिए है जब घूमा कटरा के नवीन औद्योगिक क्षेत्र का भूमिपूजन हो रहा है। उन्होंने इस सौगात के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री, संबंधित विभागीय मंत्री, प्रशासनिक अधिकारियों व विभागीय अधिकारियों को धन्यवाद दिया। श्री द्विवेदी ने कहा कि उद्यम स्थापना से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और त्योंथर क्षेत्र आर्थिक तौर पर संपन्न होगा। 
इस अवसर पर कमिश्नर रीवा संभाग श्री अनिल सुचारी ने कहा कि नवीन औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना क्षेत्र के विकास के लिए वरदान है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि धैर्य के साथ लक्ष्य लेकर कार्य करें सफलता अवश्य मिलेगी। कार्यक्रम में कलेक्टर मनोज पुष्प ने कहा कि रीवा जिले के लिए औद्योगिक एवं आर्थिक विकास का यह सही समय है। इस समय उद्यम स्थापना से रीवा का सर्वांगीण विकास होगा। उन्होंने कहा कि घूमा कटरा का औद्योगिक क्षेत्र आदर्श औद्योगिक क्षेत्र बनेगा। कलेक्टर ने आश्वस्त किया कि उद्यम स्थापना में प्रशासनिक स्तर से हर संभव मदद एवं सहयोग दिया जाएगा। कार्यक्रम को यूनियन बैंक के महाप्रबंधक मार्कण्डेय यादव एवं एसबीआई के रीजनल मैनेजर शिवकुमार ने भी संबोधित किया। युवा उद्यमी गिरीश तिवारी ने अनुभव साझाा किए। 
इससे पूर्व उद्योग विभाग के महाप्रबंधक यूबी तिवारी ने बताया कि प्रदेश स्तरीय रोजगार दिवस औद्योगिक क्लस्टर विकास सम्मेलन में रीवा जिले को घूमा कटरा के नवीन औद्योगिक क्षेत्र की सौगात मिली है। उन्होंने बताया कि गत एक माह में जिले में 1229 युवाओं को स्वरोजगार स्थापना के लिए 34 करोड़ रुपए से अधिक का ऋण दिया गया। उन्होंने बताया कि घूमा कटरा औद्योगिक क्षेत्र नेशनल हाइवे 30 से लगा हुआ है, जिसकी रीवा एवं प्रयागराज से दूरी 65 कि.मी. है। औद्योगिक क्षेत्र के मध्य में 133 केवी का पावर हाउस पूर्व से निर्मित है।औद्योगिक क्षेत्र को 1339.52 लाख रूपये से विकसित किया जायेगा, जिसमें अभी 25 इकाइयां उद्योग स्थापना हेतु तत्पर है जिसमें लगभग 29600 लाख का पूंजी नियोजन होगा एवं 4500 लोगों को सीधे रोजगार मिलेगा।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में उप संचालक रोजगार अनिल दुबे, एलडीएम संजय निगम सहित औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि, उद्यमी, युवा हितग्राही विभागीय अधिकारी व स्थानीय जन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में हितग्राहियों को ऋण लाभ के चेक प्रदान किए गए। 

मऊगंज में 2 अक्टूबर को आयोजित होगा सद्भावना शिविर

रीवा 29 सितंबर 2022. अनुसूचित जाति विकास विभाग तथा जिला प्रशासन द्वारा दो अक्टूबर को अस्पृश्यता निवारण सद्भावना शिविर का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर यह शिविर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मऊगंज में आयोजित किया जा रहा है। जिला संयोजक डीएस परिहार ने बताया कि शिविर में शासन की प्रमुख योजनाओं की जानकारी आमजनता को दी जाएगी। उन्होंने मण्डल संयोजक मऊगंज को शिविर के लिए आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं। 


नशा मुक्ति अभियान के लिए समिति गठित

रीवा 29 सितंबर 2022. रीवा जिले के शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 2 अक्टूबर से 30 नवम्बर तक नशा मुक्ति अभियान चलाया जाएगा। अभियान में समन्वय तथा निगरानी के लिए कलेक्टर मनोज पुष्प की अध्यक्षता में 19 सदस्यीय समिति गठित की गई है। जिले के सांसद, विधायकगणों, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष तथा नगर निगम के महापौर को समिति में विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। अशासकीय संस्था शहीद भगत सिंह सेवा समिति के श्री सुजीत द्विवेदी को समिति का आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। समिति में पुलिस अधीक्षक, वन मण्डलाधिकारी, आयुक्त नगर निगम, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, जिला शिक्षा अधिकारी सहित 19 अधिकारियों को समिति का सदस्य बनाया गया है। 


नशा मुक्ति अभियान चलेगा 2 अक्टूबर से 30 नवम्बर तक

रीवा 29 सितंबर 2022. रीवा जिले में शराब, गांजा, तम्बाकू तथा नशीली दवाओं का उपयोग नशे के रूप में किया जा रहा है। इनकी लत का शिकार होने के बाद व्यक्ति पारिवारिक, आर्थिक और सामाजिक समस्याओं का शिकार होता है। नशा अनेक बीमारियों का प्रमुख कारण है। समाज को नशे की बुराई से दूर रखने के लिए जिले में 2 अक्टूबर से 30 नवम्बर तक नशा मुक्ति अभियान चलाया जाएगा। 
इस संबंध में कलेक्टर मनोज पुष्प ने बताया कि अभियान के दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में नशे के विरूद्ध जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। शिक्षा विभाग द्वारा सभी शिक्षण संस्थाओं में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पुलिस विभाग द्वारा नशे के विरूद्ध अभियान चलाकर इसके अवैध कारोबार में लिप्त व्यक्तियों पर कार्यवाही की जाएगी। साथ ही ग्राम रक्षा समितियों के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश दिया जाएगा। कार्यालयों में नशा मुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी। ग्राम पंचायत की ग्राम सभा में नशामुक्ति की शपथ दिलाने के साथ गांव को नशामुक्त बनाने संबंधी प्रस्ताव पारित किया जाएगा। कलेक्टर ने आमजनता तथा सामाजिक संगठनों से नशामुक्त अभियान में सहभागी बनने तथा नशे की बुराईयों को समाज से मिटाने में सहयोग की अपील की है। 

अनुपस्थित कर्मचारी को उपस्थित होने के लिए अंतिम अवसर

रीवा 29 सितंबर 2022. आदिम जाति कल्याण विभाग के तहत संचालित अनुसूचित जाति उत्कृष्ट बालक छात्रावास रायपुर कर्चुलियान में श्री शिवेन्द्र प्रताप सिंह को चौकीदार के पद पर अनुकंपा नियुक्ति दी गई है। संस्था में उपस्थित होने के बाद श्री सिंह लगातार अनुपस्थित हैं। श्री सिंह के विरूद्ध 8 दिसम्बर 2021 तथा 2 मार्च 2022 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। श्री सिंह 5 मार्च को संस्था में उपस्थित हुए। इसके बाद 28 जून 2022 से लगातार अनुपस्थित हैं। चौकीदार शिवेन्द्र सिंह को तीन दिनों की समय सीमा में अपने कर्तव्य पर उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि तय समय सीमा में उपस्थित न होने पर श्री सिंह के विरूद्ध सेवा समाप्त करने की एक पक्षीय कार्यवाही की जाएगी। 

डेंगू एवं चिकनगुनिया से बचाव की सलाह

रीवा 29 सितम्बर 2022.वर्षाकाल में अधिक नमी तथा तापमान एवं जल भराव से मच्छर पनपते हैं। मच्छरों के कारण मलेरिया, डेंगू तथा चिकनगुनिया रोगों का प्रकोप होता है। इनसे बचाव के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एनएन मिश्रा ने आम जनता को सलाह देते हुए कहा है कि डेंगू तथा चिकनगुनिया का प्रकोप एडीज मच्छरों के काटने से होता है। यह मच्छर साफ पानी में पनपता है। इससे बचाव के लिए कूलर, गमलों, अनुपयोगी बर्तनों, पानी की टंकी तथा मटकों आदि का पानी बदलते रहें। इनमें लंबे समय तक पानी जमा न रहने दें। जहां पानी खाली करना संभव न हो वहां खाद्य तेल की कुछ बूंदे डाल दें इससे पानी में तेल की पतली परत बन जाती है तथा मच्छरों को पनपने का अवसर नहीं मिलता है। मच्छरों से बचाव के लिए पूरे बाहं के कपड़े पहनें तथा सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें। 
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा है कि किसी भी तरह का तेज बुखार आने, मांसपेशियों तथा जोड़ों में दर्द होने, सर दर्द होने एवं शरीर पर लाल चकत्ते पड़ना डेंगू के लक्षण हैं। इस तरह का लक्षण दिखाई देने पर तत्काल डॉक्टर से संपर्क कर उचित उपचार करायें। समय पर उपचार कराने से डेंगू एवं चिकनगुनिया से पूरी तरह बचाव होता है। 

अनुसूचित जाति के युवाओं को संत रविदास योजना में स्वरोजगार का अवसर

रीवा 29 सितंबर 2022. जिला अन्त्यावसायी सहकारी विकास समिति द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के लिए संत रविदास स्वरोजगार योजना लागू की गई है। इस योजना के तहत एक लाख 50 हजार रुपए से 25 लाख रुपए तक के उद्यम स्थापित किए जा सकते हैं। इस संबंध में कार्यपालन अधिकारी एमपी पाठक ने बताया कि योजना के तहत लघु उद्यमों की स्थापना के लिए एक लाख से 50 लाख रुपए तक का ऋण एवं अनुदान दिया जाता है। सेवा इकाई एवं फुटकर व्यवसाय जैसे ब्यूटी पार्लर, वाहन मरम्मत, किराना व्यवसाय आदि के लिए एक लाख रुपए से 25 लाख रुपए तक का ऋण एवं अनुदान दिया जाता है। योजना के लिए अनुसूचित जाति वर्ग के हितग्राही की आयु 18 से 40 वर्ष के मध्य हो तथा शैक्षणिक योग्यता कम से कम 12वीं पास हो। उसके परिवार की वार्षिक आय सालाना 12 लाख रुपए से अधिक नहीं होना चाहिए। योजना के आवेदन पत्र के साथ जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं समग्र आईडी प्रस्तुत करना आवश्यक होता है। योजना का लाभ बैंक के माध्यम से दिया जाएगा। प्रकरण मंजूर होने के बाद हितग्राही को 5 प्रतिशत प्रतिवर्ष की दर से ब्याज अनुदान दिया जाएगा। यह अनुदान नियमित ऋण अदा करने पर अधिकतम 7 वर्षों तक देय होगा। योजना के समस्त ऋणों की गारंटी फीस शासन द्वारा दी जाएगी। पात्र आवेदक समस्त डॉट एमपी ऑनलाइन डॉट जीओभी डॉट इन पोर्टल में ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। 

स्वसहायता समूह की सदस्यों को बनाया जाएगा ए-हेल्प पशु सखी

रीवा 29 सितंबर 2022. ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि के साथ पशुपालन प्रमुख व्यवसाय है। मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन में पंजीकृत महिला स्वसहायता समूह बड़ी संख्या में पशुपालन की गतिविधि संचालित कर रहे हैं। पशुपालन का अनुभव रखने वाली स्वसहायता समूह की महिलाओं को ए-हेल्प पशु सखी के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा। इस संबंध में उप संचालक पशुपालन डॉ राजेश मिश्रा ने बताया कि केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय तथा मछली पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय द्वारा पूरे देश में ए-हेल्प प्रशिक्षण कार्यक्रम लागू किया गया है। यह कार्यक्रम अभी प्रायोगिक तौर पर लागू किया गया है। ए-हेल्प का अर्थ है एक्रिडेटेड एजेंट फॉर हेल्थ एण्ड एक्सटेंशन ऑफ लाइवस्टॉक। ऐसे व्यक्ति जो पशुधन के स्वास्थ्य रक्षा में सहयोग करेंगे। उन्हें ए-हेल्प के तहत प्रशिक्षण दिया जाएगा। पशु सखी के रूप में स्वसहायता समूह की महिला का चिन्हांकन होने के बाद वह पशुपालन विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन में विभागीय अधिकारियों को सहयोग करेगी। उसके द्वारा पशुओं के कान की टैगिंग कराने, पशुपालन के लिए स्वरोजगार के ऋण प्रकरण तैयार करने तथा पशुओं की स्वास्थ्य रक्षा के संबंध में सहयोग दिया जाएगा। इन कार्यों में उसे निर्धारित प्रोत्साहन राशि प्राप्त होगी। 

प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए हेल्पलाइन नम्बर जारी
आवास योजना में सहायता के लिए लगाएं फोन

रीवा 29 सितंबर 2022. ग्रामीण क्षेत्र के पात्र गरीबों को पक्के आवास की सुविधा देने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना लागू है। इस योजना का क्रियान्वयन अधिक सरलता से हो सके तथा हितग्राहियों को समय पर आवश्यक सुविधाएं मिले इसके लिए जिला पंचायत में हेल्पलाइन नम्बर शुरू किया गया है। कलेक्टर मनोज पुष्प के निर्देशों के अनुसार जिला पंचायत में हेल्पलाइन नम्बर की व्यवस्था की गई है। 
इस संबंध में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के लिए टेलीफोन नम्बर 07662-252607 तथा व्हाट्सएप मोबाइल नम्बर 9893008569 को हेल्पलाइन नम्बर बनाया गया है। आवास योजना के हितग्राही इन नम्बरों में फोन करके योजना के संबंध में अपनी समस्याओं का समाधान कर सकते हैं। योजना की प्रथम किश्त प्राप्त न होने, जियो टैगिंग न करने तथा हितग्राहियों को मनरेगा से मजदूरी का भुगतान न होने पर इन नम्बरों पर सूचना देकर समस्या का समाधान कराएं। इन नम्बरों में प्राप्त समस्याओं का तत्परता से निराकरण किया जाएगा। 

वाहन की नीलामी 6 अक्टूबर को

रीवा 29 सितंबर 2022. संयुक्त आयुक्त सहकारिता कार्यालय के अनुपयोगी वाहन एमपी 02 5575 एम्बेस्डर कार की नीलामी 6 अक्टूबर को की जाएगी। इस संबंध में उपायुक्त सहकारिता अशोक शुक्ला ने बताया कि वाहन के लिए न्यूनतम 15 हजार रुपए आफसेट प्राइज समिति द्वारा निर्धारित किया गया है। नीलामी संयुक्त आयुक्त सहकारिता कार्यालय शिल्पी प्लाजा ए ब्लॉक में दोपहर 12.30 बजे खुली बोली के आधार पर की जाएगी। इस संबंध में अन्य जानकारियाँ कार्यालय से प्राप्त की जा सकती हैं। 

शांति एवं सौहार्द के साथ मनाये त्यौहार

रीवा 29 सितंबर 2022. कलेक्टर मनोज पुष्प ने शांति समिति के बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि आपसी सौहार्द, शांति एवं भाई चारे के साथ मनाये आगामी त्यौहार। उन्होंने निर्देश दिये कि त्यौहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाये रखी जाय। कलेक्टर ने दशहरा (विजयादशमी) ईद मिलदुन्नबी, दीपावली एवं गुरूनानक देव जयंती त्यौहारों को लेकर निर्देश दिये कि त्यौहारों के दौरान आयोजक मंडल के सदस्य एवं जिला पुलिस बल, यातायात व्यवस्था सुचारू रखें। 
कलेक्टर ने कहा कि नवरात्रि पर्व समाप्त होने के पश्चात दुर्गा जी के प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान घाटों में पूर्ण सफाई की जाय, सड़कों की मरम्मत एवं प्रकाश व्यवस्था की जाय। उन्होंने कहा कि इस बार दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन करहिया रोड़ पर स्थित नवनिर्मित घाट में किया जायेगा। प्रतिमा विसर्जन के दौरान कोई भी व्यक्ति घाट से नदी में नहीं जायेगा। उन्होंने दशहरा पर्व को लेकर निर्देश दिये कि एनसीसी ग्राउंड में रात्रि 11 बजे रावण का दहन किया जायेगा। इसके पूर्व किले से चल समारोह निकाला जायेगा। आयोजक मंडल का दायित्व है कि वे देखें कि चल समारोह पूरी व्यवस्था एवं अनुशासन के साथ निकाला जाय। कोई भी व्यक्ति अव्यवस्था नहीं फैलायेगा इस दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रहेगी। उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग के अधिकारी सड़कों के किनारे झूल रहे केबिल को ऊचा करवाये। उन्होंने कहा कि मिलाद उन्नबी के पर्व में चल समारोह के रास्ते की मरम्मत करायी जाय। नगर पालिक निगम साफ-सफाई की व्यवस्था करें। पर्याप्त पेयजल की आपूर्ति की जाय। विद्युत विभाग के अधिकारी अबाध विद्युत आपूर्ति करें। 
उन्होंने त्यौहारों के समय पर्याप्त पेयजल की सप्लाई करने के निर्देश नगर पालिक निगम के आयुक्त को दिये। दशहरा के दिन किला, सिटी कोतवाली, स्टेच्यू चौराहा, अस्पताल चौराहा, सिरमौर चौराहा एवं रावण दहन स्थल पर टैंकर से पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिये कि समारोह स्थलों पर चिकित्सा दल एवं आवश्यक दवाईयों की उपलब्धता हो साथ ही चिकित्सा टीम के साथ एक एम्बुलेंस नियंत्रण कक्ष में रहे। उन्होंने दुर्गा पंडाल स्थल एवं चल समारोह मार्गों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की व्यवस्था करने के निर्देश दिये। 
बैठक में पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन, नगर पालिक निगम आयुक्त मृणाल मीणा, अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनकर, एसडीएम अनुराग तिवारी एवं डिप्टी कलेक्टर संजीव पाण्डेय सहित शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *