: रीवा जिले में अपराधों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने ऑपरेशन क्लीन के तहत आदतन अपराधियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई शुरू की है। दो दर्जन अपराधियों की निगरानी शुरू की गई है वहीं आए दिन मारपीट करने वालों को गुंडा सूची में शामिल किया है। ये अपराधी नियमित थाने में हाजिरी लगाएंगे।
…इन दिनों जिले में लगातार गुंडागर्दी की घटनाएं सामने आ रही हैं। बाइकर्स गैंग दहशत फैलाने के साथ ही वीडियो बनाकर वायरल कर रहे हैं। इसे देखते हुए पुलिस ने आरोपियों को जेल भेजने के बाद प्रतिबंधात्मक कार्रवाई शुरू की है। 25 अपराधियों की निगरानी शुरू की गई है जो नियमित चोरी, लूट जैसी घटनाओं को अंजाम देते हैं। ये अब नियमित थाने में हाजिरी देंगे और गतिविधियों की जानकारी पुलिस को देंगे। जिस बार वे हाजिरी देने से चूक जाएंगे तो सीधे गिरफ्तार कर पुलिस जेल भेज सकती है। उन पर नियमित पुलिस नजर रखेगी ताकि अपराध न करने पाएं। साथ ही 18 अपराधियों को गुंडासूची में शामिल किया है। उन पर भी निगरानी के साथ कोई अपराध करने पर सीधे जेल भेजने का प्रावधान रहेगा। उनकी गतिविधियां संदिग्ध होने पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ऐसे अपराधियों को चिह्नित कर रही है जो लगातार अपराध में शामिल हैं। पुलिस ने बदमाशों की अवैध संपत्तियों की जानकारी जुटाकर कार्रवाई शुरू की तो लंबे समय से फरार अपराधियों ने कोर्ट में सरेंडर करना शुरू कर दिया है। घरों में चल रही दबिश से दबाव में 1 माह में 10 आरोपियों ने सरेंडर किया है जो हत्या के प्रयास, बलवा जैसे मामलों में फरार थे। अभी तक सिरदर्द बने 26 बदमाशों को कलेक्टर ने एक साल के लिए रीवा संभाग की सीमा से बाहर कर दिया है। अब जिले में लौटकर आने पर उनको गिरफ्तार कर रासुका के तहत कार्रवाई की जा रही है। कुछ दिन पूर्व गोविन्दगढ़ पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर रासुका के तहत कार्रवाई की है।