अलग-अलग घटनाओं में 3 की मौत सड़क दुर्घटना और पानी में डूबने से गवाही जान
virat24,रीवा। अलग-अलग घटनाओं में जहां दो की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, वहीं एक मासूम की पानी में डूबने से जान चली गई। पुलिस ने सभी के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामलों की जांच कर रही है। पहली घटना मनगवां थाना क्षेत्र के अतरैला मिसिरगमा गांव की बताई जाती है। जहां विराट विश्वकर्मा पिता रामबरन विश्वकर्मा उम्र 10 वर्ष की पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
सड़क दुर्घटना में घायल अधेड़ ने तोड़ा दम
होली का त्यौहार मना कर बेटी को ससुराल छोड़ने गया पिता लौटते समय सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया। जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना सिरमौर थाना क्षेत्र के उमरी मोड़ की बताई जाती है । मिली जानकारी के अनुसार रामसुंदर मिश्रा पिता राम किशोर मिश्रा उम्र 55 वर्ष अपने घर से बेटी को छोड़ने उसके ससुराल गया था। लौटते समय उमरी के पास किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दिया।स्थानीय लोगों ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया , जहां उसकी कुछ समय बाद मौत हो गई पुलिस मर्ग कायम कर मार्ग डायरी सम्बंधित थाना को भेजी है ,पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।
सड़क दुर्घटना में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत
अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल मोटरसाइकिल सवार को उपचार के लिए सीधी जिले से संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया था, जहां गंभीर रूप से घायल युवक ने दम तोड़ दिया । मिली जानकारी के अनुसार राजेंद्र गुप्ता पिता मंगल प्रसाद गुप्ता उम्र 32 वर्ष निवासी कोटर कला थाना सिटी कोतवाली जिला सीधी 29 मार्च को सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने संजय गांधी अस्पताल रेफर कर दिया था, जिसकी बुधवार को उपचार के दौरान मौत हो गई।